'शेख हसीना ने करवाई 1500 लोगों की हत्या', तारिक रहमान के करीबी भारत को देने लगे नसीहत

Feb 15, 2026 02:01 pm ISTAnkit Ojha पीटीआई
share Share
Follow Us on

बांग्लादेश चुनाव में बहुमत हासिल करते ही बीएनपी ने भारत को नसीहत देना शुरू कर दिया है। तारिक रहमान के करीबी हुमायूं कबीर ने कहा कि भारत को बांग्लादेश के प्रचंड जनादेश का सम्मान करना चाहिए और शेख हसीना को प्रत्यर्पित करना चाहिए।

'शेख हसीना ने करवाई 1500 लोगों की हत्या', तारिक रहमान के करीबी भारत को देने लगे नसीहत

बांग्लादेश में बहुमत हासिल करने के बाद बीएनपी ने भारत को नसीहत देना शुरू कर दिया है। बीएनपी चीफ तारिक रहमान के करीबी हुमायूं कबीर ने कहा कि भारत को अपनी जमीन का इस्तेमाल नहीं होने देना चाहिए और शेख हसीना को प्रत्यर्पित करना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि भारत को बांग्लादेश में बीएनपी को मिले प्रचंड जनादेश का सम्मान करना चाहिए और अपनी सोच में बदलाव करना चाहिए।

इसके साथ ही बांग्लादेश ने अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना और उनकी पार्टी अवामी लीग के सत्ता से हटने के बाद भारत के साथ संबंधों को नए सिरे से स्थापित करने की इच्छा जताई है। तारिक रहमान के सलाहकार हुमायूं कबीर ने कहा कि दोनों देशों को "पारस्परिक लाभ" के लिए मिलकर काम करना चाहिए। बांग्लादेश में को हुए ऐतिहासिक संसदीय चुनाव के परिणाम शुक्रवार को घोषित किए गए, जिसमें रहमान की बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) ने दो-तिहाई से अधिक बहुमत के साथ शानदार जीत दर्ज की।

बदली हुई वास्तविकता स्वीकार करे भारत- कबीर

कबीर ने कहा कि बांग्लादेश में बीएनपी को मिले प्रचंड जनादेश के बाद बदली हुई राजनीतिक वास्तविकता को स्वीकार करना अब भारत की जिम्मेदारी है। कबीर ने कहा, "बदलाव भारत की सोच में आना चाहिए। शेख हसीना और अवामी लीग आज के बांग्लादेश में मौजूद नहीं हैं। जनता ने स्पष्ट रूप से बीएनपी के पक्ष में फैसला दिया है।"

शेख हसीना पर लगाया 1500 लोगों की हत्या करवाने का आरोप

कबीर ने अगस्त 2024 के जनविद्रोह के बाद भारत जा चुकीं हसीना को "आतंकवादी" करार देते हुए उन पर 1,500 से अधिक लोगों की मौत का जिम्मेदार होने का आरोप लगाया। उन्होंने भारत सरकार से आग्रह किया कि वह बांग्लादेश की स्थिरता को प्रभावित करने के लिए हसीना या अवामी लीग के अन्य नेताओं को अपनी जमीन इस्तेमाल करने की अनुमति न दे।

उन्होंने कहा, "भारत बांग्लादेश की संप्रभुता को कमजोर करने वाली किसी भी गतिविधि में सहभागी के रूप में न दिखे। एक बार यह मुद्दा सुलझ जाए, तो सामान्य राजनयिक सहयोग फिर से शुरू हो सकता है। हम पड़ोसी हैं और हमें पारस्परिक लाभ के लिए मिलकर काम करना चाहिए।" भारत ने 26 नवंबर 2025 को कहा था कि वह हसीना के प्रत्यर्पण के बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के अनुरोध पर गौर कर रहा है और बांग्लादेश की जनता के सर्वोत्तम हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा था, “हम शांति, लोकतंत्र, समावेशन और स्थिरता समेत बांग्लादेश की जनता के सर्वोत्तम हितों के प्रति प्रतिबद्ध हैं और इस संबंध में सभी पक्षों के साथ रचनात्मक रूप से जुड़े रहेंगे।” कबीर ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और रहमान के बीच फोन पर हुई सौहार्दपूर्ण बातचीत का भी उल्लेख किया, जिसमें मोदी ने रहमान को सुविधाजनक समय पर भारत आने का निमंत्रण दिया। इस यात्रा के समय को लेकर कबीर ने कहा कि घरेलू प्राथमिकताएं पहले हैं।

