केरल में शशि थरूर के काफिले पर हमला, गनमैन और ड्राइवर घायल; कैसे हैं कांग्रेस नेता?
ड्राइवर की शिकायत पर वंडूर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। एक व्यक्ति को हिरासत में ले लिया गया है, जबकि अन्य 4 आरोपियों की पहचान हो चुकी है। पुलिस उनकी तलाश में छापेमारी कर रही है।

Attack on Shashi Tharoor: केरल में विधानसभा चुनावों से ठीक पहले कांग्रेस सांसद शशि थरूर के काफिले पर हमला हुआ है। यह घटना वंडूर की है। इस हमले में उनके निजी सुरक्षा गार्ड (गनमैन) और ड्राइवर घायल हो गए हैं। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए इस मामले में एक आरोपी को हिरासत में लिया है। यह घटना शुक्रवार शाम करीब 7:30 बजे मलप्पुरम जिले के वंडूर स्थित थिरुवली के पास चेल्लीथोड पुल पर हुई। आपको बता दें कि घटना जहां हुई वहां एक संकरा रास्ता है। पुल के पास भारी जाम की स्थिति थी।
शशि थरूर कांग्रेस नेता ए.पी. अनिलकुमार के चुनावी कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। रास्ते में दो वाहनों ने सांसद की कार का रास्ता रोका। जब उनके सुरक्षा गार्ड और ड्राइवर सतीश के.पी. ने जाम क्लियर कराने की कोशिश की तो 5 लोगों के समूह ने उन पर हमला कर दिया।
शशि थरूर बोले- मैं सुरक्षित हूं
इस घटना के बाद शशि थरूर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी साझा करते हुए शुभचिंतकों का शुक्रिया अदा किया। उन्होंने कहा, “मेरे सुरक्षा गार्ड पर हुए हमले से काफी दुखी हूं, लेकिन मैं पूरी तरह सुरक्षित हूं। हम इन बाधाओं से रुकने वाले नहीं हैं। हमने कल के सभी कार्यक्रम तय समय पर पूरे किए और हमारा चुनावी अभियान बिना किसी रुकावट के जारी रहेगा।”
ड्राइवर की शिकायत पर वंडूर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। एक व्यक्ति को हिरासत में ले लिया गया है, जबकि अन्य 4 आरोपियों की पहचान हो चुकी है। पुलिस उनकी तलाश में छापेमारी कर रही है।
आपको बता दें कि केरल की 140 सीटों के लिए 9 अप्रैल को मतदान होना है, जिसके नतीजे 4 मई को आएंगे। इस हमले के बाद राज्य में राजनीतिक तनाव बढ़ गया है।
वंडूर में यूडीएफ (UDF) उम्मीदवार के लिए प्रचार करते हुए शशि थरूर ने विश्वास जताया कि कांग्रेस नीत गठबंधन भारी बहुमत से सत्ता में वापसी करेगा। जब उनसे मुख्यमंत्री पद के चेहरे के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने स्पष्ट किया कि इसका फैसला चुनाव के बाद कांग्रेस हाईकमान और नवनिर्वाचित विधायक करेंगे।
लेखक के बारे में
Himanshu Jhaबिहार के दरभंगा जिले से ताल्लुक रखने वाले हिमांशु शेखर झा डिजिटल मीडिया जगत का एक जाना-माना नाम हैं। विज्ञान पृष्ठभूमि से होने के बावजूद (BCA और MCA), पत्रकारिता के प्रति अपने जुनून के कारण उन्होंने IGNOU से पत्रकारिता में डिप्लोमा किया और मीडिया को ही अपना कर्मक्षेत्र चुना।
एक दशक से भी अधिक समय का अनुभव रखने वाले हिमांशु ने देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों जैसे दैनिक भास्कर, न्यूज़-18 और ज़ी न्यूज़ में अपनी सेवाएं दी हैं। वर्तमान में, वे वर्ष 2019 से लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े हुए हैं।
हिमांशु की पहचान विशेष रूप से राजनीति के विश्लेषक के तौर पर होती है। उन्हें बिहार की क्षेत्रीय राजनीति के साथ-साथ राष्ट्रीय राजनीति की गहरी और बारीक समझ है। एक पत्रकार के रूप में उन्होंने 2014, 2019 और 2024 के लोकसभा चुनावों और कई विधानसभा चुनावों को बेहद करीब से कवर किया है, जो उनके वृहद अनुभव और राजनीतिक दृष्टि को दर्शाता है।
काम के इतर, हिमांशु को सिनेमा का विशेष शौक है। वे विशेष रूप से सियासी और क्राइम बेस्ड वेब सीरीज़ देखना पसंद करते हैं, जो कहीं न कहीं समाज और सत्ता के समीकरणों को समझने की उनकी जिज्ञासा को भी प्रदर्शित करता है।
और पढ़ें

