स्मृति ईरानी ने भरा था कौन सा फॉर्म कि भड़क गए पिता, आधी रात फोन आने के बाद कर दी पिटाई
स्मृति ईरानी ने एक पॉडकास्ट इंटरव्यू में अपनी मिस इंडिया जर्नी को याद किया है। उन्होंने बताया कि जब उन्होंने इसका फॉर्म भरा और उनके पिता को इसके बारे में पता चला तो उन्होंने स्मृति की पिटाई कर दी।

भाजपा महासचिव स्मृति ईरानी मिस इंडिया प्रतियोगिता का हिस्सा रह चुकी हैं। हाल ही के एक इंटरव्यू में उन्होंने अपनी मिस इंडिया जर्नी के बारे में विस्तार से बात की और बताया कि कैसे उन्हें इसके बारे में पता चला और फिर जब आधी रात फोन आया तो भड़के पिता ने उनकी पिटाई कर दी। हालांकि, बाद में उन्हें इसकी इजाजत मिली और वह प्रतियोगिता के टॉप-10 फाइनलिस्ट में शामिल हुईं।
टाइम्स नाऊ को दिए इंटरव्यू में स्मृति ईरानी ने कहा, ''मैंने एक मीडिया संस्थान में मिस इंडिया कॉम्प्टिशन का ऐड देखा और फॉर्म भर दिया। आधी रात में फोन आया कि स्मृति मल्होत्रा (स्मृति ईरानी) से बात करनी है। मेरे पिता ने कहा कि कहां बुलाया है? मैंने जवाब दिया कि मिस इंडिया का फॉर्म भरा था। इसके बाद जो पिटाई हुई। पिता ने कहा कि तुम बेवकूफ हो, पढ़ना-लिखना नहीं आता? मीडिया ग्लैमर में तो वही जाता है जो थोड़ा लचीले हों। तुम हो ऐसी? मैंने कहा कि नहीं पापा, मुझे जाना है।''
ईरानी ने आगे कहा, ''इसके बाद उन्होंने मेरे लिए असिस्टेंट अप्वाइंट किया। मैं आज भी लिप्सिटिक नहीं लगाती, क्योंकि घर में इजाजत नहीं थी। मेरे पिता ने कहा कि बेटा तुमने मिस इंडिया में जाकर पूरी कसर निकाल ली। आजतक इजाजत नहीं दी थी और तुमने यह सब कर लिया। इसके बाद जब मैं राजनीति में गई तो उन्होंने कहा कि कोई कसर नहीं छोड़ी तुमने।''
भाजपा नेता ने आगे बताया कि मिस इंडिया का एक राउंड होने के बाद मैं अपना बैग पैक करके उसे छोड़कर आ जाती थी। इसके बाद मुझसे कहा जाता था कि आप अगले राउंड के लिए सेलेक्ट हो गई हैं, मुंबई आइए। बाद में मुझे लगा कि इस कॉम्प्टिशन के लिए पैसे चाहिए, क्योंकि ड्रेस खरीदनी होती है। मैंने अपने पिता से पैसे लिए और कहा कि मैं बाद में वापस कर दूंगी। उन्होंने कहा कि अगर वापस नहीं आए, तो जहां कहूंगा वहां शादी करनी पड़ेगी।''
जुबिन से कैसे हुई शादी, स्मृति ने बताया
स्मृति ईरानी ने पॉडकास्ट में अपनी शादी पर भी बात की और बताया कि कैसे जुबिन से उनकी शादी तय हुई। उन्होंने कहा, ''मेरी बुआ ने यहां तक कहा कि लंदन में इसकी शादी कर देते हैं, जिसको लेकर मैंने मना कर दिया था। फिर एक और ऑप्शन दिया गया और घर वालों ने सोचा कि इससे तो शादी नहीं करेगी, क्योंकि तलाक हो चुका है और बच्चे भी हैं। जुबिन ने पूछा मुझसे कि तुम्हें लाइफ में क्या करना है, मैंने कहा कि नौकरी करनी है। मैंने जब कहा कि तुम्हें क्या चाहिए, तो उन्होंने कहा कि मेरी एक बेटी है, उसका ध्यान रख लो। हम दोनों ने तुरंत हाथ मिलाया और कहा कि डन।''
मिस इंडिया के बाद टीवी इंडस्ट्री में रखा कदम
भाजपा नेता ने बताया कि उनकी और उनके पति जुबिन के बीच दस साल का गैप है और वह उनसे छोटी हैं। उन्होंने कहा कि विपक्ष ने हम लोगों के बारे में काफी गलत फैलाया, लेकिन पॉलिटिक्स में यह होता है। इस तरह हम लोगों की शादी हुई। बता दें कि स्मृति ईरानी ने साल 1998 में मिस इंडिया प्रतियोगिता का हिस्सा बनी थीं और तब उनकी उम्र महज 21 साल थी। इसके बाद, उन्होंने टीवी इंडस्ट्री में कदम रखा और लंबे समय तक बड़े पर्दे पर छाई रहीं। ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी’ में तुलसी विरानी की भूमिका ने उन्हें घर-घर में पहचान दिलाई। सीरियल को काफी टीआरपी भी मिली।


