
90 साल की मां के साथ... कांग्रेस की बैठक में न जाने पर शशि थरूर की सफाई, क्या बताया
शशि थरूर ने कहा, 'मैंने मीटिंग नहीं छोड़ी। मैं प्लेन में था और केरल से वापस लौट रहा था।' शीतकालीन सत्र से पहले कांग्रेस पार्टी की रणनीतिक बैठक रविवार को हुई थी, जिसकी अध्यक्षता सोनिया गांधी ने की थी। इस मीटिंग में शशि थरूर नहीं पहुंचे तो काफी चर्चा हुई।
कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने कांग्रेस की अहम रणनीतिक बैठक में ना पहुंचने को लेकर सफाई दी है। उन्होंने कहा कि मैंने जानबूझकर मीटिंग नहीं छोड़ी। मीटिंग के वक्त मैं फ्लाइट में था और केरल से दिल्ली लौट रहा था। गैरहाजिर रहने के सवालों पर शशि थरूर ने कहा, 'मैंने मीटिंग नहीं छोड़ी। मैं प्लेन में था और केरल से वापस लौट रहा था।' शीतकालीन सत्र से पहले कांग्रेस पार्टी की रणनीतिक बैठक रविवार को हुई थी, जिसकी अध्यक्षता सोनिया गांधी ने की थी। इस मीटिंग में शशि थरूर नहीं पहुंचे तो काफी चर्चा हुई। ऐसा इसलिए क्योंकि उनके कई बयान पिछले दिनों कांग्रेस को असहज करने वाले रहे हैं।
यही नहीं उन्होंने तो नेहरू-गांधी परिवार पर राजनीति में परिवारवाद को बढ़ावा देने का भी आरोप लगाया। शशि थरूर ने इससे पहले कांग्रेस की SIR को लेकर हुई मीटिंग में छोड़ दी थी। तब उनका कहना था कि उनकी सेहत ठीक नहीं थी। शशि थरूर के कार्यालय के अनुसार वह अपनी 90 वर्षीया मां के साथ फ्लाइट से आ रहे थे। ऐसे में उनका दिल्ली टाइम पर पहुंचना मुश्किल था। इसके अलावा कांग्रेस के महासचिव केसी वेणुगोपाल भी मीटिंग में नहीं आ सके। उनके बारे में जानकारी यह दी जा रही है कि वह केरल के स्थानीय निकाय के चुनाव में व्यस्त थे।
वेणुगोपाल की गैरहाजिरी तो सामान्य रही, लेकिन शशि थरूर को लेकर चर्चाओं का दौर जारी है। इसकी वजह यह है कि शशि थरूर लगातार कई बैठकों से दूर रहे हैं। इसके अलावा कांग्रेस की कई बैठकों में भी वह नहीं पहुंचे हैं। उन्हें लेकर चर्चाओं का दौर इसलिए भी जारी है क्योंकि वह SIR को लेकर हुई मीटिंग में नहीं आए थे, लेकिन उससे एक दिन पहले ही पीएम मोदी के साथ एक कार्यक्रम में मौजूद थे। इसके अलावा सोशल मीडिया पर पीएम मोदी की तारीफ को लेकर भी सवाल उठे थे। कई कांग्रेस नेताओं ने तो यहां तक कहा था कि यदि पीएम मोदी उन्हें इतने ही अच्छे लगते हैं तो भाजपा में ही शामिल क्यों नहीं हो जाते।





