मैं पीएम मोदी को पत्र लिखूं... ईरान-US में सीजफायर करवा रहे पाकिस्तान पर शशि थरूर का तंज

Upendra Thapak लाइव हिन्दुस्तान
share

ईरान युद्ध में सीजफायर करवाने के लिए मध्यस्थता करवा रहे पाकिस्तान के ऊपर शशि थरूर ने तंज कसा है। पाकिस्तान पीएम शहबाज शरीफ के सीजफायर वाले पोस्ट का जिक्र करते हुए थरूर ने कहा कि अमेरिका के साथ ऐसे रिश्ते केवल पाकिस्तान ही रख सकता है।

मैं पीएम मोदी को पत्र लिखूं... ईरान-US में सीजफायर करवा रहे पाकिस्तान पर शशि थरूर का तंज

Shashi Tharoor: पश्चिम एशिया में जारी जंग को रुकवाने के लिए पड़ोसी देश पाकिस्तान अपने आप को लाइमलाइट में लाने की कोशिश कर रहा है। अमेरिका और ईरान के प्रतिनिधिमंडल इस वक्त सीजफायर पर वार्ता करने के लिए इस्लामाबाद में मौजूद है। इसी बीच कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने पाकिस्तान के ऊपर तंज कसा है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान और अमेरिका के बीच में जिस किस्म का रिश्ता है। वह रिश्ता केवल पाकिस्तान ही रख सकता है।

एएनआई से बात करते हुए कांग्रेस सांसद ने कहा कि पाकिस्तान की सीमा सीधे पाकिस्तान से मिलती है। इसलिए यह मुद्दा पाकिस्तान के लिए और भी ज्यादा महत्वपूर्ण हो जाता है। थरूर ने कहा, "पाकिस्तान के साथ ईरान की लंबी सीमा है। ऐसे में अगर इस युद्ध की वजह से कल के दिन शरणार्थी संकट शुरू होता है, तो फिर यह पाकिस्तान के लिए एक बड़ी परेशानी बन सकता है। इस सीजफायर वाले मसले पर भारत और पाकिस्तान के बीच में कोई होड़ नहीं है। हमारे लिए इस मुद्दे के यथार्थ अलग हैं, पाकिस्तान के लिए इस मुद्दे के यथार्थ अलग हैं।"

पाकिस्तान पीएम के लिए अमेरिका का मैसेज: थरूर

कांग्रेस सांसद ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ द्वारा पोस्ट किए गए एक ट्वीट का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा, "पाकिस्तान और अमेरिका के बीच में जिस तरह के रिश्ते हैं, वह केवल पाकिस्तान ही रख सकता है। ऐसे आरोप भी लगे हैं कि पाकिस्तान पीएम ने सीजफायर को लेकर जो पोस्ट किया था, वह भी वाइट हाउस से ही लिखकर आया था। जैसे मैं या भारत में कोई प्रधानमंत्री को पत्र लिखेगा, तो वह उसमें भारत के प्रधानमंत्री शब्द का उपयोग नहीं करेगा। वह सीधा प्रधानमंत्री शब्द से संबोधित करेगा। पाकिस्तानी पीएम के पोस्ट में ड्राफ्ट फोर पाकिस्तान पीएम लिखा हुआ था। यह पोस्ट वाइट हाउस की तरफ से लिखा गया था। क्योंकि इसमें कुछ वाक्य ऐसे भी थे, जो कुछ घंटे पहले ही डोनाल्ड ट्रंप ने इस्तेमाल किए थे। अमेरिका के साथ ऐसे रिश्ते पाकिस्तान ही रख सकता है।"

बता दें, शशि थरूर पाकिस्तानी प्रधानमंत्री के ईरान सीजफायर की वार्ता के ऐलान के लिए किए गए पोस्ट का जिक्र कर रहे हैं। इस पोस्ट में सबसे ऊपर ‘ड्रॉफ्ट फोर पाकिस्तानी पीएम’ लिखा हुआ था। इसकी वजह से सोशल मीडिया पर लोगों के बीच में यह बहस चली कि शहबाज के लिए यह पोस्ट सीधा वाइट हाउस से लिखा गया है। अमेरिकी मीडिया ने भी इस बात का दावा किया कि अमेरिका की तरफ से ही शहबाज को यह पोस्ट भेजा गया था। इसके बाद उन्होंने सोशल मीडिया पर इसे पोस्ट किया।

Upendra Thapak

लेखक के बारे में

Upendra Thapak

उपेंद्र ने डिजिटल पत्रकारिता की शुरुआत लाइव हिन्दुस्तान से की है। पिछले एक साल से वे होम टीम में कंटेंट प्रोड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। उन्होंने लोकसभा चुनाव 2024, ऑपरेशन सिंदूर और कई राज्यों के विधानसभा चुनावों की कवरेज की है। पत्रकारिता की पढ़ाई भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC), नई दिल्ली (बैच 2023-24) से पूरी करने वाले उपेंद्र को इतिहास, अंतर्राष्ट्रीय संबंध, राजनीति, खेल, विज्ञान और समसामयिक घटनाओं से जुड़े विषयों में गहरी रुचि है। स्नातक स्तर पर बायोटेक्नोलॉजी की पढ़ाई करने के कारण उन्हें मेडिकल और वैज्ञानिक विषयों की भाषा की भी अच्छी समझ है। वे मूल रूप से मध्यप्रदेश के भिंड जिले के निवासी हैं।

और पढ़ें