
किसे सजा दे रहे, दुख की बात है BCCI ने... IPL से बांग्लादेशी खिलाड़ी को हटाए जाने पर बोले शशि थरूर
शशि थरूर ने कहा कि अब जब बीसीसीआई ने दुख की बात है कि मुस्तफिजुर रहमान के साथ करार खत्म कर दिया है। क्या होता अगर वह बांग्लादेशी खिलाड़ी लिटन दास या सौम्य सरकार होते? हम यहां किसे सजा दे रहे हैं? एक देश को, एक व्यक्ति को या उसके धर्म को? खेल का यह बिना सोचे-समझे राजनीतिकरण हमें कहां ले जाएगा?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में बांग्लादेशी खिलाड़ी मुस्तफिजुर रहमान के केकेआर में चुने जाने को लेकर जमकर विवाद हुआ। इस पर कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने शनिवार को कहा है कि आखिर हम किसे सजा दे रहे हैं। यह दुख की बात है कि बीसीसीआई ने रहमान के साथ करार खत्म कर दिया। इस साल आईपीएल नीलामी में मुस्तफिजुर रहमान को केकेआर ने चुना था, जिसके बाद बवाल शुरू हो गया था। कई भाजपा नेताओं द्वारा मुद्दे को उठाए जाने के बाद बीसीसीआई ने खिलाड़ी को रिलीज करने के लिए कहा, जिसके बाद केकेआर ने भी रहमान को अपनी टीम से हटा दिया।
इस मुद्दे पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शशि थरूर ने लिखा, ''अब जब बीसीसीआई ने दुख की बात है कि मुस्तफिजुर रहमान के साथ करार खत्म कर दिया है। और क्या होता अगर वह बांग्लादेशी खिलाड़ी लिटन दास या सौम्य सरकार होते? हम यहां किसे सजा दे रहे हैं? एक देश को, एक व्यक्ति को या उसके धर्म को? खेल का यह बिना सोचे-समझे राजनीतिकरण हमें कहां ले जाएगा?'' थरूर ने यह भी कहा कि पड़ोसी देश में अल्पसंख्यकों पर हमलों के लिए क्रिकेट को बोझ नहीं उठाना चाहिए।
न्यूज एजेंसी एएनआई के अनुसार, थरूर ने पत्रकारों से कहा, "बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों पर हमलों के लिए क्रिकेट को बोझ नहीं उठाना चाहिए। हमें कुछ क्षेत्रों को दूसरों से अलग रखने की कोशिश करनी चाहिए। हम बांग्लादेश से संपर्क कर रहे हैं और उनसे अपने अल्पसंख्यकों की रक्षा करने और उनकी देखभाल करने के लिए सही काम करने का आग्रह कर रहे हैं, और यह संदेश जारी रहना चाहिए।" उन्होंने आगे कहा, "मुस्तफिजुर रहमान एक क्रिकेटर हैं और उनका इन सब बातों से कोई लेना-देना नहीं है। उन पर व्यक्तिगत रूप से किसी भी नफरत भरे भाषण या किसी भी हमले का समर्थन करने या बचाव करने का आरोप नहीं लगा है। इन दोनों चीजों को मिलाना बिल्कुल भी सही नहीं है।"
उन्होंने पड़ोसी देशों को अलग-थलग करने के खिलाफ भी चेतावनी दी। थरूर ने कहा, “अगर हम एक ऐसा देश बन जाते हैं जो अपने सभी पड़ोसियों को अलग-थलग कर देता है, और कहते हैं कि कोई भी उनके साथ नहीं खेल रहा है, तो इससे क्या फायदा होगा? यह पूरी तरह से एक खेल का फैसला है, और हमें इसमें राजनीति को नहीं आने देना चाहिए। हम बांग्लादेश को तीन तरफ से घेरे हुए हैं। हम उन्हें अलग-थलग नहीं कर सकते। हमें उनके साथ खेलना होगा।”
केकेआर ने रहमान को रिलीज किया
कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) ने शनिवार को भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के निर्देश पर इंडियन प्रीमियर लीग के आगामी सत्र से पहले बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को अपनी टीम से रिलीज कर दिया। बीसीसीआई ने भारत और बांग्लादेश के बीच द्विपक्षीय संबंधों में बढ़ते तनाव के मद्देनजर यह कदम उठाया। पिछले महीने खिलाड़ियों की नीलामी में केकेआर ने बाएं हाथ के तेज गेंदबाज रहमान को 9.20 करोड़ रुपये में खरीदा था। उनका आधार मूल्य दो करोड रुपए था। चेन्नई सुपर किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स के साथ कड़ी बोली प्रक्रिया के बाद केकेआर इस 30 वर्षीय गेंदबाज को अपनी टीम से जोड़ने में सफल रहा था। बीसीसीआई ने कहा कि 26 मार्च से शुरू होने वाली लीग में जरूरत पड़ने पर केकेआर को उनके स्थान पर किसी अन्य खिलाड़ी का चयन करने की अनुमति होगी।

लेखक के बारे में
Madan Tiwariलखनऊ के रहने वाले मदन तिवारी को मीडिया में एक दशक से भी ज्यादा का अनुभव है। वर्तमान में हिन्दुस्तान अखबार की न्यूज वेबसाइट लाइव हिन्दुस्तान (हिन्दुस्तान टाइम्स डिजिटल) में डिप्टी न्यूज एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। जागरण इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड मास कम्युनिकेशन से पत्रकारिता की पढ़ाई की। कक्षा 12वीं के बाद से ही दैनिक जागरण, अमर उजाला, जनसत्ता समेत तमाम अखबारों में संपादकीय पृष्ठ पर लिखना शुरू किया। महज दो सालों में विभिन्न राष्ट्रीय और क्षेत्रियों अखबारों में दो सौ से अधिक आलेख प्रकाशित हुए। ग्रेजुएशन करते समय ही मीडिया में नौकरी की शुरुआत की। लाइव हिन्दुस्तान में अभी दूसरी पारी है और दोनों पारियों को मिलाकर यहां आठ साल से ज्यादा हो चुके हैं। मदन आजतक जैसे अन्य संस्थानों में भी काम कर चुके हैं।
यूपी-बिहार की पॉलिटिक्स से लेकर राष्ट्रीय स्तर की राजनीतिक खबरों को कवर करने का लंबा अनुभव है। पॉलिटिकल न्यूज में ज्यादा रुचि है और पिछले एक दशक में देशभर में हुए विभिन्न विधानसभा चुनावों के साथ-साथ लोकसभा चुनावों को भी कवर किया है। लाइव हिन्दुस्तान के लिए मदन देश-विदेश में रोजाना घटित होने वाली खबरों के साथ-साथ पॉलिटिकल खबरों का एनालिसिस, विभिन्न अहम विषयों पर एक्सप्लेनर, ब्रेकिंग न्यूज, वायरल न्यूज आदि कवर करते हैं। इसके अलावा, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के टैरिफ वॉर से लेकर मिडिल ईस्ट में असली वॉर तक की इंटरनेशनल खबरों पर लिखते-पढ़ते रहते हैं। पिछले एक दशक में पत्रकारिता क्षेत्र में कई पुरस्कार मिल चुके हैं। मदन ने लाइव हिन्दुस्तान में काम करते हुए जर्नलिस्ट ऑफ द ईयर, मंथली अवॉर्ड्स, पॉपुलर च्वॉइस, एचटी स्टार अवॉर्ड्स समेत कई पुरस्कार जीते हैं।
और पढ़ें



