ना बंदूक ना गोली, मिर्च पाउडर फेंककर लूटने चला था बैंक, फिर ऐसा हुआ अंजाम

लाइव हिन्दुस्तान, नागपुर
Follow us on Google News
share

नागपुर में एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है। यहां पर एक व्यक्ति बैंक जाता है। स्टाफ के ऊपर मिर्च का पाउडर छिड़कता है। इसके बाद वह 4 लाख से ज्यादा की रकम लेकर वहां से फरार हो जाता है। इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।

Nagpur Bank CCTV Footage
नागपुर बैंक में हुई है हैरतअंगेज घटना।

नागपुर में एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है। यहां पर एक व्यक्ति बैंक जाता है। स्टाफ के ऊपर मिर्च का पाउडर छिड़कता है। इसके बाद वह 4 लाख से ज्यादा की रकम लेकर वहां से फरार हो जाता है। इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। इसमें नजर आ रहा है कि आरोपी व्यक्ति ने सफेद कुर्ता पहना हुआ है। वहीं, उसने अपना चेहरा सफेद रंग के कपड़े से ढंक रखा है। फिलहाल पुलिस ने इस मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आगे की जांच अभी जारी है।

आरोपी गिरफ्तार

जिस व्यक्ति को पुलिस ने गिरफ्तार किया है, उसकी उम्र 28 साल बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक यह घटना शाम करीब 5.30 बजे हुई है। इस वक्त बैंक अधिकारी और कर्मचारी एक एटीएम से कैश निकासी करने के बाद, बैंक की ब्रांच में आ रहे थे। इसी दौरान आरोपी किसी सामान्य व्यक्ति की तरह बैंक के अंदर पहुंच गया। पहली बार देखने पर तो किसी को समझ भी नहीं आया कि आरोपी के मन में चल क्या रहा है। दो महिला कर्मचारी आपस में बात कर रही थीं और उन्होंने उसे नजरअंदाज किया।

हाथ में प्लास्टिक का थैला

धीमे कदमों से चलता हुआ वह कैश काउंटर की तरफ पहुंचा और अचानक से मिर्च पाउडर निकाल लिया। वीडियो में नजर आ रहा है कि वह अपने साथ का प्लास्टिक का थैले जैसा कुछ लेकर आया था। इसी में उसने मिर्च पाउडर रखी थी। पहले उसने एक महिला कर्मचारी के ऊपर मिर्च पाउडर फेंका। इसके बाद वह बैंक की दूसरी तरफ गया। यहां पर भी उसने दूसरी कर्मचारी पर मिर्च फेंकी।

जब कोई उसकी तरफ बढ़ता तो वह अपने बैग से मिर्च पाउडर निकालकर उसके ऊपर फेंकता रहता। वीडियो में देखा जा रहा है कि कुछ कर्मचारी उससे बचने के लिए दराजों के पीछे छिपने की कोशिश करते भी नजर आए। वहीं, कुछ उसे बैंक के अंदरूनी हिस्से में जाने से रोकने का उपाय करते भी दिखे। इस बीच उसने मौका देखकर कैश उठा लिया। अचानक हुए इस हमले से बैंक कर्मचारियों के बीच अफरा-तफरी मच गई। अलार्म बजाने के साथ ही कर्मचारी उस संदिग्ध के पीछे भागे। वहीं, गश्त कर रहे सिपाहियों और पुलिस की टीम भी तत्काल मौके पर पहुंच गई। आनन-फानन में पुलिस ने कैश लूटने के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

आरोपी की पहचान, सूरज बोरकर के रूप में हुई है। वह नागपुर ग्रामीण के भीवापुर तहसील स्थित ततोली का रहने वाला है। इस घटना का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। अब पुलिस आरोपी के साथ पूछताछ कर मामले की पड़ताल कर रही है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आखिर उसका मकसद क्या था। यह भी पता लगाया जा रहा है कि क्या उसने अकेले ही इस लूट की योजना बनाई थी या उसके साथ कुछ और भी लोग शामिल थे।

