सिद्धारमैया ने मुख्यमंत्री पद से दिया इस्तीफा, कर्नाटक में अब डीके शिवकुमार होंगे नए बॉस
कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने लोकभवन जाकर अपना इस्तीफा सौंपा। इससे पहले, सिद्धारमैया ने अपने आवास पर जलपान के दौरान हुई बैठक में मंत्रिमंडल के सहयोगियों को पद छोड़ने के अपने फैसले से अवगत कराया था।

कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने लोकभवन जाकर अपना इस्तीफा सौंपा। कर्नाटक के राज्यपाल के विशेष सचिव, प्रभु शंकर ने कहाकि मैंने सिद्धारमैया का मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा प्राप्त किया है। लेकिन वापस आने के बाद राज्यपाल ही इसे स्वीकार करेंगे। बताया जाता है कि राज्यपाल थावरचंद गहलोत, मध्य प्रदेश के नागदा स्थित अपने गृह नगर गए हुए हैं। इससे पहले, सिद्धारमैया ने अपने आवास पर जलपान के दौरान हुई बैठक में मंत्रिमंडल के सहयोगियों को पद छोड़ने के अपने फैसले से अवगत कराया था। कांग्रेस आलाकमान के निर्देशों के अनुसार डीके शिवकुमार उनके उत्तराधिकारी होंगे।
इस्तीफे के बाद क्या बोले सिद्धारमैया
इस्तीफा देने के बाद सिद्धारमैया ने प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित किया। उन्होंने कहाकि मैंने अपना इस्तीफा राज्यपाल के सचिव को सौंप दिया है। उन्होने कहाकि मैंने हाईकमान के निर्देशों का पालन किया है। मुझसे इस्तीफा देने के लिए कहा गया था। सिद्धा ने कहाकि मैंने हाईकमान से कहा था कि गुरुवार को इस्तीफा दूंगा। आज मैंने अपना इस्तीफा दे दिया है। राज्यपाल वापस आने के बाद इस्तीफा स्वीकार करेंगे। संविधान के प्रावधान के मुताबिक उन्हें इस्तीफा स्वीकार करना होगा।
सोनिया-राहुल का धन्यवाद
सिद्धारमैया ने इस मौके पर सोनिया गांधी, राहुल गांधी और पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को भी धन्यवाद दिया। इस दौरान उन्होंने कहाकि संविधान ही मेरे लिए धर्म है। सिद्धा ने कहाकि कांग्रेस जॉइन करने के बाद से मुझे हर स्तर पर बहुत ज्यादा सहयोग और प्यार मिला है। मैं सभी का धन्यवाद करना चाहता हूं।
दिन में घर पर की थी बैठक
सिद्धारमैया की ओर से अपने आधिकारिक आवास पर कैबिनेट सहयोगियों के लिए जलपान के दौरान आयोजित की गई बैठक के बाद पाटिल ने यह बात कही। मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) के सूत्रों के अनुसार, पार्टी आलाकमान द्वारा राज्य में नेतृत्व परिवर्तन का संकेत दिए जाने के बाद मुख्यमंत्री ने राज्यपाल थावरचंद गहलोत से मिलने का समय मांगा। हालांकि, लोक भवन सूत्रों ने कहा कि सिद्धरमैया ने अब तक राज्यपाल से मिलने के लिए समय नहीं मांगा है।
लोक भवन में इस्तीफा सौंपना भी वैध
सूत्रों के अनुसार, राज्यपाल निजी कारणों से अपने गृह नगर इंदौर गए हुए हैं। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि क्या मुख्यमंत्री लोक भवन के सचिव को इस्तीफा सौंप सकते हैं? इस पर लोक भवन के अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा कि अगर सिद्धरमैया चाहें तो ऐसा कर सकते हैं। जब उनसे पूछा गया कि क्या यह राज्यपाल को सीधे इस्तीफा सौंपने जितना ही वैध माना जाएगा, तो उन्होंने कहा, ‘हां। इसके बाद राज्यपाल के पहुंचने पर वह इसकी पुष्टि करेंगे। प्रक्रिया के तहत राज्यपाल फिर उनसे (सिद्धरमैया से) व्यक्तिगत रूप से आकर इस्तीफा सौंपने के लिए भी कह सकते हैं।’
इस खबर पर आपकी क्या राय है?
