सिया गोयल कोड वर्ड में चेतन चौधरी से करती थी बात, केतन मर्डर केस में नया खुलासा
पुणे के केतन मर्डर केस में नया खुलासा हुआ है। पुलिस जांच में पता चला है कि सिया गोयल अपने प्रेमी चेतन चौधरी से कोड वर्ड्स में बात करती थी। अब पुलिस दोनों को आमने-सामने बैठाकर पूछताछ करना चाहती है।

पुणे के केतन मर्डर केस में रोजाना नए-नए खुलासे हो रहे हैं। सिया गोयल और चेतन चौधरी पर आरोप है कि दोनों ने केतन की हत्या कर दी। केतन को लोहागढ़ फोर्ट से धक्का देकर 400 फीट गहरी खाई में गिरा दिया, जिससे उसकी जान चली गई। अब पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि चेतन और सिया अक्सर कोड वर्ड्स में बात करते थे। इससे पुलिस का शक और गहरा गया है। पुलिस अब दोनों को आमने-सामने बैठाकर पूछताछ करने की प्लानिंग कर रही है।
सिया और चेतन अक्सर बातचीत में कोड वर्ड यूज करते थे और निकनेम से बोलते थे। पुलिस ने सिया के दूसरे मोबाइल फोन को भी अब जब्त कर लिया है। इससे कई अन्य खुलासे होने की उम्मीद है। इस बीच, पुणे की एक कोर्ट ने शुक्रवार को सिया गोयल और चेतन चौधरी को हत्या के मामले में 14 दिन की ज्यूडिशियल कस्टडी में भेज दिया।
'कोड वर्ड में मिली चैट्स'
प्रॉसिक्यूशन ने पुलिस कस्टडी तीन दिन बढ़ाने की मांग की, जिसपर सिया और चेतन के वकील ने विरोध किया। प्रॉसिक्यूशन ने तर्क देते हुए कि सिया गोयल और चेतन चौधरी के मोबाइल फोन से मिले डेटा में इशारों और कोडेड भाषा में चैट थी। इसके मतलब को समझने के लिए उन्हें कस्टडी में लेकर पूछताछ करना जरूरी है। हालांकि, गोयल और चौधरी के वकील ने इस अर्जी का विरोध किया और कहा कि पुलिस को मामले की जांच के लिए पहले ही काफी समय दिया जा चुका है और आगे कस्टडी में पूछताछ की जरूरत नहीं है। कोर्ट ने दोनों पक्षों के काफी देर तक तर्क सुने और फिर प्रॉसिक्यूशन पक्ष की मांग खारिज कर दी। सिया और चेतन को दो हफ्तों के लिए ज्यूडिशियल कस्टडी में भेज दिया गया।
लाइ डिटेक्टर टेस्ट को सिया दे चुकी है मंजूरी
इससे पहले, गुरुवार को सिया गोयल ने पॉलीग्राफ टेस्ट यानी कि लाइ डिटेक्टर टेस्ट के लिए पुलिस को मंजूरी दे दी। इस टेस्ट के जरिए से पुलिस आरोपी के हाव भाव पढ़ने की कोशिश करती है। इसमें हार्ट बीट्स, शरीर पर आने वाले पसीने, उसके हावभाव, ब्लड प्रेशर के जरिए समझती है कि आरोपी सच बोल रहा है या नहीं। उससे घटना से जुड़े सवाल किए जाते हैं। बिना आरोपी की मंजूरी के बिना इसे नहीं किया जा सकता है। इसके अलावा, सिया और चेतन को पुलिस लोहागढ़ किले के पहाड़ी इलाके पर भी लेकर गई, जहां फिर से एक डमी के साथ घटनाक्रम को दोहराया गया, ताकि समझा जा सके कि मर्डर वाले दिन आखिर क्या हुआ था।