Deepak Mishra

लेखक के बारे में

Deepak Mishra

मूल रूप से आजमगढ़ के रहने वाले दीपक मिश्रा के लिए पत्रकारिता में आना कोई संयोग नहीं था। घर में आने वाली तमाम मैगजीन्स और अखबार पढ़ते-पढ़ते खुद अखबार में खबर लिखने तक पहुंच गए। हालांकि सफर इतना आसान भी नहीं था। इंटरमीडिएट की पढ़ाई के बाद जब घरवालों को इस इरादे की भनक लगी तो खासा विरोध भी सहना पड़ा। फिर मन में ठाना कि चलो जमीनी अनुभव लेकर देखते हैं। इसी मंशा के साथ ग्रेजुएशन की पढ़ाई के दौरान आजमगढ़ के लोकल टीवी में काम करना शुरू किया। कैमरे पर शहर की गतिविधियां रिकॉर्ड करते, न्यूज बुलेटिन लिखते और कुछेक बार उन्हें कैमरे के सामने पढ़ते-पढ़ते इरादा मजबूत हो गया कि अब तो मीडिया में ही जाना है।

आजमगढ़ के डीएवी डिग्री कॉलेज से इंग्लिश, पॉलिटिकल साइंस और हिस्ट्री विषयों में ग्रेजुएशन के बाद वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय से मास कम्यूनिकेशन में मास्टर डिग्री। इसके बाद अखबारों में नौकरी का सिलसिला शुरू हुआ आज अखबार से। फिर दैनिक जागरण के बाइलिंगुअल अखबार आई नेक्स्ट में वाराणसी में डेस्क पर नौकरी। वहां से सेंट्रल डेस्क कानपुर का सफर और फिर पत्रिका अखबार के इवनिंगर न्यूज टुडे में सेंट्रल डेस्क हेड की जिम्मेदारी। बाद में पत्रिका अखबार के लिए खेल डेस्क पर भी काम करने का मौका मिला। पत्रिका ग्रुप में काम करते हुए 2014 फीफा वर्ल्ड कप की कवरेज के लिए अवॉर्ड भी मिला।

यूपी में वापसी हुई फिर से दैनिक जागरण आई नेक्स्ट में और जिम्मेदारी मिली गोरखपुर में डेस्क हेड की। आई नेक्स्ट की दूसरी पारी में दो बार गोरखपुर एडिशन के संपादकीय प्रभारी की भी भूमिका निभाई। वहीं, कुछ अरसे तक इलाहाबाद में डेस्क हेड की जिम्मेदारी भी संभाली। दैनिक जागरण आई नेक्स्ट में काम करने के दौरान, डिजिटल फॉर्मेट के लिए वीडियो स्टोरीज करते रहे। इसमें कुंभ 2019 के लिए वीडियो स्टोरीज भी शामिल हैं। बाद में यहां पर पॉडकास्ट के दो शो किए। जिनमें से एक आईपीएल रिकॉर्ड बुक और दूसरा शहर का किस्सा रहा।

जून 2021 से लाइव हिन्दुस्तान में होम टीम का हिस्सा। इस दौरान तमाम चुनाव, राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय घटनाक्रमों की खबरें की। साथ ही क्रिकेट टीम के साथ सहभागिता निभाते हुए आईपीएल और टी-20 विश्वकप, चैंपियंस ट्रॉफी के दौरान कवरेज में सक्रिय भूमिका निभाई। कुंभ 2025 के दौरान लाइव हिन्दुस्तान के लिए वीडियो स्टोरीज कीं।

अगर रुचि की बात करें तो फिल्में देखना, किताबें पढ़ना, कुछ नई स्किल्स सीखते रहना प्रमुख हैं। मिररलेस कैमरे के साथ वीडियो शूट करना और प्रीमियर प्रो पर एडिटिंग में दक्षता। प्रिय विषयों में सिनेमा और खेल दिल के बेहद करीब हैं।

और पढ़ें
Hindi News , इंडिया न्यूज़ , आज का मौसम , विधानसभा चुनाव , CJP Protest Live और Navratri 2026 से जुड़ी ताज़ा खबरों व पल-पल के अपडेट के लिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े रहें। UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Vidhan Sabha Candidates से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsIndia Newsना बंदूक ना गोली, मिर्च पाउडर फेंककर लूटने चला था बैंक, फिर ऐसा हुआ अंजाम