आसमान में धुएं की चेतावनी, अगरतला-दिल्ली इंडिगो फ्लाइट डायवर्ट; लखनऊ में इमरजेंसी लैंडिंग
अगरतला से दिल्ली जा रही इंडिगो की फ्लाइट 6E6504 कार्गो होल्ड में धुएं की चेतावनी मिलने के बाद लखनऊ एयरपोर्ट की ओर डायवर्ट कर दी गई।

अगरतला से दिल्ली जा रही इंडिगो की फ्लाइट मंगलवार शाम को कार्गो होल्ड में धुएं की चेतावनी मिलने के बाद आपातकाल में लखनऊ की ओर डायवर्ट कर दी गई। एहतियात के तौर पर लखनऊ एयरपोर्ट पर फायर और मेडिकल टीमें तुरंत तैनात कर दी गईं। फ्लाइट 6E6504 शाम 6:29 बजे सुरक्षित लैंड हुई। इसमें 103 यात्री और 6 क्रू सदस्य सवार थे। अधिकारियों ने बताया कि सभी लोग सुरक्षित हैं।
जानकारी के अनुसार, फ्लाइट अगरतला से शाम करीब 4:30 बजे दिल्ली के लिए रवाना हुई थी। उड़ान के दौरान कॉकपिट में कार्गो एरिया का स्मोक वार्निंग सिग्नल सक्रिय हो गया। पायलट ने एहतियात बरतते हुए एयर ट्रैफिक कंट्रोल से संपर्क किया और नजदीकी उपयुक्त एयरपोर्ट लखनऊ में उतरने की अनुमति मांगी।
लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर सूचना मिलते ही फुल इमरजेंसी प्रोटोकॉल चालू कर दिया गया। फायर एंड रेस्क्यू, एंबुलेंस, मेडिकल टीम, सुरक्षा कर्मी और टर्मिनल सपोर्ट स्टाफ रनवे और पार्किंग बे के पास तैनात कर दिए गए।
बताया गया कि विमान शाम 6:29 बजे सुरक्षित लैंड हुआ। लैंडिंग के तुरंत बाद विमान बे पर खड़ा किया गया और यात्रियों को नीचे उतार लिया गया। एयरपोर्ट प्रशासन के अनुसार स्थिति संभल गई और कोई अप्रिय घटना नहीं हुई। अधिकारियों ने कहा कि सभी यात्रियों और क्रू सुरक्षित हैं। चिंता की कोई बात नहीं है।
मिली जानकारी के अनुसार, विमान की जांच में आग या बड़ी घटना की पुष्टि नहीं हुई। तकनीकी टीम कार्गो होल्ड और स्मोक डिटेक्टर की जांच कर रही है, ताकि अलार्म क्यों बजा, यह पता चल सके। यात्रियों को आगे दिल्ली भेजने की वैकल्पिक व्यवस्था एयरलाइन की ओर से की जा रही है।
बता दें कि लखनऊ एयरपोर्ट पर हाल के महीनों में दिल्ली जाने वाली उड़ानों में धुएं की चेतावनी के बाद कई बार एहतियाती लैंडिंग हो चुकी है। 3 सितंबर को एयर इंडिया एक्सप्रेस की वाराणसी से दिल्ली जा रही फ्लाइट IX1253 के पिछले कार्गो डिब्बे में स्मोक अलार्म बजने के बाद विमान लखनऊ उतरा था। उस विमान में करीब 155 यात्री सवार थे। सुबह 8:52 बजे लैंडिंग हुई। जांच में धुएं या आग का कोई निशान नहीं मिला। बाद में यात्रियों को दूसरे विमान से दिल्ली भेजा गया।
इससे पहले मार्च में एयर इंडिया एक्सप्रेस की बागडोगरा से दिल्ली जा रही फ्लाइट में भी धुएं की चेतावनी मिली थी। पायलट ने आपात संदेश दिया और विमान शाम करीब 5:18 बजे लखनऊ में सुरक्षित उतरा। उस उड़ान में भी सभी यात्री और क्रू सुरक्षित रहे।


