Hindi NewsIndia NewsShashi Tharoor invited To Attend President Banquet For vladimir Putin amid Rahul gandhi complaint
राहुल गांधी और खरगे को पुतिन के डिनर में नहीं मिला न्योता, पर सरकार ने शशि थरूर को दिया ‘तोहफा’

राहुल गांधी और खरगे को पुतिन के डिनर में नहीं मिला न्योता, पर सरकार ने शशि थरूर को दिया ‘तोहफा’

संक्षेप:

पार्टी सूत्रों के मुताबिक कांग्रेस सांसद शशि थरूर को इस डिनर के लिए न्योता मिला है। थरूर ने बाद में न्योता मिलने की पुष्टि की है और कहा कि वह निश्चित रूप से इस कार्यक्रम में शामिल होंगे।

Dec 05, 2025 08:05 pm ISTJagriti Kumari लाइव हिन्दुस्तान
share Share
Follow Us on

Shashi Tharoor News: कांग्रेस सांसद शशि थरूर को रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के सम्मान में शुक्रवार शाम राष्ट्रपति भवन में आयोजित होने वाले राष्ट्रपति के बैंक्वेट में आमंत्रित किया गया है। दिलचस्प बात यह है कि इस खास डिनर के लिए लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को न्योता नहीं मिला है। हालांकि मोदी सरकार ने शशि थरूर को ‘तोहफा’ देते हुए उन्हें इस डिनर के लिए न्योता भेजा है। इस खबर पर शशि थरूर की भी प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने कहा है कि वह इस कार्यक्रम में जरूर जाएंगे।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

शशि थरूर ने राष्ट्रपति भवन से न्योता मिलने की पुष्टि करते हुए कहा है कि वह न्योता मिलने से सम्मानित महसूस कर रहे हैं। वहीं राहुल गांधी को न्योता ना मिलने के सवाल पर शशि थरूर ने कहा है कि उन्हें नहीं पता न्योता मिलने का आधार क्या है। उन्होंने पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा, “एक समय था जब एक्सटर्नल अफेयर्स कमिटी के चेयरमैन को नियमित तौर पर बुलावा आता था। यह प्रकिया कुछ समय से बंद हो गई थी। लेकिन लगता है यह दोबारा शुरू कर दिया गया है और मुझे न्योता मिला है। मैं जरूर जाऊंगा।”

राहुल गांधी ने जताई थी नाराजगी

बता दें कि इससे एक दिन पहले ही कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने गुरुवार को कहा था कि मोदी सरकार में विपक्ष के नेता को विदेशी गणमान्य मेहमानों से मिलने नहीं दिया जाता है। गांधी ने संसद भवन परिसर में पत्रकारों से कहा कि पहले जो भी विदेशी मेहमान आते थे तो उन्हें विपक्ष के नेता से मिलने दिया जाता था। यह परंपरा मोदी सरकार के आने से पहले तक जारी रही है लेकिन अब नहीं मिलने दिया जाता। उनका कहना था कि विपक्ष के नेता का एक अलग दृष्टिकोण होता है और उसे विदेशी गणमान्य अतिथि से मिलने की इजाजत होनी चाहिए लेकिन मोदी सरकार और विदेश मंत्रालय इन मानदंडों का पालन नहीं करते हैं। अब राष्ट्रपति के बैंक्वेट के लिए राहुल गांधी और खरगे को न्योता ना भेज कर शशि थरूर को बुलावा भेजा गया है जिससे राजनीतिक हलकों में अलग-अलग तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।

डिनर में शामिल होंगे 150 से ज्यादा मेहमान

इस बीच शुक्रवार को राष्ट्रपति भवन में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के सम्मान में एक शानदार स्टेट डिनर की तैयारियां पूरी हो गई हैं। राजनीति, बिजनेस और संस्कृति समेत अलग-अलग जगत की जानी-मानी हस्तियों को इस कार्यक्रम में आमंत्रित किया गया है। डिनर में 150 से ज़्यादा मेहमानों के शामिल होने की संभावना है। स्टेट डिनर के मेन्यू की बात करें तो यहां भारतीय और रूसी खाने का मिश्रण होने की उम्मीद है। इसमें कश्मीरी वजवान और रूसी बोर्स्ट जैसे व्यंजन शामिल होंगे।

ये भी पढ़ें:कोई गलतफहमी नहीं होनी चाहिए... पुतिन के भारत दौरे पर थरूर का चीन-US को साफ संदेश
ये भी पढ़ें:विदेशी मेहमानों से मिलने नहीं देते, राहुल गांधी के आरोपों पर क्या बोले शशि थरूर

जानकारी के मुताबिक यह कार्यक्रम में एक जॉइंट मिलिट्री बैंड भारत और रूस दोनों के पॉपुलर गाने बजाएगा। वहीं इंडियन आर्मी, नेवी और एयर फ़ोर्स के संगीतकारों से बना ट्राई-सर्विसेज बैंड, "सारे जहां से अच्छा" और "कदम कदम बढ़ाए जा" जैसे देशभक्ति गीतों का एक मेडले भी पेश करेगा।

Jagriti Kumari

लेखक के बारे में

Jagriti Kumari
जागृति ने 2024 में हिंदुस्तान टाइम्स डिजिटल सर्विसेज के साथ अपने करियर की शुरुआत की है। संत जेवियर कॉलेज रांची से जर्नलिज्म में ग्रैजुएशन करने बाद, 2023-24 में उन्होंने भारतीय जन संचार संस्थान नई दिल्ली से हिंदी पत्रकारिता में स्नातकोत्तर डिप्लोमा हासिल किया। खबरें लिखने के साथ साथ ग्राउंड रिपोर्टिंग का शौक है। साथ ही अंतरराष्ट्रीय संबंध, खेल और अर्थव्यवस्था की खबरों को पढ़ना पसंद है। मूल रूप से रांची, झारखंड की जागृति को खाली समय में सिनेमा देखना और सिनेमा के बारे में पढ़ना पसंद है। और पढ़ें
इंडिया न्यूज़ , विधानसभा चुनाव और आज का मौसम से जुड़ी ताजा खबरें हिंदी में | लेटेस्ट Hindi News, बॉलीवुड न्यूज , बिजनेस न्यूज , क्रिकेट न्यूज पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।