दिशा सालियान केस की FIR पर बवाल, संजय राउत ने पूछा- जब 16 पेज की रिपोर्ट थी, तो सिर्फ 1 पन्ना बाहर कैसे आया?

लाइव हिन्दुस्तान
share

सीबीआई ने इस मामले में औपचारिक जांच शुरू करने से पहले 11 सितंबर को दिशा सालियान के पिता सतीश सालियान का विस्तृत बयान दर्ज किया था। FIR में फिलहाल किसी भी व्यक्ति को सीधे तौर पर 'आरोपी' के रूप में नामजद नहीं किया गया है।

Sanjay Raut Disha Saliyan
दिशा सालियान केस: सांसद संजय राउत ने सीबीआई की इस कार्रवाई को राज्य सरकार की गहरी राजनीतिक साजिश करार दिया है।

दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की पूर्व मैनेजर दिशा सालियान की संदिग्ध मौत के मामले में CBI के केस दर्ज किए जाने के बाद महाराष्ट्र की राजनीति में भूचाल आ गया है। बॉम्बे हाईकोर्ट के आदेश पर 13 सितंबर को सीबीआई ने इस मामले में FIR दर्ज कर सीधे गवाहों और संबंधित लोगों के बयान दर्ज करने शुरू कर दिए हैं।

जांच शुरू होते ही इस मामले पर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। उद्धव ठाकरे गुट (शिवसेना-UBT) के सांसद संजय राउत ने सीबीआई की इस कार्रवाई को राज्य सरकार की गहरी राजनीतिक साजिश करार दिया है।

16 पन्नों की FIR और 33 से ज्यादा चर्चित नाम

सीबीआई ने इस मामले में औपचारिक जांच शुरू करने से पहले 11 सितंबर को दिशा सालियान के पिता सतीश सालियान का विस्तृत बयान दर्ज किया था। इसके बाद तैयार की गई 16 पन्नों की एफआईआर में पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे, पूर्व मंत्री आदित्य ठाकरे, पूर्व गृह मंत्री अनिल देशमुख, मुंबई के पूर्व पुलिस कमिश्नर परमबीर सिंह, सचिन वाजे और अभिनेता डिनो मोरिया समेत 33 से ज्यादा लोगों के नामों का जिक्र है।

हालांकि, बॉम्बे हाईकोर्ट के सख्त दिशा-निर्देशों के मुताबिक, एफआईआर में फिलहाल किसी भी व्यक्ति को सीधे तौर पर 'आरोपी' के रूप में नामजद नहीं किया गया है। अदालत ने साफ किया है कि जब तक सीबीआई की जांच पूरी नहीं हो जाती, तब तक किसी को भी आरोपी नहीं माना जाएगा।

'यह लड़की के चरित्र और संवेदनशीलता से जुड़ा मामला'

सीबीआई जांच और लीक हुई जानकारियों पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए शिवसेना (UBT) सांसद संजय राउत ने शिंदे-फडणवीस सरकार पर सीधा हमला बोला।

उन्होंने बोला, "दिशा सालियान की मौत एक बेहद दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण घटना थी। यह एक लड़की के चरित्र और परिवार की संवेदनशीलता से जुड़ा मामला है। मुंबई पुलिस इस मामले की पहले ही गहन जांच कर चुकी है। खुद देवेंद्र फडणवीस के गृह मंत्री रहते हुए पुलिस ने इस केस में क्लोजर रिपोर्ट दाखिल की थी, जिसमें साफ हो गया था कि आदित्य ठाकरे का इस मामले से दूर-दूर तक कोई लेना-देना नहीं है।"

BMC घोटाले से ध्यान भटकाने की साजिश!

संजय राउत ने आरोप लगाया कि मुंबई महानगर पालिका (BMC) में जारी भ्रष्टाचार के मामलों को आदित्य ठाकरे लगातार उजागर कर रहे हैं। इसी बौखलाहट में उन्हें रोकने और उनके बढ़ते राजनीतिक प्रभाव को दबाने के लिए यह पूरी पटकथा लिखी गई है।

एफआईआर की कॉपी लीक होने पर सवाल उठाते हुए राउत ने कहा, "जांच अभी शुरू भी नहीं हुई है और 16 पन्नों की एफआईआर में से सिर्फ 1 पन्ना मीडिया में बाहर कैसे आ गया? यह दिखाता है कि यह पूरी तरह से एक राजनीतिक साजिश है। किसी की मौत पर इस तरह का गंदा सियासत करना महाराष्ट्र की संस्कृति और परंपरा के खिलाफ है।"

Shubham Sharma

लेखक के बारे में

Shubham Sharma
शुभम शर्मा साल 2017 से पत्रकारिता और मीडिया जगत में काम कर रहे हैं। टीवी में इनपुट असाइनमेंट से शुरुआत करते हुए डिजिटल मीडिया की दुनिया में कदम रखा। ग्राउंड रिपोर्टिंग से लेकर डेस्क तक का अनुभव। TV9 भारतवर्ष और मनीकंट्रोल हिंदी (Network 18) जैसे बड़े संस्थानों के बाद अब लाइव हिंदुस्तान में बतौर चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर खबरों को आप तक पहुंचाने के काम कर रहे हैं। और पढ़ें
Hindi News , इंडिया न्यूज़ , आज का मौसम , विधानसभा चुनाव से जुड़ी ताज़ा खबरों व पल-पल के अपडेट के लिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े रहें। UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Vidhan Sabha Candidates से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsIndia Newsदिशा सालियान केस: संजय राउत ने पूछा- 16 पेज की रिपोर्ट, सिर्फ 1 पेज कैसे आया?