Hindi NewsIndia NewsShivakumar camps in Delhi Siddaramaiah unwilling to step down as CM Karnataka to face another drama
शिवकुमार ने डाला दिल्ली में डेरा, CM पद छोड़ने को तैयार नहीं सिद्धारमैया; कर्नाटक में फिर होगा 'नाटक'

शिवकुमार ने डाला दिल्ली में डेरा, CM पद छोड़ने को तैयार नहीं सिद्धारमैया; कर्नाटक में फिर होगा 'नाटक'

संक्षेप:

डीके शिवकुमार के साथ कर्नाटक के मंत्री एन चेलुवरयस्वामी दिल्ली पहुंचे हैं। इसके अलावा विधायक इकबाल हुसैन, एच सी बालकृष्ण और एस आर श्रीनिवास भी गुरुवार को दिल्ली पहुंचे।

Nov 21, 2025 07:51 am ISTHimanshu Jha लाइव हिन्दुस्तान
share Share
Follow Us on

कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के अपने पद पर ढाई साल पूरा करने के बाद कर्नाटक में सियासी गहमागहमी बढ़ गई है। कहा जाता है कि विधानसभा चुनाव के परिणाम पक्ष में आने के बाद कांग्रेस आलाकमान ने सिद्धारमैया और डीके शिवकुमार के बीच 2.5-2.5 साल का फॉर्मूला दिया था। मतलब यह कि बारी-बारी से दोनों नेता मुख्यमंत्री बनाए जाएंगे। हालांकि सिद्धारमैया ने अपना इस्तीफा अब तक नहीं सौंपा है और ना ही वह इसके लिए तैयार दिख रहे हैं। इसके बाद डीके शिवकुमार ने पार्टी आलाकमान पर दबाव बढ़ाना शुरू कर दिया है। वह उनके प्रति वफादार एक मंत्री और कुछ विधायकों के साथ पार्टी आलाकमान से मिलने के लिए नई दिल्ली पहुंच गए हैं।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

डीके शिवकुमार के साथ कर्नाटक के मंत्री एन चेलुवरयस्वामी दिल्ली पहुंचे हैं। इसके अलावा विधायक इकबाल हुसैन, एच सी बालकृष्ण और एस आर श्रीनिवास भी गुरुवार को दिल्ली पहुंचे। सूत्रों के अनुसार, शुक्रवार को 12 और विधायकों के दिल्ली पहुंचने की संभावना है।

डीके शिवकुमार के वफादारों का दावा है कि 2023 में कांग्रेस की जीत के बाद 'रोटेशन ऑफ चीफ मिनिस्टर' फॉर्मूले पर सहमति बनी थी। इस फॉर्मूले के तहत सिद्धारमैया के ढाई साल पूरे होने के बाद डीके शिवकुमार को मुख्यमंत्री बनाया जाना है। इससे पहले लगभग एक दर्जन एमएलसी ने भी दिल्ली में डेरा डाला था और कांग्रेस महासचिवों से मुलाकात की थी।

जब डीके शिवकुमार से इस मामले में विधायकों के दिल्ली जाने के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि वह इससे अनजान हैं और उनकी तबियत ठीक नहीं है। हालांकि, मुख्यमंत्री पद पर सिद्धारमैया के हालिया बयान पर उन्होंने कहा, "मुझे इस बात की बहुत खुशी है। किसी ने न नहीं कहा है। किसी ने यह सवाल नहीं किया है कि वह मुख्यमंत्री नहीं रहेंगे। हमारी पार्टी ने उन्हें मुख्यमंत्री के रूप में काम करने की जिम्मेदारी दी है। हम सब मिलकर काम कर रहे हैं।"

चामराजनगर में एक सभा को संबोधित करते हुए सिद्धारमैया ने स्पष्ट संकेत दिया कि वह मुख्यमंत्री बने रहेंगे। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि उनकी स्थिति शुरुआत से ही मजबूत रही है और भविष्य में भी ऐसी ही बनी रहेगी। उन्होंने अपनी पिछली चुनौतियों को याद करते हुए कहा, "जब मैं पहली बार वित्त मंत्री बना तो एक अखबार ने लिखा था - यह सिद्धारमैया सौ भेड़ें भी नहीं गिन सकता, कर्नाटक का वित्त मंत्री कैसे काम करेगा। मैंने इसे एक चुनौती के रूप में स्वीकार किया। मैंने 16 बजट पेश किए हैं। अगला 17वां बजट मैं ही पेश करूंगा।" यह बयान रोटेशन की अटकलों को सीधे तौर पर खारिज करने जैसा माना जा रहा है।

डीके शिवकुमार के भाई और पूर्व सांसद डी के सुरेश ने कहा कि सिद्धारमैया कभी अपने वादों से पीछे नहीं हटते हैं। हालांकि जब उनसे पूछा गया कि क्या सिद्धारमैया शिवकुमार से किया वादा निभाएंगे, तो उन्होंने कहा कि उन्हें इस बारे में कोई जानकारी नहीं है। सुरेश ने कहा कि उनके भाई डीके शिवकुमार ने जो कुछ भी जरूरी था, वह पार्टी के वरिष्ठों को बता दिया है। उन्होंने कहा, "अब यह मामला पार्टी, उसके नेतृत्व, AICC अध्यक्ष और राहुल गांधी के फैसले पर छोड़ दिया गया है।"

Himanshu Jha

लेखक के बारे में

Himanshu Jha
कंप्यूटर साइंस में पोस्ट ग्रैजुएट हिमांशु शेखर झा करीब 9 वर्षों से बतौर डिजिटल मीडिया पत्रकार अपनी सेवा दे रहे हैं। बिहार और उत्तर प्रदेश के अलावा राष्ट्रीय राजनीति पर अच्छी पकड़ है। दिसंबर 2019 में लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े। इससे पहले दैनिक भास्कर, न्यूज-18 और जी न्यूज जैसे मीडिया हाउस में भी काम कर चुके हैं। हिमांशु बिहार के दरभंगा जिला के निवासी हैं। और पढ़ें
इंडिया न्यूज़ , विधानसभा चुनाव और आज का मौसम से जुड़ी ताजा खबरें हिंदी में | लेटेस्ट Hindi News, बॉलीवुड न्यूज , बिजनेस न्यूज , क्रिकेट न्यूज पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।