Hindi NewsIndia Newssoftware engineer shot his banker wife went to police station with pistol and surrendered
सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने बैंकर पत्नी को मारी गोली, पिस्टल लेकर थाने पहुंचकर किया सरेंडर

सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने बैंकर पत्नी को मारी गोली, पिस्टल लेकर थाने पहुंचकर किया सरेंडर

संक्षेप:

पुलिस के मुताबिक, मंगलवार शाम करीब 6.30 बजे बालमुरुगन ने उस समय अपनी पत्नी पर गोलियां चलाईं, जब वह ऑफिस से घर लौट रही थीं। गोली लगने से भुवनेश्वरी की मौके पर ही मौत हो गई।

Dec 24, 2025 09:07 am ISTHimanshu Jha लाइव हिन्दुस्तान
share Share
Follow Us on

कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में मंगलवार शाम एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां एक 40 वर्षीय सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने अपनी अलग रह रही पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार, आरोपी वारदात को अंजाम देने के बाद खुद पिस्तौल लेकर थाने पहुंचा, अपराध कबूल किया और आत्मसमर्पण कर दिया। मृतका की पहचान भुवनेश्वरी के रूप में हुई है, जो यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की बसवेश्वरनगर शाखा में सहायक प्रबंधक के पद पर कार्यरत थीं। आरोपी पति बालमुरुगन एक आईटी कंपनी कैपजेमिनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के तौर पर काम करता है। दोनों की शादी वर्ष 2011 में हुई थी और उनके दो बच्चे हैं।

पुलिस के मुताबिक, मंगलवार शाम करीब 6.30 बजे बालमुरुगन ने उस समय अपनी पत्नी पर गोलियां चलाईं, जब वह ऑफिस से घर लौट रही थीं। गोली लगने से भुवनेश्वरी की मौके पर ही मौत हो गई। उन्हें बसवेश्वरनगर स्थित शनभाग अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वारदात के तुरंत बाद आरोपी मगड़ी रोड पुलिस स्टेशन पहुंचा, पिस्तौल सौंपते हुए अपराध स्वीकार किया और खुद को पुलिस के हवाले कर दिया।

शक और तलाक बना हत्या की वजह

पश्चिम बेंगलुरु के पुलिस उपायुक्त गिरीश एस ने बताया कि पति-पत्नी के बीच पिछले डेढ़ साल से मतभेद चल रहे थे। उन्होंने कहा, “दोनों 14 साल से शादीशुदा थे, लेकिन आपसी गलतफहमियों के चलते अलग रह रहे थे। आरोपी को शक था कि उसकी पत्नी का किसी और से संबंध है। पत्नी कानूनी अलगाव चाहती थी, लेकिन आरोपी इसके लिए तैयार नहीं था।”

पत्नी की लोकेशन छुपने से बढ़ी नाराजगी

पुलिस के अनुसार, छह महीने पहले भुवनेश्वरी का तबादला बैंक की व्हाइटफील्ड शाखा से बसवेश्वरनगर शाखा में हुआ था, जिसकी जानकारी आरोपी को नहीं थी। वह पत्नी और बच्चों को तलाशने की कोशिश करता रहा, लेकिन उन्हें खोज नहीं पाया। करीब चार महीने पहले उसे पता चला कि उसकी पत्नी केपी अग्रहार के चोलारापल्या इलाके में रह रही है। एक सप्ताह पहले भुवनेश्वरी की ओर से तलाक का नोटिस मिलने के बाद आरोपी और ज्यादा आक्रोशित हो गया। पुलिस का कहना है कि इसी गुस्से में उसने मंगलवार को पिस्तौल के साथ घात लगाकर इंतजार किया और मौका मिलते ही गोली चला दी।

आरोपी हिरासत में, जांच जारी

पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर बालमुरुगन को हिरासत में ले लिया है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि आरोपी को मजिस्ट्रेट के सामने पेश कर पुलिस रिमांड की मांग की जाएगी ताकि हत्या में इस्तेमाल हथियार, उसकी वैधता और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की गहन जांच की जा सके।

Himanshu Jha

लेखक के बारे में

Himanshu Jha

बिहार के दरभंगा जिले से ताल्लुक रखने वाले हिमांशु शेखर झा डिजिटल मीडिया जगत का एक जाना-माना नाम हैं। विज्ञान पृष्ठभूमि से होने के बावजूद (BCA और MCA), पत्रकारिता के प्रति अपने जुनून के कारण उन्होंने IGNOU से पत्रकारिता में डिप्लोमा किया और मीडिया को ही अपना कर्मक्षेत्र चुना।


एक दशक से भी अधिक समय का अनुभव रखने वाले हिमांशु ने देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों जैसे दैनिक भास्कर, न्यूज़-18 और ज़ी न्यूज़ में अपनी सेवाएं दी हैं। वर्तमान में, वे वर्ष 2019 से लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े हुए हैं।


हिमांशु की पहचान विशेष रूप से राजनीति के विश्लेषक के तौर पर होती है। उन्हें बिहार की क्षेत्रीय राजनीति के साथ-साथ राष्ट्रीय राजनीति की गहरी और बारीक समझ है। एक पत्रकार के रूप में उन्होंने 2014, 2019 और 2024 के लोकसभा चुनावों और कई विधानसभा चुनावों को बेहद करीब से कवर किया है, जो उनके वृहद अनुभव और राजनीतिक दृष्टि को दर्शाता है।


काम के इतर, हिमांशु को सिनेमा का विशेष शौक है। वे विशेष रूप से सियासी और क्राइम बेस्ड वेब सीरीज़ देखना पसंद करते हैं, जो कहीं न कहीं समाज और सत्ता के समीकरणों को समझने की उनकी जिज्ञासा को भी प्रदर्शित करता है।

और पढ़ें
इंडिया न्यूज़ , विधानसभा चुनाव और आज का मौसम से जुड़ी ताजा खबरें हिंदी में | लेटेस्ट Hindi News, बॉलीवुड न्यूज , बिजनेस न्यूज , क्रिकेट न्यूज पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।