लेखक के बारे में
Deepak Mishraमूल रूप से आजमगढ़ के रहने वाले दीपक मिश्रा के लिए पत्रकारिता में आना कोई संयोग नहीं था। घर में आने वाली तमाम मैगजीन्स और अखबार पढ़ते-पढ़ते खुद अखबार में खबर लिखने तक पहुंच गए। हालांकि सफर इतना आसान भी नहीं था। इंटरमीडिएट की पढ़ाई के बाद जब घरवालों को इस इरादे की भनक लगी तो खासा विरोध भी सहना पड़ा। फिर मन में ठाना कि चलो जमीनी अनुभव लेकर देखते हैं। इसी मंशा के साथ ग्रेजुएशन की पढ़ाई के दौरान आजमगढ़ के लोकल टीवी में काम करना शुरू किया। कैमरे पर शहर की गतिविधियां रिकॉर्ड करते, न्यूज बुलेटिन लिखते और कुछेक बार उन्हें कैमरे के सामने पढ़ते-पढ़ते इरादा मजबूत हो गया कि अब तो मीडिया में ही जाना है।
आजमगढ़ के डीएवी डिग्री कॉलेज से इंग्लिश, पॉलिटिकल साइंस और हिस्ट्री विषयों में ग्रेजुएशन के बाद वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय से मास कम्यूनिकेशन में मास्टर डिग्री। इसके बाद अखबारों में नौकरी का सिलसिला शुरू हुआ आज अखबार से। फिर दैनिक जागरण के बाइलिंगुअल अखबार आई नेक्स्ट में वाराणसी में डेस्क पर नौकरी। वहां से सेंट्रल डेस्क कानपुर का सफर और फिर पत्रिका अखबार के इवनिंगर न्यूज टुडे में सेंट्रल डेस्क हेड की जिम्मेदारी। बाद में पत्रिका अखबार के लिए खेल डेस्क पर भी काम करने का मौका मिला। पत्रिका ग्रुप में काम करते हुए 2014 फीफा वर्ल्ड कप की कवरेज के लिए अवॉर्ड भी मिला।
यूपी में वापसी हुई फिर से दैनिक जागरण आई नेक्स्ट में और जिम्मेदारी मिली गोरखपुर में डेस्क हेड की। आई नेक्स्ट की दूसरी पारी में दो बार गोरखपुर एडिशन के संपादकीय प्रभारी की भी भूमिका निभाई। वहीं, कुछ अरसे तक इलाहाबाद में डेस्क हेड की जिम्मेदारी भी संभाली। दैनिक जागरण आई नेक्स्ट में काम करने के दौरान, डिजिटल फॉर्मेट के लिए वीडियो स्टोरीज करते रहे। इसमें कुंभ 2019 के लिए वीडियो स्टोरीज भी शामिल हैं। बाद में यहां पर पॉडकास्ट के दो शो किए। जिनमें से एक आईपीएल रिकॉर्ड बुक और दूसरा शहर का किस्सा रहा।
जून 2021 से लाइव हिन्दुस्तान में होम टीम का हिस्सा। इस दौरान तमाम चुनाव, राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय घटनाक्रमों की खबरें की। साथ ही क्रिकेट टीम के साथ सहभागिता निभाते हुए आईपीएल और टी-20 विश्वकप, चैंपियंस ट्रॉफी के दौरान कवरेज में सक्रिय भूमिका निभाई। कुंभ 2025 के दौरान लाइव हिन्दुस्तान के लिए वीडियो स्टोरीज कीं।
अगर रुचि की बात करें तो फिल्में देखना, किताबें पढ़ना, कुछ नई स्किल्स सीखते रहना प्रमुख हैं। मिररलेस कैमरे के साथ वीडियो शूट करना और प्रीमियर प्रो पर एडिटिंग में दक्षता। प्रिय विषयों में सिनेमा और खेल दिल के बेहद करीब हैं।


