Hindi NewsIndia NewsSiddaramaiah says Avoid company of Sanatanis beware of RSS and Sangh Parivar
सनातनियों की संगति से बचें, RSS और संघ परिवार से सावधान रहें; सिद्धारमैया क्या बोले

सनातनियों की संगति से बचें, RSS और संघ परिवार से सावधान रहें; सिद्धारमैया क्या बोले

संक्षेप:

चीफ जस्टिस बीआर गवई की ओर जूता फेंके जाने की घटना का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, ‘एक सनातनी की ओर से प्रधान न्यायाधीश की ओर जूता फेंकना यह दर्शाता है कि समाज में अब भी सनातनी और रूढ़िवादी तत्व मौजूद हैं।'

Sun, 19 Oct 2025 08:17 AMNiteesh Kumar भाषा
share Share
Follow Us on

कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने लोगों से सनातनियों की संगति से बचने को कहा है। उन्होंने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) और संघ परिवार से सावधान रहने की भी अपील की। सिद्धारमैया ने कहा कि आरएसएस और संघ परिवार ने ऐतिहासिक रूप से डॉ. भीम राव आंबेडकर और उनकी ओर से बनाए गए संविधान का विरोध किया है। मैसूर विश्वविद्यालय के रजत जयंती समारोह का उद्घाटन करने और नए ज्ञान दर्शन भवन का लोकार्पण करने के बाद सिद्धारमैया ने कहा, ‘अपनी संगति ठीक रखें। उन लोगों से जुड़ें जो समाज के लिए खड़े हैं, न कि उन लोगों के साथ जो सामाजिक परिवर्तन का विरोध करते हैं या सनातनियों के साथ हैं।’

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।
ये भी पढ़ें:गरीब विचाराधीन कैदियों की जमानत राशि अब सरकार भरेगी, सुप्रीम कोर्ट का बड़ा फैसला

चीफ जस्टिस बीआर गवई की ओर जूता फेंके जाने की घटना का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, ‘एक सनातनी की ओर से प्रधान न्यायाधीश की ओर जूता फेंकना यह दर्शाता है कि समाज में अब भी सनातनी और रूढ़िवादी तत्व मौजूद हैं। इस कृत्य की निंदा केवल दलितों को ही नहीं, बल्कि सभी को करनी चाहिए। तभी हम कह सकते हैं कि समाज बदलाव की राह पर आगे बढ़ रहा है।’ सिद्धारमैया ने यह भी आरोप लगाया कि RSS और संघ परिवार ने आंबेडकर के संविधान का विरोध किया था और अब भी कर रहे हैं। उन्होंने लोगों से सतर्क रहने का आग्रह किया।

आंबेडर के बारे में क्या बोले सिद्धारमैया

बीआर आंबेडकर को एक दूरदर्शी व्यक्ति बताते हुए सिद्धरमैया ने कहा, ‘बाबा साहब ने समाज को समझने के लिए ज्ञान अर्जित किया और जीवन भर समाज को बदलने के लिए इसका उपयोग किया।’ भाजपा और संघ परिवार पर आंबेडकर के नाम पर झूठा प्रचार करने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा, ‘वे झूठ फैला रहे हैं कि कांग्रेस ने चुनावों में आंबेडकर को हराया। लेकिन सच्चाई वही है जो आंबेडकर ने खुद अपने हाथ से लिखा था - सावरकर और डांगे ने मुझे हराया।' संघ परिवार के झूठ को उजागर करने के लिए ऐसी सच्चाई को समाज के सामने रखा जाना चाहिए।’

'आंबेडकर कभी पैदा नहीं होंगे'

आंबेडकर स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स के बारे में सिद्धारमैया ने कहा, ‘मैंने इसकी स्थापना इसलिए की ताकि आंबेडकर पर अध्ययन करने वाले लोग उनके रास्ते पर चल सकें। आंबेडकर बेजोड़ हैं। दूसरे आंबेडकर कभी पैदा नहीं होंगे, लेकिन सभी को उनके आदर्शों का पालन करना चाहिए और उनके पदचिह्नों पर चलना चाहिए।’ राष्ट्र के प्रति आंबेडकर के योगदान की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, ‘उन्होंने विश्व के सभी संविधानों का अध्ययन किया और उन्हें आत्मसात किया। भारत को उसके समाज के लिए सर्वोत्तम संविधान दिया।’ उन्होंने कहा कि वह बुद्ध, बासव (12वीं सदी के समाज सुधारक) और आंबेडकर के विचारों में विश्वास करते हैं। इसलिए मुझे उम्मीद है कि तार्किकता और वैज्ञानिक सोच बढ़ेगी। ऐसा व्यक्ति मत बनो जो विज्ञान तो पढ़ता है लेकिन अंधविश्वास पर अमल करता है।

Niteesh Kumar

लेखक के बारे में

Niteesh Kumar
नीतीश 7 साल से अधिक समय से मीडिया इंडस्ट्री में एक्टिव हैं। जनसत्ता डिजिटल से बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर शुरुआत हुई। लाइव हिन्दुस्तान से जुड़ने से पहले टीवी9 भारतवर्ष और दैनिक भास्कर डिजिटल में भी काम कर चुके हैं। खबरें लिखने के साथ ग्राउंड रिपोर्टिंग का शौक है। लाइव हिन्दुस्तान यूट्यूब चैनल के लिए लोकसभा चुनाव 2024 की कवरेज कर चुके हैं। पत्रकारिता का पढ़ाई IIMC, दिल्ली (2016-17 बैच) से हुई। इससे पहले दिल्ली यूनिवर्सिटी के महाराजा अग्रसेन कॉलेज से ग्रैजुएशन किया। मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मऊ जिले के रहने वाले हैं। राजनीति, खेल के साथ सिनेमा में भी दिलचस्पी रखते हैं। और पढ़ें
इंडिया न्यूज़ , विधानसभा चुनाव और आज का मौसम से जुड़ी ताजा खबरें हिंदी में | लेटेस्ट Hindi News, बॉलीवुड न्यूज , बिजनेस न्यूज , क्रिकेट न्यूज पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।