‘वो दिन नहीं भूले हैं…’, फिर आंदोलन करने जा रहे सोनम वांगचुक! पिछली बार हो गई थी जेल
लद्दाख में 24 सितंबर 2025 की हिंसा में मारे गए लोगों की याद में कैंडल मार्च निकाला गया। सोनम वांगचुक ने लद्दाख की मांगों, राज्य के दर्जे, छठी अनुसूची और जांच आयोग की रिपोर्ट पर क्या कहा? जानिए पूरा मामला।

लद्दाख में 24 सितंबर 2025 की घटना को लेकर विरोध प्रदर्शन हो रहा है। पिछले साल केंद्र शासित प्रदेश में राज्य का दर्जा और संविधान की छठी अनुसूची लागू करने की मांग को लेकर हुआ आंदोलन हिंसक हो गया था। इसमें 4-5 लोगों की मौत हो गई थी। लेह में इस घटना की बरसी से पहले कैंडल मार्च निकाला गया। सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक भी इसमें शामिल हुए और उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में इन घटनाओं को याद करने और लद्दाख की मांगों को लेकर आंदोलन को और तेज किया जाएगा। वांगचुक के मुताबिक, 24 अगस्त से 2 सितंबर तक का समय उन घटनाओं को याद करने के लिए रखा गया है, जबकि 24 सितंबर 2025 को हुई हिंसा और उसमें मारे गए लोगों को लेकर न्याय तथा जवाबदेही की मांग भी जारी है।
क्या बोले सोनम वांगचुक?
लेह में कैंडव मार्च निकालने के बाद एएनआई से बात करते हुए सोनम वांगचुक ने बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा, "यह जो पिछले साल सितंबर में खासकर 24 सितंबर को जो हुआ वह एक काला दिन था। इस दिन हमारे पांच नौजवान शहीद हुए। बहुत से लोग लोग जख्मी हुए, अपाहिज हुए अधमरे हुए। उनको याद करने के लिए... उनको इज्जत देने के लिए यह पूरा महीना मनाया जाएगा- 24 अगस्त से 24 सितंबर तक। आज यह छोटी सी एक शुरुआत थी। छोटी इसलिए भी क्योंकि अभी लद्दाख में परम पावन दलाई लामा जी हैं। इसलिए हमने कोई बड़ा प्रदर्शन नहीं करने का फैसला लिया है। एक छोटा सिंबॉलिक शुरुआत है और एक हफ्ता 10 दिन बाद जब वह यहां से पधारेंगे तो हम जोर शोर से प्रदर्शन करेंगे।"
सोनम वांगचुक ने आगे कहा, "तरह के हालात पिछले साल हुए... जहां लद्दाख अपने हकों की जो मांग पिछले 6 सालों से कर रहा है उस पर जब देरी होती रही और आनाकानी होती रही तो लोगों ने अपनी आवाज सुनाने के लिए और वह भी बहुत शांतिपूर्ण तरीके से सुनाने के लिए 10 सितंबर से अनशन किया था और अनशन के 15वें दिन जब लोग बहुत ही मुश्किल हालत में हस्पताल में पहुंचाए गए तो लोग बहुत दुखी और गुस्सा हो गए। फिर यहां पर कुछ ऐसे हालात बने या बनाए गए कि कुछ हिंसा भी हुई और इस पर तहकीकात होने की बहुत जरूरत है। इंक्वायरी कमीशन बना था। रिटायर्ड जज थे। आज एक साल हुआ है लेकिन कोई रिपोर्ट नहीं आई। लोगों में यह भरोसा उठता जा रहा है कि ये सच्चाई आगे लाने के लिए है या सच्चाई को छुपाने के लिए है।"
गौरतलब है कि जुलाई में कॉकरोच जनता पार्टी यानी सीजेपी के बैनर तले दिल्ली के जंतर-मंतर पर बड़ा छात्र आंदोलन हुआ था। इस दौरान सोनम वांगचुक ने भूख हड़ताल रखी थी। अंत में केंद्र सरकार को उनकी मांगे माननी पड़ी थीं और पूर्व केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को इस्तीफा देना पड़ा था।
आखिर 24 सितंबर 2025 को लद्दाख में हुआ क्या था?
