Hindi NewsदेशSaudi Bus Accident Live: सऊदी अरब में उमराह करने गए भारतीयों की बस टैंकर से भिड़ी, 45 की मौत; हेल्पलाइन नंबर जारी

Saudi Bus Accident Live: सऊदी अरब में उमराह करने गए भारतीयों की बस टैंकर से भिड़ी, 45 की मौत; हेल्पलाइन नंबर जारी

Saudi Bus Accident Live: पीएम मोदी ने कहा कि वह सऊदी अरब के मदीना में हुई बस दुर्घटना में भारतीय श्रद्धालुओं के मारे जाने से बेहद दुखी हैं। बस में सवार अधिकतर तेलंगाना के रहने वाले थे। बस देर रात लगभग डेढ़ बजे तेल टैंकर से टकरा गई थी।

Saudi Bus Accident Live: सऊदी अरब में उमराह करने गए भारतीयों की बस टैंकर से भिड़ी, 45 की मौत; हेल्पलाइन नंबर जारी

Saudi Arabia bus accident many Indians were killed passenger traveling from Mecca to Medina latest updates

Niteesh Kumar| लाइव हिन्दुस्तान | Mon, 17 Nov 2025 05:17 PM IST
हमें फॉलो करें

Saudi Bus Accident Live: सऊदी अरब में मक्का से मदीना जा रही बस डीजल टैंकर से टकरा गई। बस में उमराह करने निकले भारतीय सवार थे और हादसे की चपेट में आने से 45 की मौत हो गई है, इसमें 43 भारतीय हैं, जबकि 2 सऊदी नागरिक हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, टक्कर होने से बस तुरंत आग की लपटों में घिर गई और लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई। स्थानीय अधिकारियों ने बचाव कार्य शुरू किया, लेकिन आग की तीव्रता ने स्थिति को और जटिल बना दिया। मृतकों में 20 महिलाएं और 11 बच्चे शामिल हैं, बाकियों की पहचान की जा रही है। इस हादसे में केवल एक व्यक्ति के जीवित बचे होने की जानकारी मिली है। हज समिति के प्रवक्ता ने कहा कि यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि किस ट्रैवल एजेंसी ने तीर्थयात्रा की सुविधा प्रदान की और कितने मृतक तेलंगाना के निवासी थे।

तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी ने इस त्रासदी पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने राज्य के मुख्य सचिव के रामकृष्ण राव और पुलिस महानिदेशक रवि गुप्ता को घटना का पूरा विवरण इकट्ठा करने का निर्देश दिया है। राज्य कैबिनेट ने इस हादसे में मारे गए प्रत्येक नागरिक को 5 लाख रुपए देने का ऐलान किया है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर मुख्य सचिव ने नई दिल्ली में राज्य के रेजिडेंट कमिश्नर गौरव उप्पल को सूचित किया और उन्हें केंद्रीय विदेश मंत्रालय व सऊदी दूतावास के साथ समन्वय करने को कहा। राज्य सरकार ने आवश्यक राहत उपायों के लिए भी कदम उठाए हैं। रेड्डी ने कहा है कि पीड़ित परिवारों की सहायता के लिए सचिवालय में नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। अधिकारियों ने नागरिकों से सऊदी अरब में हुई त्रासदी के बारे में किसी भी जानकारी के लिए इन नंबरों 91 79979 59754 और 91 99129 19545 पर संपर्क करने का अनुरोध किया है। सऊदी अरब में बस हादसे से जुड़ा हर एक ताजा अपडेट…

17 Nov 2025, 05:16:01 PM IST

Saudi Bus Accident Live: सऊदी में मरने वाले श्रद्धालुओं को तेलंगाना सरकार देगी 5 लाख

Saudi Bus Accident Live: तेलंगाना सरकार में सऊदी अरब में दुर्घटना में मारे गए श्रद्धालुओं को 5 लाख रुपए की अनुग्रह राशी देने का ऐलान किया है। इतना ही नहीं राज्य कैबिनेट ने निर्णय लिया है कि अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री मोहम्मद अजहरुद्दीन के नेतृत्व में एक सरकारी टीम को सऊदी अरब भेजा जाएगा। इस टीम में एआईएमआईएम के एक विधायक और अल्पसंख्यक समुदाय के वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे।

17 Nov 2025, 02:48:37 PM IST

Saudi Bus Accident Live: मल्लिकार्जुन खरगे ने जताया दुख

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने सऊदी अरब में बस दुर्घटना में 45 भारतीय नागिरकों की मौत पर सोमवार को दुख जताया। उन्होंने केंद्र सरकार से आग्रह किया कि राहत और सहायता प्रदान करने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएं। खरगे ने यह भी कहा कि उन्होंने तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी को भी पीड़ित परिवारों की मदद लिए कहा है।

