कट कर अलग होने वाले थे सिर और हाथ… विमान में किसने बचाई खून से लथपथ स्मित मच्छार की जान?
कैप्टन मच्छार का फिलहाल सऊदी अरब के तबूक में इलाज चल रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनके परिजनों से फोन पर बात की है और हरसंभव मदद का भरोसा दिया। फ्लाइट में किसने बचाई मच्छार की जान?

बीते बुधवार को फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ1073 में भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार की बहादुरी की तारीफ हर तरफ हो रही है। कॉकपिट में को-पायलट के चाकू के हमले में खून से लथपथ होने के बाद भी स्मित मच्छार ने हार नहीं मानी और किसी तरह कॉकपिट का दरवाजा खोला। स्मित विमान में सवार 174 लोगों के लिए किसी मसीहे से कम नहीं। लेकिन जब खुद स्मित मच्छार हमले में बुरी तरह घायल हो गए, तब उनके लिए भी एक फ़रिश्ता आया। इस फ़रिश्ते ने खून से सने स्मित मच्छार को जरूरी मदद दी। फिलहाल फ्लाइट के लैंड होते ही कैप्टन स्मित को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है। वे ICU में भर्ती हैं।
इससे पहले 35 हजार फीट की ऊंचाई पर जब कॉकपिट से चीख-पुकार सुनाई दी, तो किसी को अंदाजा भी नहीं था कि अंदर मौत का तांडव चल रहा है। विमान में सवार इजराइली डेंटिस्ट डॉ शोता मुसाएव ने बिना पल गंवाए कॉकपिट की तरफ दौड़ लगा दी। डॉ मुसाएव उस फ्लाइट में अकेले डॉक्टर थे। जैसे ही उन्होंने कैप्टन की हालत देखी, उन्होंने तुरंत एक्शन लिया और जान बचाने की कोशिश में जुट गए।
चीखें सुनकर मैं दौड़ा…
टाइम्स ऑफ इजराइल से बातचीत में डॉ मुसाएव ने उस खौफनाक मंजर को याद किया। चीखें सुनकर डॉ मुसाएव सहित कुछ जांबाज यात्री कॉकपिट में घुसे और हमलावर को-पायलट को दबोच लिया। हाथ-पैर बांधने के बाद भी जब वह छटपटाता रहा, तो उसे जिप-टाई और हेडफोन के तारों से और कसकर बांधा गया। इस बीच डॉ मुसाएव की नजर कॉकपिट के फर्श पर पड़े कैप्टन स्मित मच्छार पर पड़ी। उन्होंने बताया, "पायलट की हालत बेहद नाजुक थी। उनके सिर और हाथों से काफी तेजी से खून बह रहा था। उनका सिर और हाथ जैसे कटकर अलग होने की कगार पर थे। वे गहरे घावों से भरे हुए थे।"
बेहोश होने वाले थे कैप्टन
ज्यादा खून बह जाने के कारण कैप्टन मच्छार की हालत बिगड़ने लगी थी। कैप्टन का ब्लड प्रेशर अचानक गिरने लगा और वे होश खोने लगे थे। डॉ मुसाएव ने बताया, "कैप्टन पूरे समय प्रार्थना कर रहे थे और मेरे संपर्क में थे। मुझे डर लग रहा था कि कहीं हम उन्हें खो न दें।" डॉ मुसाएव ने खून बहने से रोकने की काफी कोशिश की। इसके बाद उनके ब्लड प्रेशर को स्थिर करने की कोशिश की गई, जिससे वे लैंडिंग तक सांसें थामे रख सके।
सऊदी अरब में कराई गई सुरक्षित लैंडिंग
इसके बाद विमान को सऊदी अरब के उत्तर-पश्चिमी शहर तबुक में डायवर्ट कर सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। लैंडिंग के तुरंत बाद सऊदी अरब की मेडिकल टीमों ने कैप्टन स्मित को अपनी देखरेख में लिया और अस्पताल पहुंचाया। रिपोर्ट्स के मुताबिक तबुक के अस्पताल में कैप्टन स्मित मच्छार की सफल सर्जरी हुई है। अब उनकी स्थिति खतरे से बाहर और स्थिर बताई जा रही है।
पीएम मोदी ने घरवालों से की बात
इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को कैप्टन स्मित मच्छार की पत्नी और माता-पिता से फोन पर बात की है। पायलट की पत्नी और उनके माता-पिता के साथ फोन पर बातचीत में मोदी ने यह भी कहा कि भारतीय मिशन घायल पायलट को हर संभव मदद मुहैया करा रहे हैं। सरकारी सूत्रों के मुताबिक, फोन पर बातचीत के दौरान प्रधानमंत्री ने पायलट की बहादुरी की तारीफ की, जिसकी वजह से सैकड़ों लोगों की जान बची। इससे पहले पीएम मोदी ने भारतीय पायलट की प्रशंसा करते हुए उन्हें हीरो बताया था और कहा था कि देश को उनकी बहादुरी पर गर्व है।