लद्दाख के राजनीतिक आंदोलन की मौजूदा कहानी वर्ष 2019 से जुड़ी है। जम्मू-कश्मीर पुनर्गठन कानून के बाद जम्मू-कश्मीर से अलग करके लद्दाख को एक अलग केंद्र शासित प्रदेश बनाया गया। जम्मू-कश्मीर को विधानसभा मिली, लेकिन लद्दाख को विधानसभा नहीं मिली। इसके बाद लद्दाख में यह चिंता बढ़ी कि स्थानीय लोगों के पास जमीन, रोजगार, प्राकृतिक संसाधनों और अपनी सांस्कृतिक पहचान की पर्याप्त संवैधानिक सुरक्षा नहीं है।
इसी बैकग्राउंड में पिछले कई वर्षों से लद्दाख में चार प्रमुख मांगें उठती रही हैं- लद्दाख को पूर्ण राज्य का दर्जा, संविधान की छठी अनुसूची में शामिल करना, लेह और कारगिल के लिए अलग लोकसभा प्रतिनिधित्व तथा स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और अन्य संवैधानिक सुरक्षा। इन मांगों को लेकर Leh Apex Body (LAB) और Kargil Democratic Alliance (KDA) केंद्र सरकार के साथ बातचीत करते रहे हैं।
सोनम वांगचुक ने भूख हड़ताल क्यों शुरू की थी?
सितंबर 2025 में बातचीत में अपेक्षित प्रगति नहीं होने से नाराजगी बढ़ रही थी। इसी बीच सोनम वांगचुक ने 10 सितंबर को भूख हड़ताल शुरू की। वांगचुक का कहना था कि लद्दाख की मांगों पर वर्षों से बातचीत चल रही है, लेकिन निर्णायक समाधान सामने नहीं आया। 24 सितंबर को उनकी भूख हड़ताल का 15वां दिन था।
स्थिति तब और तनावपूर्ण हो गई जब आंदोलन में शामिल दो लोगों की तबीयत बेहद खराब हो गई और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। इसके बाद लेह में लोगों का गुस्सा बढ़ा और बड़ी संख्या में युवा सड़कों पर उतर आए।
फिर आंदोलन हिंसक कैसे हो गया?
24 सितंबर को लेह में प्रदर्शन के दौरान स्थिति अचानक बिगड़ गई। प्रदर्शनकारियों की भीड़ ने सरकारी संपत्तियों और बीजेपी कार्यालय को निशाना बनाया तथा एक पुलिस वाहन में आग लगा दी। सुरक्षा बलों ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आंसू गैस और बल प्रयोग किया। इसके बाद पुलिस फायरिंग हुई।
इस हिंसा में चार लोगों की मौत की पुष्टि हुई और बड़ी संख्या में लोग घायल हुए। सरकारी पक्ष के अनुसार सुरक्षा बलों पर भी हमला किया गया था और पुलिस तथा सीआरपीएफ के 30 से ज्यादा जवान घायल हुए थे। सोनम वांगचुक ने उसी दिन अपनी भूख हड़ताल खत्म कर दी और युवाओं से हिंसा रोकने की अपील की। उन्होंने कहा था कि हिंसा से लद्दाख का मुद्दा कमजोर होगा।
सरकार और आंदोलनकारियों के दावे अलग-अलग क्यों हैं?
24 सितंबर की घटना का सबसे महत्वपूर्ण पहलू यही है। केंद्र सरकार का पक्ष रहा है कि हिंसा की शुरुआत प्रदर्शनकारियों की ओर से हुई। गृह मंत्रालय ने आरोप लगाया था कि भीड़ ने सरकारी कार्यालयों और बीजेपी कार्यालय पर हमला किया, आगजनी की और सुरक्षा बलों पर हमला किया। मंत्रालय ने पुलिस फायरिंग को आत्मरक्षा की कार्रवाई बताया था। वहीं आंदोलन से जुड़े लोगों का सवाल है कि पुलिस फायरिंग किन परिस्थितियों में हुई, क्या बल प्रयोग आवश्यक और आनुपातिक था और हिंसा तक हालात पहुंचने के पीछे वास्तविक कारण क्या थे। इसी विवाद की जांच के लिए न्यायिक जांच आयोग बनाया गया।
न्यायिक जांच आयोग में क्या हो रहा है?