17 Nov 2025, 02:26:47 PM IST

Saudi Bus Accident Live: सऊदी हादसे पर अभिनेता चिरंजीवी का बयान

सऊदी अरब में हुए बस हादसे में कई भारतीय उमराह यात्री होने की आशंका के बाद अभिनेता चिरंजीवी ने कहा, 'हमारी पूरी संवेदना और सहानुभूति पीड़ित परिवारों के साथ है। हम भगवान से प्रार्थना करते हैं कि दिवंगत आत्माओं को शांति मिले।'

17 Nov 2025, 02:07:44 PM IST

Saudi Bus Accident Live: आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री ने जताया दुख

आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने सऊदी अरब में हुई बस दुर्घटना पर सोमवार को दुख व्यक्त किया। इस घटना में पड़ोसी राज्य तेलंगाना से उमराह करने गए कई श्रद्धालुओं की मौत हो गई। उन्होंने कहा, ‘सऊदी अरब में हुई दुर्घटना के बारे में सुनकर मुझे गहरा दुख हुआ है जिसमें उमराह करने गए तेलंगाना के हमारे साथी भाई-बहनों की जान चली गई। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे और शोक संतप्त परिवारों को इस कठिन समय को सहन करने की शक्ति दे।’

17 Nov 2025, 01:41:30 PM IST

Saudi Bus Accident Live: 'शव इस कदर जले कि शिनाख्त भी मुश्किल'

सऊदी अरब में बस हादसे पर तेलंगाना के मंत्री मोहम्मद अजहरुद्दीन ने कहा, 'यह घटना बहुत ही दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण है। बस में सवार लोग जिस डीजल टैंकर से टकराए, उस हादसे में कई लोगों की मौत हो गई। मुझे जो जानकारी मिली है उसके अनुसार शव इस कदर जल चुके हैं कि उनकी शिनाख्त भी मुश्किल हो रही है। सरकार ने हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया है और हम हर संभव मदद कर रहे हैं। मैं खुद व्यक्तिगत रूप से इस स्थिति पर नजर रख रहा हूं। यह सुनिश्चित कर रहा हूं कि पीड़ित परिवार के कम से कम एक सदस्य को सऊदी अरब भेजा जाए।'

17 Nov 2025, 01:37:54 PM IST

Saudi Bus Accident Live: अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री का एक्स पोस्ट

अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री किरेन रीजीजू ने कहा कि वह सऊदी अरब में मदीना-मक्का राजमार्ग पर हुई बस दुर्घटना में कई भारतीय श्रद्धालुओं के मारे जाने की खबर से स्तब्ध और बेहद दुखी हैं। रीजीजू ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, ‘शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदना।’

17 Nov 2025, 01:07:24 PM IST

Saudi Bus Accident Live: सहायता नंबर हुए जारी

जेद्दाह में भारत के महावाणिज्य दूतावास ने सहायता के लिए कई संपर्क नंबर साझा किए हैं, जिनमें 8002440003 (टोल-फ्री), 00966122614093, 00966126614276 और 00966556122301 (व्हाट्सएप) शामिल हैं। परिवार के सदस्यों से तत्काल सहायता के लिए इन नंबरों पर संपर्क करने की अपील की गई है।

17 Nov 2025, 01:04:37 PM IST

Saudi Bus Accident Live: बस जल गई मगर ड्राइवर बच गया

हादसे के प्रत्यक्षदर्शी और हैदराबाद के निवासी एक व्यक्ति का वीडियो सामने आया है। इसमें फोन पर उसने घटना को लेकर दिल दहला देने वाले डिटेल साझा किए। उन्होंने कहा, 'मक्का से मदीना को बस आ रही थी। वो बस पूरी जल गई है। उसमें से एक आदमी और ड्राइवर बच गया है।'

17 Nov 2025, 12:44:45 PM IST

Saudi Bus Accident Live: पीएम मोदी ने घटना पर दुख जताया

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट करके कहा, 'मदीना में भारतीय नागरिकों से जुड़ी दुर्घटना से गहरा दुख हुआ। जिन परिवारों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके साथ मेरी संवेदनाएं हैं। सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। रियाद में हमारा दूतावास और जेद्दा में वाणिज्य दूतावास हरसंभव सहायता प्रदान कर रहे हैं। हमारे अधिकारी सऊदी अरब प्राधिकारियों के साथ निकट संपर्क में हैं।'

17 Nov 2025, 12:14:27 PM IST

Saudi Bus Accident Live: बस हादसे पर ओवैसी ने क्या कहा

सऊदी अरब में बस दुर्घटना पर हैदराबाद के सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने कहा, 'मक्का से मदीना जा रहे 42 हज यात्री एक बस में सवार थे जो आग की चपेट में आ गई। मैंने रियाद में भारतीय दूतावास के उप मिशन प्रमुख अबू माथेन जॉर्ज से बात की। उन्होंने मुझे आश्वासन दिया कि वे इस मामले की जानकारी एकत्र कर रहे हैं। मैंने दो हैदराबाद स्थित ट्रैवल एजेंसियों से संपर्क किया और यात्रियों का विवरण रियाद दूतावास व विदेश सचिव को साझा किया। मैं केंद्र सरकार, विशेष रूप से विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर से अनुरोध करता हूं कि शवों को भारत वापस लाया जाए। अगर कोई घायल है तो उन्हें उचित चिकित्सा उपचार सुनिश्चित किया जाए।'

