सिया गोयल या चेतन, केतन अग्रवाल को किसने दिया 400 फिट गहरी खाई में धक्का?

लाइव हिन्दुस्तान
Follow us on Google News
share

केतन अग्रवाल और सिया की हाल ही में सगाई हुई थी और नवंबर में शादी तय थी। 18 जून लोहागढ़ किले में एक चट्टान से गिरकर केतन की मौत हो गई। उस समय इसे एक्सीडेंट माना गया। बाद में सिया और उसका बॉयफ्रेंड कातिल निकले।

Sia Goyal Chetan Chaudhary

पुणे में रियल एस्टेट कंपनी के निदेशक केतन विशाल अग्रवाल की मौत से पूरे देश में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने हत्या के आरोप में केतन की मंगेतर सिया गोयल और उसके बॉयफ्रेंड चेतन चौधरी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक दोनों ने हत्या की बात कबूल भी कर ली है। हालांकि एक गुत्थी अब तक सुलझ नहीं पाई है। पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल यह है कि केतन को 400 फिट गहरी खाई में किसने धक्का दिया था। फिलहाल सिया और चेतन दोनों से पूछताछ जारी है।

इससे पहले 18 जून को महाराष्ट्र के लोहगढ़ किले में ट्रेकिंग के दौरान गिरने से 24 वर्षीय केतन अग्रवाल की मौत हो गई थी। शुरुआत में सिया गोयल के बयान के आधार पर ऐक्सिडेंटल डेथ का केस दर्ज किया गया। सिया ने पुलिस को बताया था कि ट्रेकिंग के दौरान पैर फिसलने की वजह से केतन का संतुलन बिगड़ा और वह खाई में जा गिरा। हालांकि जांच में खुलासा हुआ कि सिया ने बॉयफ्रेंड चेतन संग मिलकर केतन को मार डाला।

किसने दिया था धक्का?

पुलिस मामले की तह तक पहुंचने के लिए लगातार घटनास्थल पर जांच कर रही है। बुधवार शाम पुणे ग्रामीण के एसपी संदीप सिंह गिल खुद फॉरेंसिक टीम के साथ लोहगढ़ किले की तलहटी और उस खाई के पास पहुंचे जहां केतन की लाश मिली थी। पुलिस पूरी घटना के क्रम को री-क्रिएट कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि धक्का मारते वक्त केतन के सबसे करीब कौन था।

फिलहाल दोनों आरोपी 29 जून तक पुलिस रिमांड पर हैं। दोनों पर हत्या और आपराधिक साजिश का मुकदमा दर्ज किया गया है और पूछताछ जारी है। पुलिस के अनुसार दोनों केतन को अपने रिश्ते में अड़चन मानते थे और इसलिए उन्होंने उसे रास्ते से हटाने का फैसला किया। इससे पहले जांच में खुलासा हुआ है कि केतन को मौत के घाट उतारने से पहले सिया और उसके प्रेमी चेतन ने लोहगढ़ किले की दो बार रेकी की थी ताकि मर्डर के लिए सबसे सुरक्षित जगह चुनी जा सके।

दोनों के बीच 2,004 फोन कॉल

जांच में कुछ चौंकाने वाले खुलासे भी हुए हैं। पुलिस ने बताया है कि केतन की मंगेतर सिया गोयल और उसका प्रेमी चेतन पिछले छह महीने से लगातार संपर्क में थे, दोनों ने एक-दूसरे को 2,004 बार फोन किया था और कुल 238 घंटे बातचीत की थी। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि घटना के दिन सिया और चेतन कथित तौर पर एक कैफे में मिले थे और केतन को रास्ते से हटाने की साजिश को अंतिम रूप दिया था। अधिकारी ने कहा कि इस साजिश में किले में एक ऐसी जगह की पहचान भी शामिल थी, जहां से केतन को खाई में धकेला जा सके।

पासपोर्ट गायब किया, वॉशरूम में फेंका मोबाइल

एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि सिया ने छह जून को मुंबई हवाई अड्डे जाते समय केतन का पासपोर्ट गायब करके 'प्री-वेडिंग शूट' के लिए बाली जाने की दोनों की योजना पर पानी फेर दिया था। वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक दिनेश तायडे ने पीटीआई-भाषा को बताया, “जांच के दौरान पता चला है कि खालापुर के फूड मॉल में कार से पासपोर्ट चुराने के बाद सिया ने उसे महिलाओं के वॉशरूम में फेंक दिया था। हम हत्या की जांच तो कर ही रहे हैं, साथ ही एक टीम को मॉल भी भेजा जाएगा, ताकि यह पता लगाया जा सके कि पासपोर्ट बरामद किया सकता है या नहीं।”

सिया और केतन की सगाई फरवरी में हुई थी और नवंबर में उदयपुर में एक भव्य समारोह में दोनों की शादी होनी थी। केतन अपनी मंगेतर सिया गोयल का जन्मदिन मनाने के लिए 18 जून को लोहगढ़ ट्रेकिंग पर गए थे। खबरों के मुताबिक दोनों परिवारों ने शादी के लिए राजस्थान में 17 करोड़ रुपये में एक महल बुक किया था और मेहमानों को लाने-ले जाने के लिए दो निजी विमानों की व्यवस्था भी की गई थी।

Jagriti Kumari

लेखक के बारे में

Jagriti Kumari

जागृति को छोटी उम्र से ही खबरों की दुनिया ने इतना रोमांचित किया कि पत्रकारिता को ही करियर बना लिया। 2 साल पहले लाइव हिन्दुस्तान के साथ करियर की शुरुआत हुई। उससे पहले डिग्री-डिप्लोमा सब जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में। भारतीय जन संचार संस्थान (IIMC), नई दिल्ली से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और संत जेवियर्स कॉलेज रांची से स्नातक के बाद से खबरें लिखने का सिलसिला जारी। खबरों को इस तरह से बताना जैसे कोई बेहद दिलचस्प किस्सा, जागृति की खासियत है। अंतर्राष्ट्रीय संबंध और अर्थव्यवस्था की खबरों में गहरी रुचि। लाइव हिन्दुस्तान में ऑपरेशन सिंदूर के दौरान शानदार कवरेज के लिए इंस्टा अवॉर्ड जीता और अब बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर रोजाना कुछ नया सीखने की ललक के साथ आगे बढ़ रही हैं। इसके अलावा सिनेमा को समझने की जिज्ञासा है।

और पढ़ें
Hindi News , इंडिया न्यूज़ , आज का मौसम , विधानसभा चुनाव और Sawan 2026 से जुड़ी ताज़ा खबरों व पल-पल के अपडेट के लिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े रहें। UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Vidhan Sabha Candisates से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsIndia Newsसिया गोयल या चेतन, केतन अग्रवाल को किसने दिया 400 फिट गहरी खाई में धक्का?