
CM आवास पर DK शिवकुमार के साथ सिद्धारमैया ने किया नाश्ता, दिल्ली में होगा अंतिम फैसला
सूत्रों के अनुसार, हाईकमान ने पहले दोनों नेताओं को आपस में मिलकर बात करने का निर्देश दिया था। इसके बाद अंतिम निर्णय दिल्ली में लिया जाएगा। यह मुलाकात दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी के साथ होने वाली आगामी निर्णायक बातचीत से ठीक पहले हुई है।
कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने शनिवार को मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के आवास पर उनसे नाश्ते पर मुलाकात की। यह बैठक ऐसे समय में हुई है जब कांग्रेस हाईकमान ने दोनों नेताओं को राज्य में चल रहे नेतृत्व संकट को हल करने के लिए नई दिल्ली बुलाया है। इस बैठक को दोनों नेताओं के बीच तनाव कम करने और कथित सत्ता-साझेदारी समझौते पर चर्चा करने की दिशा में एक प्रारंभिक कदम माना जा रहा है, जिस पर 2023 के विधानसभा चुनावों के बाद सहमति बनी थी।
सूत्रों के अनुसार, हाईकमान ने पहले दोनों नेताओं को आपस में मिलकर बात करने का निर्देश दिया था। इसके बाद अंतिम निर्णय दिल्ली में लिया जाएगा। यह मुलाकात दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी के साथ होने वाली आगामी निर्णायक बातचीत से ठीक पहले हुई है।
इससे पहले कांग्रेस एमएलसी और मुख्यमंत्री सिद्धरमैया के बेटे यतींद्र ने शुक्रवार को कहा कि पार्टी आलाकमान ने नेतृत्व परिवर्तन पर कोई निर्देश नहीं दिया है और यह भ्रम मीडिया द्वारा पैदा किया गया है। यतींद्र सिद्धरमैया ने यह भी कहा कि कोई नहीं जानता कि ढाई साल पहले 2023 में नेतृत्व परिवर्तन के बारे में कोई वादा किया गया था या नहीं, और इसलिए इसके बारे में अटकलें लगाना ठीक नहीं है।
यतींद्र ने कहा, ‘‘सत्तारूढ़ कांग्रेस में कोई लड़ाई या खींचतान नहीं है। चूंकि, हमारे बीच कोई भ्रम नहीं है, इसलिए मुझे लगता है कि मीडिया धारणा बनाने में लगा है। कांग्रेस आलाकमान ने नेतृत्व परिवर्तन के लिए कोई निर्देश नहीं दिया है। अगर ऐसा कुछ है तो वे बुलाकर चर्चा करेंगे।’’
उन्होंने कहा कि कुछ लोग कह रहे हैं कि उपमुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार को पदोन्नत किया जाना चाहिए, लेकिन उन्होंने (शिवकुमार) कहा है कि वह पार्टी आलाकमान की बात मानेंगे। यतींद्र ने कहा कि पार्टी आलाकमान ने कहा है कि वह दोनों को बुलाकर इस मुद्दे पर चर्चा करेगा।