उन्होंने कहा, "तारिक रहमान देश को समृद्धि और आर्थिक सुरक्षा के रास्ते पर लाने पर ध्यान केंद्रित करेंगे। यहां स्थिति स्थिर होने के बाद वह अंतरराष्ट्रीय प्रतिबद्धताओं पर विचार करेंगे, जिसमें भारत की यात्रा भी शामिल है।" दक्षिण एशिया में भारत, चीन और अमेरिका के बीच बढ़ती प्रतिस्पर्धा पर बांग्लादेश के रुख के बारे में कबीर ने कहा कि नयी सरकार संबंधों में संतुलन की नीति अपनाएगी। उन्होंने कहा, " राष्ट्रीय हित और हमारी क्षेत्रीय भलाई हमारी विदेश नीति के केंद्र में रहेगी।"

उन्होंने कहा, "हम संतुलित संबंध चाहते हैं। हम किसी एक देश के साथ विशेष संबंध नहीं रखेंगे और किसी भी समझौते का अनावश्यक खुलासा नहीं करेंगे।" अल्पसंख्यकों, विशेषकर हिंदुओं के साथ सांप्रदायिक हिंसा संबंधी चिंताओं को कबीर ने खारिज कर दिया। उन्होंने कहा, "अगस्त विद्रोह के बाद पांच दिन तक बिना सरकार की अभूतपूर्व स्थिति के दौरान भी किसी ने अल्पसंख्यकों पर हमला नहीं किया। यह यहां की सांप्रदायिक सद्भावना को दर्शाता है। समस्या वैसी नहीं है, जैसी कभी-कभी प्रस्तुत की जाती है।"

भारत बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों, खासकर हिंदुओं पर हमलों को लेकर चिंता व्यक्त करता रहा है। दिसंबर में कट्टरपंथी युवा नेता शरीफ उस्मान हादी की हत्या के बाद समुदाय पर कई हमले हुए, जिनमें कुछ घातक भी थे। बीएनपी के शनिवार को जारी बयान के अनुसार, बांग्लादेश ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और अन्य क्षेत्रीय नेताओं को 17 फरवरी को होने वाले देश के अगले प्रधानमंत्री तारिक रहमान के शपथग्रहण समारोह में आमंत्रित किया है।

Ankit Ojha

लेखक के बारे में

Ankit Ojha

विद्यालयी जीवन से ही कलात्मक अभिव्यक्ति, विचारशील स्वभाव और मिलनसार व्यक्तित्व और सामान्य के अंदर डुबकी लगाकर कुछ खास खोज लाने का कौशल पत्रकारिता के लिए अनुकूल साबित हुआ। अंकित ओझा एक दशक से डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में लगातार सक्रिय हैं। उत्तर प्रदेश के बाराबंकी के रहने वाले अंकित ओझा समाचारों की दुनिया में तथ्यों के महत्व के साथ ही संवेदनशीलता के पक्ष को साधने में निपुण हैं। पिछले चार साल से हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप के 'लाइव हिन्दुस्तान' के लिए चीफ कॉन्टेंट प्रड्यूसर पद पर कार्य कर रहे हैं। इससे पहले 'टाइम्स ऑफ इंडिया' और 'इंडियन एक्सप्रेस' ग्रुप के साथ भी कार्य कर चुके हैं।


राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय, राज्य और सामाजिक सरोकारों की खबरों के संपादन में लंबा अनुभव होने के साथ ही अपने-आसपास की घटनाओं में समाचार तत्व निकालने की अच्छी समझ है। घटनाओं और समाचारों से संबंधित फैसले लेने और त्वरित समाचार प्रकाशित करने में विशेष योग्यता है। इसके अलावा तकनीक और पाठकों की बदलती आदतों के मुताबिक सामग्री को रूप देने के लिए निरंतर सीखने में विश्वास करते हैं। अंकित ओझा की रुचि राजनीति के साथ ही दर्शन, कविता और संगीत में भी है। लेखन और स्वरों के माध्यम से लंबे समय तक आकाशवाणी से भी जुड़े रहे। इसके अलावा ऑडियन्स से जुड़ने की कला की वजह से मंचीय प्रस्तुतियां भी सराही जाती हैं।


अकादमिक योग्यताः अंकित ओझा ने प्रारंभिक शिक्षा नवोदय विद्यालय से पूरी करने के बाद जामिया मिल्ल्लिया इस्लामिया से पत्रकारिता में ही ग्रैजुएशन किया है। इसके बाद भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से पोस्ट ग्रैजुएट डिप्लोमा और कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन में एमए किया है। जामिया में अध्ययन के दौरान ही इटैलियन और उर्दू भाषा में भी कोर्स किए हैं। इसके अलावा पंजाबी भाषा की भी अच्छी समझ रखते हैं। विश्वविद्यालय में NCC का 'C सर्टिफिकेट' भी प्राप्त किया है। IIMC और ऑक्सफर्ड से स्वास्थ्य पत्रकारिता का सर्टिफिकेट भी प्राप्त किया है।

और पढ़ें
इंडिया न्यूज़ , विधानसभा चुनाव और आज का मौसम से जुड़ी ताजा खबरें हिंदी में | लेटेस्ट Hindi News, बॉलीवुड न्यूज , बिजनेस न्यूज , क्रिकेट न्यूज पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।
;;;