
सपा सांसद ने प्रदूषण के पीछे शवों को जलाने और होलिका दहन को ठहराया जिम्मेदार, गिरिराज भड़के
वायु प्रदूषण पर सपा सांसद आरके चौधरी का कहना है कि पूरे देश में लाशें जलाई जाती हैं, जिससे कार्बन डाइऑक्साइड, कार्बन मोनो ऑक्साइड निकलती हैं और ऑक्सीजन की खपत होती है। ऐसे ही हमारा त्योहार है होलिका दहन का। पूरे देशभर में पांच करोड़ जगहों पर एक साथ होलिका दहन होती है, जिससे ऑक्सीजन की खपत होती है।
दिल्ली-एनसीआर में लंबे समय से वायु प्रदूषण की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। समाजवादी पार्टी के सांसद आरके चौधरी ने इस मामले में शवों को जलाने और होलिका दहन को भी जिम्मेदार ठहरा दिया है। लखनऊ के पास की लोकसभा सीट मोहनलालगंज से सपा सांसद आरके चौधरी का कहना है कि जब शव जलाए जाते हैं, तो उनसे कार्बन डाइऑक्साइड और कार्बन मोनोऑक्साइड निकलती है, और यह वातावरण में ऑक्सीजन को जला देती है। होलिका दहन के समय आग जलाने पर भी कार्बन डाइऑक्साइड और कार्बन मोनोऑक्साइड निकलती है। हमारा देश हवा में प्रदूषण को लेकर गंभीर नहीं है। चौधरी के इस बयान पर भाजपा सांसद और केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने पलटवार किया और कहा कि वे अपना धर्म बदल लें।
वायु प्रदूषण के मुद्दे पर सपा सांसद आरके चौधरी ने न्यूज एजेंसी एएनआई से कहा, ''मैं पर्यावरण मंत्री रहा हूं। जिस तरह से इस पर काम किया जाता है वह गलत है। भारत में पर्यावरण को ठीक करने के लिए ज्यादातर एनजीओ और विभाग काम करते हैं, जिनका मकसद होता है ऑक्सीजन की खपत कम हो, कार्बन डाइऑक्साइड कम निकले, जिससे ऑक्सीजन अच्छी रहेगी तो इंसानों, जानवरों के काम आएगा। इसी में सभी लगे हैं, लेकिन इसमें गलती है।''
उन्होंने आगे कहा, ''काम होना चाहिए कि ऑक्सीजन ज्यादा निकले और कार्बन डाइऑक्साइड कम निकले। इस पर काम नहीं होता। अधिकतर एनजीओ और विभाग पेड़ लगाने को कहते हैं, लेकिन पूरे देश में लाशें जलाई जाती हैं, जिससे कार्बन डाइऑक्साइड, कार्बन मोनो ऑक्साइड निकलती हैं और ऑक्सीजन की खपत होती है। यह तो उलटा हुआ। ऐसे ही हमारा त्योहार है होलिका दहन का। पूरे देशभर में पांच करोड़ जगहों पर एक साथ होलिका दहन होती है, जिससे ऑक्सीजन की खपत होती है। कहीं न कहीं हमारा देश है, वह पर्यावरण को लेकर गंभीर नहीं है। हमारा देश कार्बन डाइऑक्साइड और कार्बन मोनो ऑक्साइड को खत्म करने के लिए गंभीर नहीं है। लाश जलाने के लिए और भी इंतजाम है, उसे करना चाहिए। बात धर्म की नहीं है। जो गैस मनुष्य और जानवरों के लिए हानिकारक है, उसे बंद कर देना चाहिए। हर हालत में ऑक्सीजन को बचाना चाहिए।''
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह का पलटवार
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने इस पर पलटवार करते हुए कहा है, ''वह अपना धर्म बदल लें। हम नहीं जानते कि वह हिंदू हैं या फिर मुसलमान। हिंदू धर्म में जलाने से हम एक ही जगह साढ़े तीन हाथ हैं। दूसरे धर्म में तो प्रत्येक व्यक्ति के लिए साढ़े तीन हाथ जमीन लेते हैं।'' बता दें कि दिल्ली समेत कई राज्यों में एयर पलूशन की समस्या काफी समय से है। ठंड आने के समय यह और बढ़ जाती है, जिससे विजिबिलिटी तो घटती ही है, साथ ही, लोगों की हेल्थ पर भी असर पड़ता है।

लेखक के बारे में
Madan Tiwariलखनऊ के रहने वाले मदन को डिजिटल मीडिया में आठ साल से अधिक का अनुभव है। लाइव हिन्दुस्तान में यह दूसरी पारी है। राजनीतिक विषयों पर लिखने में अधिक रुचि है। नेशनल, इंटरनेशनल, स्पोर्ट्स, यूटीलिटी, एजुकेशन समेत विभिन्न बीट्स में काम किया है। लगभग सभी प्रमुख अखबारों के संपादकीय पृष्ठ पर 200 से अधिक आर्टिकल प्रकाशित हो चुके हैं। खाली समय में लॉन टेनिस खेलना पसंद है।
और पढ़ें



