शिवकुमार की भगवान शिव वाली तस्वीर देख भड़के लोग; कर्नाटक में शपथ ग्रहण से पहले बड़ा बवाल

लाइव हिन्दुस्तान
Follow us on Google News
share

कन्नड़ अखबार ने शिवकुमार को जटाधारी, बाघ की खाल पहने, हाथ में त्रिशूल और डमरू लिए भगवान शिव के रूप में दिखाया है। तस्वीर को अखबार के एडिटर विश्वेश्वर भट ने खुद शेयर किया है।

शिवकुमार की भगवान शिव वाली तस्वीर देख भड़के लोग; कर्नाटक में शपथ ग्रहण से पहले बड़ा बवाल

कर्नाटक में शिवकुमार के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने से पहले बड़ा बवाल शुरू हो गया है। कांग्रेस के संकटमोचक कहे जाने वाले 64 वर्षीय डीके शिवकुमार के मुख्यमंत्री बुधवार शाम सीएम पद की शपथ लेंगे। इससे ठीक पहले बेंगलुरु के एक बड़े कन्नड़ अखबार ने अपने फ्रंट पेज पर शिवकुमार को भगवान शिव के रूप में दिखा दिया है। इस तस्वीर को देख लोगों ने नाराजगी जताई है। लोगों में ईशनिंदा से भी जोड़ा है।

आपत्तिजनक तस्वीर को कन्नड़ दैनिक 'विश्ववाणी' ने अपने फ्रंट पेज छापा है। इस तस्वीर में शिवकुमार को जटाधारी, बाघ की खाल पहने, हाथ में त्रिशूल और डमरू लिए साक्षात भगवान शिव के रूप में दिखाया है। अखबार के फ्रंट पेज को खुद एडिटर विश्वेश्वर भट ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शेयर भी किया। इसके बाद लोग आगबबूला हो गए।

क्या कह रहे लोग?

शिवकुमार की इस तस्वीर को देख लोगों ने अलग अलग प्रतिक्रियाएं दी हैं। कुछ लोग लोगों ने इसे राजनीति के लिए धर्म का इस्तेमाल बताया। एक यूजर ने इस पर सख्त आपत्ति जताते हुए कहा, "यह पूरी तरह से धर्म के खिलाफ है और हमारे देवी-देवताओं की पवित्रता को ठेस पहुंचाता है। मुझे 'विश्ववाणी' जैसे प्रतिष्ठित अखबार से ऐसी उम्मीद नहीं थी। राजनीतिक नैरेटिव सेट करने के लिए धर्म को इतना तुच्छ नहीं बनाया जाना चाहिए।” एक दूसरे यूजर ने लिखा, “यह सीधे-सीधे ईशनिंदा है। मुझे समझ नहीं आता कि कन्नड़ लोग इसे सामान्य रूप से कैसे देख रहे हैं?”

वहीं एक अन्य यूजर ने लिखा, “मैंने अपने सपने में भी कभी नहीं सोचा था कि आप जैसा अनुभवी पत्रकार इस तरह का कोई फ्रंट पेज सामने लाएगा। आपको शर्म आनी चाहिए। भ्रष्टाचार के आरोपों में जेल जा चुके किसी व्यक्ति को इस तरह पेश करना, उसकी तुलना भगवान से करना—पूरी तरह से निंदनीय है। बता दें कि 2019 में मनी लॉन्ड्रिंग मामले में ईडी की जांच के दौरान शिवकुमार दिल्ली की तिहाड़ जेल में रहे थे।

सिद्धारमैया की विदाई के बाद आज शिवकुमार की ताजपोशी

बता दें कि कांग्रेस की कर्नाटक इकाई के अध्यक्ष डी के शिवकुमार बुधवार को लोक भवन में आयोजित एक समारोह में राज्य के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। शिवकुमार को 30 मई को कर्नाटक में कांग्रेस विधायक दल का नेता चुना गया था। राज्यपाल थावरचंद गहलोत शाम चार बजकर पांच मिनट पर शिवकुमार को लोक भवन के 'ग्लास हाउस' में पद और गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे। सूत्रों के अनुसार 12 से 14 मंत्री भी शपथ ले सकते हैं।

इससे पहले मुख्यमंत्री पद को लेकर उनके और सिद्धरमैया के बीच चले समय तक चले खींचतान का अंत पिछले सप्ताह सिद्धारमैया के मुख्यमंत्री पद छोड़ने के साथ हुआ। सिद्धारमैया ने पिछले हफ्ते कांग्रेस आलाकमान के निर्देश के बाद मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था।

इस खबर पर आपकी क्या राय है?

Jagriti Kumari

लेखक के बारे में

Jagriti Kumari

जागृति को छोटी उम्र से ही खबरों की दुनिया ने इतना रोमांचित किया कि पत्रकारिता को ही करियर बना लिया। 2 साल पहले लाइव हिन्दुस्तान के साथ करियर की शुरुआत हुई। उससे पहले डिग्री-डिप्लोमा सब जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में। भारतीय जन संचार संस्थान (IIMC), नई दिल्ली से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और संत जेवियर्स कॉलेज रांची से स्नातक के बाद से खबरें लिखने का सिलसिला जारी। खबरों को इस तरह से बताना जैसे कोई बेहद दिलचस्प किस्सा, जागृति की खासियत है। अंतर्राष्ट्रीय संबंध और अर्थव्यवस्था की खबरों में गहरी रुचि। लाइव हिन्दुस्तान में ऑपरेशन सिंदूर के दौरान शानदार कवरेज के लिए इंस्टा अवॉर्ड जीता और अब बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर रोजाना कुछ नया सीखने की ललक के साथ आगे बढ़ रही हैं। इसके अलावा सिनेमा को समझने की जिज्ञासा है।

और पढ़ें