
राजनीतिक माहौल में बड़ा बदलाव, अपने ही गढ़ में बीजेपी की ऐतिहासिक जीत पर क्या बोले शशि थरूर
शशि थरूर ने कहा कि मैं तिरुवनंतपुरम में बीजेपी के ऐतिहासिक प्रदर्शन को भी स्वीकार करना चाहता हूं, और शहर के कॉर्पोरेशन में उनकी महत्वपूर्ण जीत पर विनम्र बधाई देता हूं- यह एक मजबूत प्रदर्शन है जो राजधानी के राजनीतिक परिदृश्य में एक उल्लेखनीय बदलाव को दिखाता है।
कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने शनिवार को कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट को स्थानीय निकायों में शानदार जीत के लिए बधाई दी और कहा कि यह राज्य विधानसभा चुनावों से पहले एक बड़ा समर्थन और एक मजबूत संकेत है। हालांकि, खुद शशि थरूर के गढ़ तिरुवनंतपुरम में भाजपा की ऐतिहासिक जीत हुई है और वाम दलों की चार दशकों बाद करारी हार हुई। इसपर भी थरूर ने प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा को बधाई दी। उन्होंने लिखा कि तिरुवनंतपुरम में भाजपा के ऐतिहासिक प्रदर्शन को भी स्वीकार करना चाहता हूं और सिटी कॉर्पोरेशन में उनकी बड़ी जीत पर उन्हें विनम्र बधाई देता हूं। यह एक मजबूत प्रदर्शन है जो राजधानी के राजनीतिक माहौल में एक बड़ा बदलाव दिखाता है।
शशि थरूर ने केरल निकाय चुनावों के नतीजों पर एक्स पर लिखा, ''केरल के स्थानीय चुनावों में कितने शानदार नतीजे आए हैं। जनादेश साफ है, और राज्य की लोकतांत्रिक भावना साफ झलकती है। विभिन्न लोकल बॉडीज में सच में प्रभावशाली जीत के लिए यूडीएफ केरल को बहुत-बहुत बधाई। यह एक बहुत बड़ा समर्थन है और राज्य विधानसभा चुनावों से पहले एक शक्तिशाली संकेत है। कड़ी मेहनत, एक मजबूत संदेश और सत्ता विरोधी लहर, इन सबने मिलकर 2020 की तुलना में कहीं बेहतर नतीजे दिए हैं।
उन्होंने आगे लिखा, ''मैं तिरुवनंतपुरम में बीजेपी के ऐतिहासिक प्रदर्शन को भी स्वीकार करना चाहता हूं, और शहर के कॉर्पोरेशन में उनकी महत्वपूर्ण जीत पर विनम्र बधाई देता हूं- यह एक मजबूत प्रदर्शन है जो राजधानी के राजनीतिक परिदृश्य में एक उल्लेखनीय बदलाव को दिखाता है। मैंने 45 साल के एलडीएफ के कुशासन से बदलाव के लिए प्रचार किया था, लेकिन मतदाताओं ने आखिरकार एक दूसरी पार्टी को पुरस्कृत किया है जिसने शासन में स्पष्ट बदलाव की मांग की थी। यही लोकतंत्र की खूबसूरती है। लोगों के फैसले का सम्मान किया जाना चाहिए, चाहे वह कुल मिलाकर यूडीएफ के लिए हो या मेरे निर्वाचन क्षेत्र में बीजेपी के लिए। हम केरल की बेहतरी के लिए काम करते रहेंगे, लोगों की ज़रूरतों की वकालत करेंगे और सुशासन के सिद्धांतों को बनाए रखेंगे। आगे बढ़ते रहो!''
बता दें कि केरल स्थानीय निकाय चुनावों में कांग्रेस के नेतृत्व वाला संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा, (यूडीएफ) नगर पालिकाओं और ग्राम पंचायतों में निर्णायक जीत हासिल करते हुए सबसे बड़ी ताकत बनकर उभरा है। सत्तारूढ़ वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) को कई जिला पंचायतों में सफलता मिली लेकिन उसका प्रदर्शन उम्मीदों से कम रहा। इस बीच, भाजपा के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) ने तिरुवनंतपुरम नगर निगम पर नियंत्रण हासिल करके इतिहास रच दिया। हालांकि, उसे पत्तनमतिट्टा जिले की महत्वपूर्ण पंदलम नगर पालिका में बड़ा झटका लगा। सबरीमाला मंदिर के निकट होने के कारण राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण इस निकाय पर राजग ने 2020 में कब्ज़ा किया था, लेकिन इस बार वह 34 वार्डों में से केवल 9 सीटें ही जीत सका। इसने राज्य में नए राजनीतिक समीकरणों का संकेत दे दिया है।

लेखक के बारे में
Madan Tiwariलखनऊ के रहने वाले मदन को डिजिटल मीडिया में आठ साल से अधिक का अनुभव है। लाइव हिन्दुस्तान में यह दूसरी पारी है। राजनीतिक विषयों पर लिखने में अधिक रुचि है। नेशनल, इंटरनेशनल, स्पोर्ट्स, यूटीलिटी, एजुकेशन समेत विभिन्न बीट्स में काम किया है। लगभग सभी प्रमुख अखबारों के संपादकीय पृष्ठ पर 200 से अधिक आर्टिकल प्रकाशित हो चुके हैं। खाली समय में लॉन टेनिस खेलना पसंद है।
और पढ़ें



