चर्चा है लेकिन...ओम बिरला के खिलाफ विपक्ष के अविश्वास प्रस्ताव पर क्या बोले शशि थरूर
लोकसभा स्पीकर ओम बिरला के खिलाफ विपक्ष की तरफ से अविश्वास प्रस्ताव लाने की तैयारी है। इस पर कांग्रेस सांसद शशि थरूर का कहना है कि उनसे इस बारे में कोई चर्चा नहीं की गई है। हालांकि उन्होंने इस आशय की जानकारी होने की बात स्वीकार की।

लोकसभा स्पीकर ओम बिरला के खिलाफ विपक्ष की तरफ से अविश्वास प्रस्ताव लाने की तैयारी है। इस पर कांग्रेस सांसद शशि थरूर का कहना है कि उनसे इस बारे में कोई चर्चा नहीं की गई है। हालांकि उन्होंने इस आशय की जानकारी होने की बात स्वीकार की। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि प्रक्रियात्मक जरूरतों का पालन किया जाना चाहिए। साथ ही यह भी कहाकि कोई औपचारिक नोटिस दायर नहीं की गई है और कुछ सदस्यों के बीच चर्चाएं चल रही हैं। बता दें कि बजट सत्र में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच काफी ज्यादा हंगामा चल रहा है। वहीं, विपक्ष और ओम बिरला के बीच भी तनातनी का माहौल है।
क्या बोले शशि थरूर
मीडिया से बात करते हुए थरूर ने कहाकि इस बारे में मेरे साथ कोई चर्चा नहीं हुई है। मुझे केवल यह पता है कि ऐसी कोई इच्छा है, लेकिन एक प्रक्रिया है। जब तक ऐसा कुछ दर्ज नहीं होता, तब तक कोई खबर नहीं है। बस मैं इतना कह सकता हूं कि कुछ लोग इन सब बातों पर चर्चा कर रहे हैं। गौरतलब है कि सुबह ऐसी खबरें आई थीं कि कांग्रेस सांसदों ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पर हस्ताक्षर किए। सूत्रों के अनुसार, इस प्रस्ताव को समाजवादी पार्टी (सपा) और द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (डीमके) का समर्थन प्राप्त है, जबकि तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) ने अभी तक अपनी स्थिति स्पष्ट नहीं की है। कांग्रेस अन्य दलों के साथ समर्थन सुनिश्चित करने के लिए विचार-विमर्श कर रही है।
अविश्वास प्रस्ताव की तैयारी का दावा
सूत्रों का यह भी दावा है कि पार्टी ने स्पष्ट कर दिया है कि उनके पास अविश्वास प्रस्ताव की नोटिस देने के लिए पर्याप्त सांसद हैं। अगर एक या दो पार्टियां इसका समर्थन नहीं भी करती हैं, तो कांग्रेस संविधानिक समय सीमा के भीतर प्रस्ताव लाने की योजना बना रही है। गौरतलब है कि विपक्षी दलों का दावा है कि लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी को राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान बोलने की अनुमति नहीं दी गई थी। इसके बाद से ही संसद में लगातार तनाव बना हुआ है। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा है कि यह बहुत दुखद स्थिति है कि लोकसभा नहीं चल रही है और सदन में आते ही उन्हें वापस लौटना पड़ता है। प्रियंका ने सोमवार को लोकसभा की कार्यवाही दोपहर दो बजे दिनभर के लिए स्थगित होने के बाद संसद भवन परिसर में पत्रकारों से कहा कि सदन में विपक्ष के नेता को बोलने नहीं दिया जाता है और सदन नहीं चल रहा है यह बहुत ही दुख की बात है।
‘स्पीकर पर सरकार का दबाव’
प्रियंका गांधी वाड्रा ने आगे कहाकि दबाव में आकर लोकसभा अध्यक्ष महिला सांसदों का अपमान कर रहे हैं। जिस तरह की सफाई लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को देनी पड़ रही है उससे साफ है कि वह बहुत दबाव में हैं और दबाव में ही बयान दे रहे हैं। उन्होंने कहाकि स्पीकर पर इतना दबाव है कि उन्हें खुद बयान देना पड़ रहा है, जो सही नहीं है। इसका सवाल ही नहीं उठता कि कोई मोदी जी पर हाथ उठाए। सदन में कांग्रेस की 11 महिला सांसद हैं, जिनमें से मैं भी एक हूं। सभी महिला सांसद गंभीर राजनीतिज्ञ हैं। स्पीकर ने उनका अपमान किया है। स्पीकर पर सरकार ने ऐसा कहने का दबाव डाला है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी की हिम्मत नहीं हुई सदन में आने की, इसलिए स्पीकर से सफाई दिलवा रहे हैं।