17 Nov 2025, 11:56:47 AM IST

Saudi Bus Accident Live: ओवैसी भारत के महावाणिज्य दूतावास के संपर्क में

तेलंगाना में नांपल्ली के विधायक मोहम्मद माजिद हुसैन ने कहा, 'सऊदी अरब में एक बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण हादसा हुआ जिसमें बस दुर्घटना में कई लोगों की मौत हो गई। हम अधिकारियों के संपर्क में हैं और AIMIM सांसद असदुद्दीन ओवैसी जेद्दा में भारत के महावाणिज्य दूतावास के संपर्क में हैं। मैं शोकसंतप्त परिवारों के संपर्क में हूं।'

17 Nov 2025, 11:49:32 AM IST

Saudi Bus Accident Live: जेद्दा में भारत का महावाणिज्य दूतावास क्या बोला

जेद्दा में भारत के महावाणिज्य दूतावास ने कहा, 'सऊदी अरब के मदीना के पास उमराह तीर्थयात्रियों से जुड़े दुखद बस हादसे के मद्देनजर जेद्दा में भारत के महावाणिज्य दूतावास में 24x7 कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। हम शोकसंतप्त परिवारों के प्रति अपनी गहन संवेदना व्यक्त करते हैं। रियाद में दूतावास और जेद्दा में वाणिज्य दूतावास सऊदी हज व उमराह मंत्रालय तथा अन्य स्थानीय अधिकारियों के संपर्क में हैं। वे संबंधित उमराह ऑपरेटरों के भी संपर्क में हैं। महावाणिज्य दूतावास के कर्मचारियों और भारतीय समुदाय के स्वयंसेवकों की टीम विभिन्न अस्पतालों और स्थलों पर मौके पर मौजूद है।

17 Nov 2025, 11:38:56 AM IST

Saudi Bus Accident Live: पीड़ितों के परिवारवालों ने क्या बताया

सऊदी अरब में बस हादसे पर हैदराबाद के एक निवासी ने कहा, 'मेरे परिवार के पांच सदस्य सऊदी अरब गए थे और मदीना जाते समय उन्हें ले जा रही बस का एक्सीडेंट हो गया। हमें जानकारी है कि बस में मौजूद सभी लोग मारे गए। हम सरकार से अनुरोध करते हैं कि शवों को भारत लाने के लिए उचित व्यवस्था करें।'

17 Nov 2025, 11:36:32 AM IST

Saudi Bus Accident Live: 45-46 लोगों का निकला था जत्था

हैदराबाद निवासी मुफ्ती आसिफुल्लाह ने कहा, '45-46 सदस्यों का एक जत्था हैदराबाद से सऊदी अरब गया था। उन्हें ले जा रही बस में आग लग गई। जैसे ही हमें सूचना मिली, हमने अल मक्का टूर्स एंड ट्रैवल्स से संपर्क किया। AIMIM सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने मुझसे बात की। हम सरकार से आग्रह करते हैं कि हमें सऊदी अरब जाने की अनुमति दी जाए। मेरे परिवार के 7 सदस्य सऊदी अरब गए थे।'

17 Nov 2025, 11:29:36 AM IST

Saudi Bus Accident Live: 24x7 कंट्रोल रूम स्थापित किया गया

जेद्दा में भारत के महावाणिज्य दूतावास ने घोषणा की कि रिश्तेदारों की सहायता करने और आपातकालीन कार्रवाई को लेकर 24x7 कंट्रोल रूम सक्रिय कर दिया गया है। महावाणिज्य दूतावास ने पोस्ट किया, 'सऊदी अरब के मदीना के पास भारतीय उमराह तीर्थयात्रियों से जुड़े दुखद बस हादसे के मद्देनजर जेद्दा में भारत के महावाणिज्य दूतावास में 24x7 कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है।'

17 Nov 2025, 11:17:26 AM IST

Saudi Bus Accident Live: विदेश मंत्री ए जयशंकर ने जताया शोक

विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने कहा, 'सऊदी अरब के मदीना में भारतीय नागरिकों से जुड़े हादसे से गहराई से स्तब्ध हूं। रियाद में हमारा दूतावास और जेद्दा में वाणिज्य दूतावास इस हादसे से प्रभावित भारतीय नागरिकों व उनके परिवारों को सहायता प्रदान कर रहे हैं। शोकसंतप्त परिवारों के प्रति गहन संवेदना। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।'

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।