सिया गोयल इंस्टाग्राम पर केतन को जताती थी प्यार, लेकिन सिर सवार था आशिक चेतन का भूत
पुणे में 17 करोड़ की शादी से पहले मंगेतर सिया गोयल ने प्रेमी चेतन संग मिलकर बिजनेसमैन के बेटे केतन अग्रवाल की लोहगढ़ किले में हत्या कर दी। इंस्टाग्राम पर प्यार का नाटक करने वाली सिया गिरफ्तार।

केतन अग्रवाल हत्याकांड के मामले कई बड़े खुलासे हो रहे हैं। जाने-माने उद्योगपति विशाल अग्रवाल के 26 वर्षीय बेटे केतन अग्रवाल की उनकी ही मंगेतर सिया गोयल ने गहरी खाई में धकेल कर हत्या कर दी। सिया ने अपने प्रेमी चेतन चौधरी के साथ मिलकर इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया। बता दें कि केतन और सिया की सगाई फरवरी 2026 में हुई थी। नवंबर 2026 में उदयपुर (राजस्थान) में उनकी शादी तय थी।
शादी के लिए बुक था 17 करोड़ का महल
परिवारों ने शादी के लिए एक शाही महल बुक किया था, जिसकी लागत करीब 17 करोड़ रुपये बताई जा रही है। मेहमानों के लिए दो चार्टर्ड प्लेन भी बुक किए गए थे। शादी में 40 कमरे, विला और रिसॉर्ट्स की व्यवस्था थी। यह एक डेस्टिनेशन वेडिंग होने वाली थी। दोनों परिवार इस शादी को लेकर बेहद खुश थे, लेकिन सिया इस शादी के खिलाफ थी और अपने प्रेमी के साथ मिलकर उसने पूरी कहानी ही पलट दी।
इंस्टाग्राम पर सच्चा प्यार, असल जिंदगी में मौत का जाल
सिया गोयल का इंस्टाग्राम अकाउंट देखने पर ऐसा लगता था जैसे वह अपने मंगेतर केतन से बेपनाह मोहब्बत करती है। वह लगातार फूल, हग्स, रोमांटिक डांस और शादी की तैयारियों से जुड़ी पोस्ट शेयर कर रही थी। सिया ने केतन के साथ केक काटते हुए एक वीडियो में लिखा था कि "आखिरकार उसके दिल को अपना घर मिल गया है।" लेकिन किसी को नहीं पता था कि यह सब एक खौफनाक मर्डर स्क्रिप्ट का हिस्सा था। हत्या को अंजाम सिया के जन्मदिन से ठीक एक दिन पहले दिया गया।
238 घंटे की बातचीत और मर्डर का सीक्रेट प्लान
सिया पुणे में एक बेकरी चलाती थी, जबकि 22 साल का उसका प्रेमी चेतन चौधरी ड्राई फ्रूट का बिजनेस करता था। पिछले साल एक बिजनेस मीटिंग में दोनों मिले और प्यार में पड़ गए। चेतन को सिया और केतन की शादी मंजूर नहीं थी। पुलिस जांच में सामने आया है कि पिछले सात महीनों में सिया और चेतन के बीच 2004 बार फोन पर बात हुई, जो करीब 238 घंटे बैठती है। इसी दौरान दोनों ने मिलकर केतन को रास्ते से हटाने की साजिश रची।
बाली ट्रिप कैंसल और सांप का झूठा नाटक
सिया ने 18 जून से पहले भी कई बार केतन को मारने की साजिश रची थी। मर्डर से कुछ दिन पहले केतन और सिया प्री-वेडिंग शूट के लिए बाली जाने वाले थे। मुंबई एयरपोर्ट पहुंचने पर पता चला कि केतन का पासपोर्ट गायब है। केतन के पिता का आरोप है कि सिया ने मोबाइल भूलने का नाटक कर कार से खुद पासपोर्ट चुराया था, ताकि ट्रिप कैंसल हो जाए।
31 मई और फिर 14 जून को भी सिया केतन को लोहगढ़ किले ले गई थी। 14 जून को उसने धक्का देने की कोशिश भी की, लेकिन केतन ने एक झाड़ी पकड़ ली और बच गया। तब खुद को बचाने के लिए सिया ने वहां सांप होने का झूठा नाटक किया और केतन को गले लगा लिया।
लोहगढ़ किले में ऐसे दिया वारदात को अंजाम
आखिरकार 18 जून को सिया फिर से बहाने से केतन को लोहगढ़ किले पर ले गई। सिया का प्रेमी चेतन उनके पीछे-पीछे चल रहा था। गर्मी के बावजूद उसने सीसीटीवी से अपनी पहचान छिपाने के लिए हुडी पहन रखी थी। जैसे ही मौका मिला, सिया और चेतन ने पीछे से केतन को गहरी खाई में धक्का दे दिया। इसके बाद सिया ने लोनावला पुलिस को गुमराह करते हुए बताया कि फोटो खिंचवाते समय तेज हवा के कारण केतन का पैर फिसल गया।
