ममता को SC से झटका, फ्रीज किए गए बैंक खातों के इस्तेमाल की नहीं मिली इजाजत; 804 करोड़ हैं जमा
सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि चुनाव आयोग ने पार्टी के चुनाव चिह्न को फ्रीज कर दिया है। इसलिए यह बड़ा मुद्दा कि उस रकम का असली हकदार कौन है। यह मामला अभी विचाराधीन है।

Mamata Banerjee: सुप्रीम कोर्ट ने बनर्जी के नेतृत्व वाले TMC गुट को बड़ा झटका दिया है। देश की सर्वोच्च अदालत ने ममता गुट की उस याचिका को खारिज कर दिया जिसमें चार ऐसे बैंक खातों को ऑपरेट करने की इजाजत मांगी गई थी जिन्हें फ्रीज कर दिया गया है। जस्टिस एमएम सुंदरेश और जस्टिस पीबी वराले की बेंच ने कहा कि वे कलकत्ता हाईकोर्ट के उस आदेश में दखल नहीं देना चाहते जिसमें याचिका को मंजूरी देने से इनकार कर दिया गया था।
सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि चुनाव आयोग ने पार्टी के चुनाव चिह्न को फ्रीज कर दिया है। इसलिए यह बड़ा मुद्दा कि उस रकम का असली हकदार कौन है। यह मामला अभी विचाराधीन है। बेंच ने कहा, "हम मामले के गुण-दोष पर नहीं जा रहे हैं। हम आर्टिकल 136 के तहत अपने अधिकार क्षेत्र का इस्तेमाल नहीं करना चाहते। हम हाईकोर्ट से अनुरोध करते हैं कि वह सुनवाई में तेजी लाए।"
804 करोड़ हैं जमा
आपको बता दें कि कलकत्ता हाईकोर्ट ने 27 अगस्त को ममता बनर्जी के नेतृत्व वाले TMC गुट को चार बैंक खातों को ऑपरेट करने की इजाजत देने वाला अंतरिम आदेश जारी करने से इनकार कर दिया था। आपको बता दें कि इन खातों में लगभग 804 करोड़ रुपये जमा हैं। कोर्ट ने कहा था कि ऐसी राहत देने से उसका पहले का आदेश कमजोर हो जाएगा, जिसमें राजनीतिक पार्टी को रोजमर्रा के खर्चों को पूरा करने की इजाजत दी गई थी।
एफआईआर में गिनाई कमियां
TMC ने पब्लिक सेक्टर के बैंकों में मौजूद उन चार खातों को ऑपरेट करने की इजाजत मांगी थी जिन्हें पश्चिम बंगाल पुलिस ने फ्रीज कर दिया था। पार्टी का दावा था कि खातों को फ्रीज करने से जुड़ी FIR में कमियां थीं।

