
शाहरुख खान के बेटे आर्यन की वेब सीरीज की शशि थरूर ने की जमकर तारीफ, किस बात पर फिदा
कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने आर्यन खान के निर्देशन में बनी 'द बैड बॉयज ऑफ बॉलीवुड' की खूब तारीफ की है। यह सीरीज फिलहाल नेटफ्लिक्स पर उपलब्ध है। शाहरुख खान की रेड चिलीज एंटरटेनमेंट द्वारा बनाई गई इस सीरीज को लेकर शशि थरूर ने सोशल मीडिया पर लंबा-चौड़ा पोस्ट लिखा है।
शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान की नेटफ्लिक्स सीरीज 'द बैड बॉयज ऑफ बॉलीवुड' ने दर्शकों के बीच तहलका मचा रहा है। हाल ही में रिलीज हुई इस सीरीज को दर्शक खूब पसंद कर रहे हैं। अब इसकी तारीफों में कांग्रेस सांसद शशि थरूर का नाम भी जुड़ गया है। थरूर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक लंबा-चौड़ा पोस्ट शेयर कर आर्यन की सराहना की और सीरीज को बेहद शानदार बताया।

कांग्रेस सांसद ने बताया कि सर्दी-जुकाम से ठीक होने के दौरान उन्होंने वीकेंड पर यह शो देखा। उनकी बहन स्मिता थरूर ने उन्हें ब्रेक लेकर नेटफ्लिक्स पर समय बिताने की सलाह दी थी। थरूर ने इसे 'बिल्कुल ओटीटी गोल्ड' करार देते हुए कहा कि यह उनके लिए लंबे अर्से बाद सबसे सुखद अनुभव रहा।
थरूर ने आगे कहा कि आर्यन खान के निर्देशन में बनी पहली सीरीज 'द बैड बॉयज ऑफ बॉलीवुड' को अभी-अभी खत्म किया है। उनके पास तारीफ के लिए शब्द कम पड़ रहे हैं। इसे पसंद करने में थोड़ा समय लगता है, लेकिन एक बार आदी हो गए तो पूरी तरह डूब जाते हैं! धारदार लेखन, निर्देशन निडर, और इस व्यंग्य की बेबाकी बॉलीवुड को जरूरी थी। यह प्रतिभाशाली शो अक्सर हंसाता है, कभी भावुक करता है, और हमेशा ग्लैमर से ऊपर उठकर बेबाक नजर आता है।
आर्यन के डेब्यू को 'उत्कृष्ट' बताते हुए थरूर ने शो को 'अक्सर हास्यपूर्ण, कभी-कभी भावुक और हमेशा निडर' कहा। उन्होंने अंत में लिखा कि सात आकर्षक एपिसोड एक सशक्त कहानीकार के उदय का प्रतीक हैं। आर्यन खान, बधाई!
बता दें कि इस सीरीज में सहर बाम्बा, बॉबी देओल, राघव जुयाल, आन्या सिंह, मनीष चौधरी, मोना सिंह, विजयंत कोहली, मनोज पाहवा, गौतमी कपूर और रजत बेदी जैसे एक्टर हैं।