एक 'हुडी' और इंस्टाग्राम रील ने ऐसे खोला राज
हादसे के बाद सिया के चेहरे पर मंगेतर की मौत का कोई दुख नहीं था। उलटा वो सोशल मीडिया पर लगातार केतन के साथ रोमांटिक डांस, हग्स और फूलों की तस्वीरें पोस्ट कर प्यार का झूठा दिखावा कर रही थी।
पुणे ग्रामीण पुलिस एसपी संदीप सिंह गिल के मुताबिक, सीसीटीवी फुटेज में एक हुडी पहने शख्स गाड़ी का पीछा करता दिखा। एक फुटेज में सिया अचानक पीछे देखती है और हुडी वाला शख्स तुरंत नीचे बैठ जाता है।
इसी शक के आधार पर पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की तो सिया ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने सिया और चेतन (22) को गिरफ्तार कर सात दिन की कस्टडी में भेज दिया है।
बेटे की मौत पर बिलखते हुए पिता विशाल अग्रवाल ने कहा कि अगर सिया शादी नहीं करना चाहती थी, तो बस मना कर सकती थी, हम शादी रद्द कर देते। लेकिन 26 साल के बेटे की जान क्यों ले ली? ऐसी क्रूर सोच आती कहां से है?
कौन थे केतन अग्रवाल?
केतन पुणे के बड़े रियल एस्टेट 'सक्सेस ग्रुप' के डायरेक्टर और चीफ मार्केटिंग ऑफिसर (CMO) थे। उन्होंने सिम्बायोसिस यूनिवर्सिटी से बीबीए की डिग्री ली थी और सस्टेनेबिलिटी व इनोवेशन से जुड़े प्रोजेक्ट्स पर काम कर रहे थे। केतन अपने परिवार के साथ पुणे के मवाल तहसील स्थित लोढ़ा बेलमोंडो हाउसिंग सोसायटी में रहते थे।
लेखक के बारे में
Amit Kumarडिजिटल पत्रकारिता की बदलती लहरों के बीच समाचारों की तह तक जाने की ललक अमित कुमार को इस क्षेत्र में खींच लाई। समकालीन राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय राजनीति पर पैनी नजर रखने के साथ-साथ अमित को जटिल विषयों के गूढ़ विश्लेषण में गहरी रुचि है। उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के रहने वाले अमित को मीडिया जगत में एक दशक का अनुभव है। वे पिछले 4 वर्षों से लाइव हिन्दुस्तान में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
अमित न केवल समाचारों के त्वरित प्रकाशन में माहिर हैं, बल्कि वे खबरों के पीछे छिपे 'क्यों' और 'कैसे' को विस्तार से समझाने वाले एक्सप्लेनर लिखने में भी विशेष रुचि रखते हैं। डिजिटल पत्रकारिता के नए आयामों, जैसे कि कीवर्ड रिसर्च, ट्रेंड एनालिसिस और एआई-असिस्टेड कंटेंट ऑप्टिमाइजेशन को वे बखूबी समझते हैं। उनकी पत्रकारिता की नींव 'फैक्ट-चेकिंग' और सत्यापन पर टिकी है। एक मल्टीमीडिया पत्रकार के तौर पर अमित का सफर देश के प्रतिष्ठित संस्थानों के साथ रहा है। उन्होंने अमर उजाला, वन इंडिया, इंडिया टीवी और जी न्यूज जैसे बड़े मीडिया घरानों के साथ काम किया है।
अमित ने देश के प्रतिष्ठित भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC), दिल्ली से हिंदी पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा और गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से जनसंचार में मास्टर डिग्री हासिल की है। उन्होंने यूनिसेफ और ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों से हेल्थ जर्नलिज्म का सर्टिफिकेशन भी प्राप्त किया है। एआई-असिस्टेड कंटेंट ऑप्टिमाइजेशन और एडिटोरियल प्लानिंग में उनकी विशेषज्ञता उन्हें आज के आधुनिक न्यूज रूम के लिए एक अनिवार्य स्तंभ बनाती है। पेशेवर जीवन से इतर, अमित एक जुनूनी घुमक्कड़ हैं जिन्हें हार्डकोर ट्रेकिंग और फोटोग्राफी का शौक है, साथ ही वे ऐतिहासिक और वास्तविक जीवन पर आधारित सिनेमा देखने के भी शौकीन हैं।
और पढ़ें