केंद्र सरकार ने अक्टूबर 2025 में पूर्व सुप्रीम कोर्ट जज जस्टिस बीएस चौहान की अध्यक्षता में न्यायिक जांच आयोग गठित किया। आयोग को 24 सितंबर की घटना के पीछे की परिस्थितियों, पुलिस कार्रवाई और उससे हुई मौतों की जांच करनी है। आयोग ने 27 अक्टूबर 2025 से अपनी कार्यवाही शुरू की थी।
मार्च 2026 में लद्दाख प्रशासन ने बताया था कि आयोग ने प्रशासन से जुड़े गवाहों के बयान दर्ज किए हैं और बड़ी संख्या में हलफनामे प्राप्त हुए हैं। उस समय तक 22 प्रशासनिक गवाहों की जांच हो चुकी थी और मार्च में काम दोबारा शुरू होने के बाद 18 और प्रशासनिक गवाहों की जांच की गई थी। इसके अलावा 45 सार्वजनिक हलफनामे भी प्राप्त हुए थे।
वांगचुक और आंदोलन से जुड़े लोगों की मौजूदा मांग है कि जांच आयोग की रिपोर्ट जल्द सार्वजनिक की जाए। उनके अनुसार घटना को एक साल पूरा होने जा रहा है और रिपोर्ट में देरी से लोगों का भरोसा प्रभावित हो रहा है।
लद्दाख की असली लड़ाई क्या है?
यह सिर्फ राज्य का दर्जा पाने का सवाल नहीं है। इसके पीछे लद्दाख के भविष्य को लेकर कई बड़ी चिंताएं हैं।
1. राज्य का दर्जा
लद्दाख को केंद्र शासित प्रदेश से पूर्ण राज्य बनाने की मांग लंबे समय से उठ रही है। फिलहाल लद्दाख सीधे केंद्र के प्रशासनिक ढांचे के तहत आता है और उसके पास अपनी विधानसभा नहीं है।
2. संविधान की छठी अनुसूची
लद्दाख आंदोलन की सबसे प्रमुख मांगों में छठी अनुसूची में शामिल किया जाना भी है। छठी अनुसूची फिलहाल असम, मेघालय, त्रिपुरा और मिजोरम के कुछ आदिवासी क्षेत्रों के प्रशासन के लिए विशेष संवैधानिक व्यवस्था देती है। इसके तहत स्वायत्त जिला परिषदों को स्थानीय प्रशासन, भूमि और कुछ अन्य मामलों में विशेष अधिकार मिलते हैं।
3. रोजगार और स्थानीय अधिकार
लद्दाख में यह चिंता भी रही है कि स्थानीय युवाओं को रोजगार में पर्याप्त अवसर और क्षेत्र के संसाधनों पर स्थानीय लोगों के हितों की सुरक्षा मिले। केंद्र सरकार का कहना है कि बातचीत के दौरान कुछ महत्वपूर्ण मुद्दों पर प्रगति हुई है। गृह मंत्रालय ने सितंबर 2025 में बताया था कि लद्दाख में अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षण 45 प्रतिशत से बढ़ाकर 84 प्रतिशत किया गया, हिल काउंसिल में महिलाओं के लिए एक-तिहाई आरक्षण और भोटी तथा पुरगी भाषाओं को आधिकारिक भाषा का दर्जा देने जैसे फैसले हुए हैं।
मई 2026 की बैठक के बाद क्या हुआ?
लद्दाख के मुद्दे पर केंद्र और स्थानीय प्रतिनिधियों के बीच बातचीत फिर शुरू करने के लिए 22 मई 2026 को बैठक आयोजित की गई थी। इसमें राज्य का दर्जा और छठी अनुसूची जैसे प्रमुख मुद्दे शामिल थे।
लेकिन आंदोलन से जुड़े लोगों का कहना है कि इसके बाद बातचीत में अपेक्षित गति नहीं आई। अब सोनम वांगचुक सितंबर के पहले सप्ताह में निर्णायक बैठक की उम्मीद जता रहे हैं। उनका कहना है कि अगर ऐसा नहीं हुआ तो लद्दाख के लोग फिर अपनी आवाज बुलंद करेंगे, लेकिन आंदोलन का रास्ता शांतिपूर्ण ही रहेगा।
सोनम वांगचुक की भूमिका क्या है?
सोनम वांगचुक पिछले कई वर्षों से लद्दाख की पर्यावरणीय और राजनीतिक चिंताओं को लेकर आंदोलन करते रहे हैं। सितंबर 2025 की भूख हड़ताल के बाद वह इस आंदोलन का सबसे चर्चित चेहरा बन गए थे। 24 सितंबर की हिंसा के दो दिन बाद उन्हें राष्ट्रीय सुरक्षा कानून यानी NSA के तहत हिरासत में लिया गया था। वे कई दिनों तक जेल में रहे। केंद्र सरकार ने मार्च 2026 में उनकी हिरासत रद्द कर दी। अब उनका जोर दो बातों पर है- 24 सितंबर की घटना की निष्पक्ष जांच और लद्दाख की संवैधानिक मांगों पर निर्णायक बातचीत।

