BJP ने वादा किया कि जो मांगूंगी वो मिलेगा, AAP विधायक के CM पर ऑपरेशन लोटस के आरोप
सीएम नायब सिंह सैनी ने दावों को खारिज करते हुए पंजाब में AAP सरकार पर कटाक्ष किया और दावा किया कि वहां के लोग इससे पूरी तरह निराश हैं तथा अब उन्होंने 2027 के चुनाव में भाजपा को सत्ता में चुनने का मन बना लिया है।

पंजाब में आम आदमी पार्टी (AAP) की विधायक नरिंदर कौर भरज ने गुरुवार को दावा किया कि हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने 2027 का पंजाब विधानसभा चुनाव संगरूर सीट से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के टिकट पर लड़ने की उन्हें पेशकश की है। सैनी ने इस आरोप का खंडन किया है। जब पत्रकारों ने भरज के दावों पर टिप्पणी के लिए सैनी से संपर्क किया, तो मुख्यमंत्री ने कहा, 'मैं उन्हें नहीं जानता, न ही उनके निर्वाचन क्षेत्र को जानता हूं जिसका वह प्रतिनिधित्व करती हैं।'
ऑपरेशन लोटस का दावा
संगरूर सीट से AAP विधायक ने यह भी दावा किया कि उन्हें बंद कमरे में बैठक की पेशकश की गई थी। दावे पर फरीदाबाद में मीडियाकर्मियों के सवालों पर सैनी ने पूछा, 'कब?'। इससे पहले, भरज ने यहां मीडियाकर्मियों को संबोधित करते हुए दावा किया कि भाजपा के 'ऑपरेशन लोटस' के तहत सैनी ने उनसे संपर्क करने की कोशिश की और कुछ दिन पहले उनसे बात भी की थी। उन्होंने दावा किया कि सैनी ने बंद कमरे में एक बैठक का प्रस्ताव रखा।
भरज ने कहा कि भाजपा को सभी निर्वाचन क्षेत्रों में उम्मीदवारों की आवश्यकता है। उन्होंने दावा किया कि सैनी ने उन्हें संगरूर सीट से चुनाव लड़ने के लिए भाजपा का टिकट देने की पेशकश की थी। 'AAP' विधायक ने कहा, 'मुझे यह भी आश्वासन दिया गया था कि मैं जो भी मांग रखूंगी, उसे पूरा किया जाएगा।'
पहली बार विधायक बनीं भरज ने कहा कि मीडिया के माध्यम से वह हरियाणा के मुख्यमंत्री को यह बताना चाहती हैं कि आज वह जो कुछ भी हैं, वह आम आदमी पार्टी और पंजाब की जनता की बदौलत हैं। पंजाब विधायक के दावों को लेकर AAP पर पलटवार करते हुए भाजपा की हरियाणा इकाई ने आरोप लगाया कि अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली पार्टी की राजनीति 'झूठ, साजिश और नाटक' पर आधारित है।
क्या बोले नायब सिंह सैनी
सैनी ने दावों को खारिज करते हुए पंजाब में AAP सरकार पर कटाक्ष किया और दावा किया कि वहां के लोग इससे पूरी तरह निराश हैं तथा अब उन्होंने 2027 के चुनाव में भाजपा को सत्ता में चुनने का मन बना लिया है।
आप का दावा
चंडीगढ़ में पत्रकारों से बातचीत में भरज के साथ मौजूद AAP महासचिव और मीडिया प्रभारी बलतेज पन्नू ने कहा कि यह पहली बार नहीं है कि भाजपा ने 'AAP विधायकों को खरीदने की कोशिश की है, लेकिन वे भूल गए हैं कि पंजाबी अपने सम्मान के लिए जाने जाते हैं।' पन्नू ने कहा, 'हम भाजपा को चेतावनी देते हैं कि वह इस 'बिकाऊ' का बोर्ड किसी अन्य राज्य में लगाए।' यह पहली बार नहीं है जब 'AAP' ने 'ऑपरेशन लोटस' का जिक्र करते हुए आरोप लगाया है।
पहले भी आप ने किया था ऑपरेशन लोटस का दावा
साल 2022 में, आम आदमी पार्टी ने दावा किया था कि भाजपा ने अपने 'ऑपरेशन लोटस' के तहत छह महीने पुरानी सरकार को गिराने के प्रयास में उसके कम से कम 10 विधायकों से संपर्क किया था और उन्हें 25-25 करोड़ रुपये की पेशकश की थी। हरियाणा के मुख्यमंत्री के मीडिया सचिव अत्रे ने आम आदमी पार्टी के आरोपों को 'ध्यान भटकाने की रणनीति' बताया और कहा कि पंजाब के लोग अब भगवंत मान सरकार से उसके अधूरे वादों को लेकर सवाल कर रहे हैं।

लेखक के बारे में
Nisarg Dixitनिसर्ग दीक्षित न्यूजरूम में करीब एक दशक का अनुभव लिए निसर्ग दीक्षित शोर से ज़्यादा सार पर भरोसा करते हैं। पिछले 4 साल से वह लाइव हिनुस्तान में डिप्टी चीफ प्रोड्यूसर के रूप में कार्यरत हैं, जहां खबरों की योजना, लेखन, सत्यापन और प्रस्तुति की जिम्मेदारी संभालते हैं। इससे पहले दैनिक भास्कर और न्यूज़18 जैसे बड़े मीडिया संस्थानों में काम कर चुके हैं, जहाँ उन्होंने ग्राउंड रिपोर्टिंग से लेकर डेस्क तक की भूमिकाएं निभाईं। उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की, जिसने उनके काम करने के तरीके को व्यावहारिक और तथ्य आधारित बनाया। निसर्ग की खास रुचि खोजी रिपोर्टिंग, ब्रेकिंग स्टोरीज़ और विज़ुअल न्यूज़ स्टोरीज़ में है। वे जटिल मुद्दों को सरल भाषा और स्पष्ट तथ्यों के साथ प्रस्तुत करने में विश्वास रखते हैं। राजनीति और जांच पड़ताल से जुड़े विषयों पर उनकी मजबूत पकड़ है। निसर्ग लोकसभा चुनावों, कई राज्यों के विधानसभा चुनावों और अहम घटनाओं को कवर कर चुके हैं। साथ ही संसदीय कार्यवाही और सुप्रीम कोर्ट की महत्वपूर्ण सुनवाइयों को नियमित रूप से कवर करते हैं। गूगल जर्नलिस्ट्स स्टूडियो में भी निसर्ग योगदान देते हैं।
और पढ़ें



