यह बेहद शर्मनाक; IPL में बांग्लादेशी क्रिकेटर को शामिल करने पर उठे विवाद को लेकर शशि थरूर
कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने कहा कि बांग्लादेशी खिलाड़ी को खिलाना है या नहीं यह पूरी तरह से क्रिकेट संबंधी निर्णय है। इसमें राजनीति नहीं होनी चाहिए। इस मामले पर जो विवाद हो रहा है, वह शर्मनाक है। हम अपने हर पड़ोसी को अलग-थलग नहीं कर सकते।

बांग्लादेश में जारी हिंसा के बीच बॉलर मुस्ताफिजुर रहमान को केकेआर द्वारा खरीदे जाने पर लगातार बयान बाजी हो रही है। इसे लेकर देश दो खेमों में बंटा हुआ है। अब इस मामले पर कांग्रेस सांसद शशि थरूर का बयान सामने आया है। विदेशी मामलों के जानकार थरूर ने कहा कि बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों पर हो रहे हमले दर्दनाक हैं, लेकिन इसका बोझ क्रिकेट पर नहीं डालना चाहिए। इस मामले पर जो विवाद हो रहा है वह शर्मनाक है।
एएनआई से बात करते हुए कांग्रेस सांसद ने कहा कि मुस्ताफिजुर रहमान एक क्रिकेटर हैं और उनका इस हिंसा से या इन सब बातों से कोई लेना-देना नहीं है। उनके ऊपर इस हिंसा का समर्थन करने या बचाव करने या फिर भारत विरोधी किसी भी तरह की बात करने का आरोप भी नहीं है। ऐसे में उनके ऊपर किसी भी प्रकार की व्यक्तिगत टिप्पणी या बयानबाजी नहीं की जानी चाहिए। क्रिकेट के खेल और वहां पर अल्पसंख्यकों पर हो रही हिंसा को मिलाना सरासर अनुचित है।
इसमें राजनीति करने की जरूरत नहीं: थरूर
थरूर ने कहा, “अगर हम एक ऐसा देश बन जाते हैं, जो अपने सभी पड़ोसियों को अलग-थलग कर देता है और कहता है कि कोई भी उनके साथ नहीं खेलेगा, तो इससे क्या लाभ होगा? मुस्ताफिजुर को खिलाना या न खिलाना यह पूरी तरह से क्रिकेट संबंधी निर्णय है। इस पर राजनीति नहीं होना चाहिए। हम तीन तरफ से बांग्लादेश को घेरे हुए हैं, हम उन्हें अलग-थलग नहीं कर सकते।”
गौरतलब है कि शशि थरूर का यह बयान ऐसे समय में सामने आया है, जब कई लोग लगातार बांग्लादेशी क्रिकेटर मुस्ताफिजुर रहमान को खरीदने के लिए आईपीएल टीम कोलकाता नाइट राइडर्स पर निशाना साध रहे हैं। इतना ही नहीं इसमें बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान को भी निशाना बनाया जा रहा है। आध्यात्मिक गुरू देवकीनंदन ठाकुर के आवाज उठाने के बाद कई लोग बीसीसीआई के इस फैसले के विरोध में आ गए थे। जगद्गुरू रामभद्राचार्य ने तो शाहरुख खान को देशद्रोही तक करार दे दिया था।
हालांकि, इन सभी बयानों और विवाद के बीच बीसीसीआई ने साफ कर दिया है कि वह मुस्ताफिजुर रहमान के आईपीएल में होने पर कोई कार्रवाई नहीं करेगा। वह सामान्य रूप से अन्य खिलाड़ियों की तरह ही आईपीएल में खेलते हुए नजर आएँगे।

लेखक के बारे में
Upendra Thapakउपेंद्र ने डिजिटल पत्रकारिता की शुरुआत लाइव हिन्दुस्तान से की है। पिछले एक साल से वे होम टीम में कंटेंट प्रोड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। उन्होंने लोकसभा चुनाव 2024, ऑपरेशन सिंदूर और कई राज्यों के विधानसभा चुनावों की कवरेज की है। पत्रकारिता की पढ़ाई भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC), नई दिल्ली (बैच 2023-24) से पूरी करने वाले उपेंद्र को इतिहास, अंतर्राष्ट्रीय संबंध, राजनीति, खेल, विज्ञान और समसामयिक घटनाओं से जुड़े विषयों में गहरी रुचि है। स्नातक स्तर पर बायोटेक्नोलॉजी की पढ़ाई करने के कारण उन्हें मेडिकल और वैज्ञानिक विषयों की भाषा की भी अच्छी समझ है। वे मूल रूप से मध्यप्रदेश के भिंड जिले के निवासी हैं।
और पढ़ें



