पाला बदला तो गाड़ी सहित फूंक डालेंगे… अपने ही सांसद को जान से मारने की धमकी देने लगे उद्धव सेना के नेता

लाइव हिन्दुस्तान
Follow us on Google News
share

उद्धव ठाकरे कैंप में 'ऑपरेशन टाइगर 2.0' की खबरों के बाद खलबली मची है। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि 2024 के लोकसभा चुनाव में शिवसेना (UBT) के टिकट पर जीते 9 सांसदों में से 6 सांसद उद्धव का साथ छोड़ सकते हैं।

पाला बदला तो गाड़ी सहित फूंक डालेंगे… अपने ही सांसद को जान से मारने की धमकी देने लगे उद्धव सेना के नेता

Shiv Sena News: पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस पार्टी में सांसदों के बगावत का बवाल थमा नहीं था कि अब महाराष्ट्र में भी ऐसी ही चर्चाओं ने जोर पकड़ लिया है। राज्य की राजनीति में एक बार फिर बड़े भूचाल की सुगबुगाहट तेज हो गई है। खबर है कि उद्धव ठाकरे गुट के कई सांसद और विधायक पाला बदलकर उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना में शामिल होने की तैयारी कर रहे हैं। इस बीच, वाशिम जिले से उद्धव गुट के एक पदाधिकारी ने अपने ही लोकसभा सांसद को जान से मारने की धमकी दी है।

वाशिम जिले की मालेगांव तालुका इकाई के उपप्रमुख विजय शेंडगे ने सोशल मीडिया पर यवतमाल-वाशिम से सांसद संजय देशमुख को उद्धव सेना ना छोड़ने की चेतावनी दी। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर एक पोस्ट शेयर करते हुए विजय शेंडगे ने लिखा कि अगर संजय देशमुख शिंदे गुट में शामिल होना चाहते हैं, तो उन्हें सबसे पहले अपने लोकसभा सांसद के पद से इस्तीफा देना चाहिए। विजय ने आगे लिखा कि अगर देशमुख ने बिना इस्तीफा दिए पाला बदला, तो वे वाशिम जिले में कदम न रखें। मराठी में लिखे पोस्ट में कथित तौर पर यह भी धमकी दी गई कि अगर वे पार्टी बदलने के बाद क्षेत्र में आए, तो ‘उन्हें उनकी गाड़ी समेत जिंदा फूंक दिया जाएगा’।

6 सांसद छोड़ सकते हैं साथ?

इस बीच उद्धव ठाकरे कैंप में 'ऑपरेशन टाइगर 2.0' की खबरों के बाद खलबली मची है। चर्चा है कि साल 2024 के लोकसभा चुनाव में शिवसेना (UBT) के टिकट पर जीते 9 सांसदों में से 6 सांसद और पार्टी के करीब 14 से 16 विधायक जल्द ही उद्धव का साथ छोड़कर एकनाथ शिंदे के साथ जा सकते हैं। खबरों के मुताबिक, बागी रुख अपना रहे सांसद दिल्ली में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे से मुलाकात कर सकते हैं। हालांकि फिलहाल श्रीकांत शिंदे के घर पर होने वाली इस मीटिंग को टाल दिया गया है।

पार्टी ने जारी किया व्हिप

इस बीच शिवसेना यूबीटी ने सभी सांसदों के लिए दिल्ली में होने वाली एक बैठक में शामिल होने के लिए 'व्हिप' जारी किया है। सूत्रों ने बताया कि पार्टी बैठक में शामिल नहीं होने वाले सांसदों के खिलाफ अयोग्यता की कार्यवाही शुरू कर सकती है। इससे पहले जब महाराष्ट्र के मौजूदा उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व में 39 विधायकों ने शिवसेना नेतृत्व के खिलाफ बगावत कर दी थी, तब पार्टी ने 2022 में भी इसी तरह का 'व्हिप' जारी किया थ। इसके बाद इन विधायकों के खिलाफ अयोग्यता की कार्यवाही शुरू की गई थी। सूत्रों ने मंगलवार को बताया था कि पार्टी के 'छह से सात' सांसद शिंदे के नेतृत्व वाली सत्तारूढ़ शिवसेना में शामिल होने के इच्छुक हैं और फिलहाल राष्ट्रीय राजधानी में डेरा डाले हुए हैं।

संजय राउत फायर

इधर शिवसेना (उबाठा) के नेता संजय राउत ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट शेयर करके पार्टी नेतृत्व के खिलाफ बगावत की योजना बना रहे नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा है कि 'एक-एक बात का हिसाब होगा।' उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा, ''एक विशेष विमान नांदेड़ में उतरता है और 'ऑपरेशन टाइगर' के नाम पर दो सांसदों को लेकर जाता है। कभी उनके पास ऑटोरिक्शा में सफर करने तक के साधन नहीं थे। ठाकरे परिवार की वजह से ही उनकी हैसियत इतनी बढ़ी है कि वे विशेष विमान में सफर कर रहे हैं।'' संजय राउत ने आगे चेतावनी देते हुए कहा कि एक-एक बात का हिसाब होगा। इससे पहले राउत ने मंगलवार देर रात दावा किया कि महाराष्ट्र के सांसदों को खरीदने के लिए 15 करोड़ रुपये का एडवांस दिया जा रहा है।

इस खबर पर आपकी क्या राय है?

Jagriti Kumari

लेखक के बारे में

Jagriti Kumari

जागृति को छोटी उम्र से ही खबरों की दुनिया ने इतना रोमांचित किया कि पत्रकारिता को ही करियर बना लिया। 2 साल पहले लाइव हिन्दुस्तान के साथ करियर की शुरुआत हुई। उससे पहले डिग्री-डिप्लोमा सब जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में। भारतीय जन संचार संस्थान (IIMC), नई दिल्ली से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और संत जेवियर्स कॉलेज रांची से स्नातक के बाद से खबरें लिखने का सिलसिला जारी। खबरों को इस तरह से बताना जैसे कोई बेहद दिलचस्प किस्सा, जागृति की खासियत है। अंतर्राष्ट्रीय संबंध और अर्थव्यवस्था की खबरों में गहरी रुचि। लाइव हिन्दुस्तान में ऑपरेशन सिंदूर के दौरान शानदार कवरेज के लिए इंस्टा अवॉर्ड जीता और अब बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर रोजाना कुछ नया सीखने की ललक के साथ आगे बढ़ रही हैं। इसके अलावा सिनेमा को समझने की जिज्ञासा है।

और पढ़ें