
छह साल... शशि थरूर ने दिल्ली वायु प्रदूषण पर पुराने पोस्ट को शेयर कर कसा तंज
संक्षेप: कांग्रेस सांसद ने छह साल पहले दिल्ली की वायु गुणवत्ता को लेकर किए एक पोस्ट में लिखा था कि कब तक जिंदगी काटोगे सिगरेट, बीड़ी और सिगार में? कुछ दिन तो गुजारो दिल्ली एनसीआर में। अब इस पोस्ट को एक बार फिर शेयर करते हुए उन्होंने इसे आज भी प्रासांगिक बताया।
कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने दिल्ली के बढ़ते वायु प्रदूषण को लेकर एक बार फिर अपनी चिंता जाहिर की है। उन्होंने शनिवार को दिल्ली के प्रदूषण से जुड़ा अपना छह साल पुराना पोस्ट रिट्वीट करते हुए उसे निराशाजनक रूप से आज भी सही बताया।

सोशल मीडिया साइट एक्स पर 6 साल पहले पोस्ट की गई उस तस्वीर को फिर से रिपोस्ट करते हुए थरूर ने लिखा, "छह साल की उदासीनता के बाद भी, यह पोस्ट दुखद और निराशाजनक रूप से अभी भी प्रासंगिक है।" गौरतलब है कि थरूर ने छह साल 2019 में पहले जो ट्वीट किया था उसमें दिल्ली एनसीआर की हवा पर तंज कसते हुए लिखा था, 'कब तक जिंदगी काटोगे सिगरेट, बीड़ी और सिगार में? कुछ दिन तो गुजारो दिल्ली एनसीआर में।'
थरूर ने जब 2019 में यह ट्वीट किया था। उस समय केंद्र में भाजपा नीत राजग की ही सरकार थी, जबकि दिल्ली में आप की सरकार थी। आज 6 साल बाद 2025 में केंद्र में भाजपा की सरकार है, और दिल्ली में भी भाजपा ही सत्ता में है।
गौरतलब है कि पिछले एक हफ्ते से राजधानी दिल्ली और उसके आस पास के पूरे एनसीआर की वायु गुणवत्ता काफी खराब है। राज्य और केंद्र सरकार इससे निपटने के लिए काफी प्रयास कर रही है, लेकिन अभी तक सभी प्रयास नाकाफी ही साबित हुए हैं।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों के अनुसार, 8 नवंबर को शाम 4 बजे AQI 361 था। दिवाली के बाद से, दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में वायु गुणवत्ता कई इलाकों में 'खराब' और 'बेहद खराब' श्रेणी में बनी हुई है, जबकि ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान का दूसरा चरण अभी भी लागू है। इससे पहले, राष्ट्रीय दिल्ली नगर पालिका परिषद ने राष्ट्रीय राजधानी में पार्किंग शुल्क दोगुना करने की घोषणा की थी। DMC और दिल्ली सरकार ने यातायात नियंत्रण सुनिश्चित करने और प्रदूषण कम करने के लिए कार्यालय समय में भी बदलाव किया था।





