
‘साड़ी में शशि थरूर’, प्रियंका चतुर्वेदी ने शेयर की क्लिप; क्या रहा कांग्रेस सांसद का जवाब
कांग्रेस सांसद शशि थरूर अपनी हाजिरजवाबी के लिए जाने जाते हैं। हाल में फिर एक ऐसा वाकया हुआ, जिसमें शशि थरूर बातचीत के केंद्र में रहे। पूरा मामला शिवसेना (यूबीटी) की राज्यसभा सांसद प्रियंका चतुर्वेदी के एएनआई पॉडकास्ट से जुड़ा है।
कांग्रेस सांसद शशि थरूर अपनी हाजिरजवाबी के लिए जाने जाते हैं। हाल में फिर एक ऐसा वाकया हुआ, जिसमें शशि थरूर बातचीत के केंद्र में रहे। पूरा मामला शिवसेना (यूबीटी) की राज्यसभा सांसद प्रियंका चतुर्वेदी के एएनआई पॉडकास्ट से जुड़ा है। इस पॉडकास्ट में स्मिता प्रकाश ने प्रियंका चतुर्वेदी से पीएम मोदी के साथ वाली तस्वीर को लेकर सवाल पूछा था। इसके जवाब में प्रियंका ने जो जवाब दिया, उस पर स्मिता ने उनकी तुलना शशि थरूर से कर दी थी। इसी को लेकर शशि थरूर ने जवाब दिया है।
पॉडकास्ट में पूछा गया था सवाल
एएनआई के पॉडकास्ट में स्मिता प्रकाश ने प्रियंका चतुर्वेदी से सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ तस्वीर पोस्ट करने को लेकर सवाल पूछा। इसके जवाब में प्रियंका ने कहा कि कई बार मैं लोगों को तंग करना पसंद करती हूं। यह लोग हमेशा मेरी जिंदगी में घुसे रहते हैं। अब वह कहां जा रही है, जैसे सवाल पूछते रहते हैं। इस जवाब स्मिता प्रकाश मजाक में कहती हैं, आप मूल रूप से साड़ी में शशि थरूर हैं। इस पर प्रियंका हंस पड़ती हैं।
वह कहती हैं कि मुझे नहीं पता कि यह शशि थरूर के लिए कॉम्प्लीमेंट है या मेरे लिए, लेकिन मैं इसके बारे में शशि थरूर को बताऊंगी। बाद में प्रियंका चतुर्वेदी के बातचीत की यह क्लिप एक्स पर शेयर हुई थी। इस क्लिप पर शशि थरूर ने भी कमेंट किया। उन्होंने लिखा, ‘शुक्रिया प्रियंका, मैं किसी भी तरह खुद को खुशकिस्मत मानता हूं।’
पीएम मोदी संग शेयर की थी फोटो
इंटरव्यू में प्रियंका चतुर्वेदी ने बताया कि पीएम मोदी के साथ फोटो उन्होंने पहले इंस्टाग्राम पर साझा की थी। इसके बाद यह दूसरे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स तक पहुंच गई। गौरतलब है कि प्रियंका चतुर्वेदी भाजपा के दूसरे डेलीगेशन का हिस्सा थीं, जो आतंकवाद के खिलाफ भारत का पक्ष रखने यूरोपीय देशों में गया था। भाजपा सांसद रवि शंकर प्रसाद के साथ गई थीं। इस दौरान इस डेलीगेशन ने पाकिस्तान के दोहरे रवैये और आतंकवाद का साथ देने की उसकी नीति की भी पोल खोली थी।
इंटरव्यू में चुनाव आयोग पर भी हमला
एएनआई के साथ इंटरव्यू में प्रियंका चतुर्वेदी ने चुनाव आयोग पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि हर रोज, मतदाता सूची में नए नाम जोड़े और हटाए जा रहे हैं। अब इसका खुलासा हो चुका है। उन्होंने कहा कि हमने उनकी प्रेस कांफ्रेंस भी देखी और इसमें जो भाषा इस्तेमाल हुई वह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है। आज हालत यह है कि लोग चुनाव आयोग पर भरोसा नहीं करते।





