तमिलनाडु में नहीं रुकेगा RSS का पथ संचलन, हाई कोर्ट ने थलपति विजय सरकार की पुलिस को झाड़ा
मद्रास हाई कोर्ट ने थलपति विजय सरकार की पुलिस की आलोचना करते हुए राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ को पथ संचलन की अनुमति दी है। कोर्ट ने पुलिस अधिकारियों से कहा कि उन्हें बहाने बनाने की बजाय आयोजकों की आवश्यकताओं को पूरा करने पर ध्यान देना चाहिए।

मद्रास हाई कोर्ट ने राज्य में राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ को पथ संचलन निकालने की अनुमति दे दी है। इसके साथ ही हाई कोर्ट ने तमिलनाडु पुलिस द्वारा अनुमति न दिए जाने की भी आलोचना की। कोर्ट द्वारा कहा गया कि राज्य पुलिस ने लगातार उन आधारों पर रैली की अनुमति देने से इनकार किया है, जिसे हाई कोर्ट पहले ही अमान्य घोषित कर चुका है। हाई कोर्ट के इस आदेश के बाद राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ 25 अक्तूबर और 1 नवंबर को राज्य में पथ संचलन का आयोजन कर सकेगा।
राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के राज्य सचिव वी. जी. जगदीशन की तरफ से लगाई गई याचिका पर सुनवाई करते हुए मद्रास हाई कोर्ट ने पथ संचलन की अनुमति दे दी है। इसके साथ ही उन्होंने थलपति विजय सरकार की पुलिस को भी निर्देश दिया है कि वह सोमवार तक आयोजकों के साथ मिलकर पथ संचलन और उसके बाद होने वाली जनसभाओं के लिए समय और जगह तय कर लें।बता दें, राज्य पुलिस द्वारा दशहरा पर होने वाले पथ संचलन की अनुमति न मिलने पर मद्रास हाई कोर्ट में यह याचिका लगाई गई थी। जगदीशन ने वरिष्ठ वकील एन.एल. राजा के माध्यम से पुलिस के उन आदेशों को चुनौती दी थी, जिनमें संगठन को विजयादशमी समारोह के हिस्से के रूप में वार्षिक पथ संचलन और सार्वजनिक सभाएं करने की अनुमति देने से इनकार कर दिया गया था।
मामले की सुनवाई के दौरान जस्टिस लक्ष्मीनारायणन ने पुलिस पर तंज कसते हुए कहा, "तमिलनाडु पुलिस की एक बात माननी पड़ेगी। उन्होंने आवेदन खारिज करने के लिए कोई नया कारण नहीं ढूंढा है। उन्होंने लगातार वही कारण दिए हैं, जिन्हें यह कोर्ट पहले ही बेबुनियाद मान चुका है।"
पुलिस ने क्या दिया था कारण?
रिपोर्ट्स के मुताबिक राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ ने राज्य पुलिस के सामने तीन वैकल्पिक तारीखों (18 अक्तूबर, 25 अक्तूबर और 1 नवंबर) पर पथ संचलन और सार्वजनिक सभाएं करने की अनुमति मांगी थी। लेकिन राज्य पुलिस की तरफ से कुछ कारण बताते हुए इसे खारिज कर दिया गया था।
पुलिस की तरफ से पथ संचलन की अनुमति न दिए जाने पर जिन कारणों का उल्लेख किया गया था। उनमें सबसे यह प्रस्तावित मार्गों पर दूसरे समुदायों का पूजा स्थल होना। ऐसे नेताओं की मूर्ति होना, जो धर्म में न मानकर तर्क में विश्वास रखते थे। इसके अलावा ट्रैफिक जाम का भी उदाहरण दिया गया था।
2022 से पथ संचलन के लिए अदालत का दरवाजा खटखटा रहा है संघ- हाई कोर्ट
इन मुद्दों को खारिज करते हुए अदालत की तरफ से कहा गया कि राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ राज्य में पथ संचलन के लिए 2022 से ही अदालत का दरवाजा खटखटा रहा है। अदालत ने अपने पुराने फैसलों का हवाला दिया, जिनमें यह माना गया है कि RSS को कानूनी प्रतिबंधों के दायरे में रहते हुए पथ संचलन निकालने का अधिकार है। हाई कोर्ट ने अपनी ही एक बेंच द्वारा 2023 में दिए गए एक आदेश का भी जिक्र किया, जिसमें कहा गया था कि सार्वजनिक सड़कें धर्मनिरपेक्ष जगह होती हैं, जहां धर्म, जाति या पंथ से ऊपर उठकर हर किसी की पहुंच होती है।
हाई कोर्ट ने कहा, "यह एक ऐसा मामला है, जिसमें ऑपरेशन करने के लिए इस्तेमाल होने वाले सर्जिकल उपकरण (स्केल्पल) का इस्तेमाल मरीज को बचाने के बजाय, उसी मरीज की जान लेने के लिए किया जा रहा है।" सुनवाई के दौरान, एडवोकेट जनरल विजय नारायण ने अदालत को बताया कि राज्य सरकार 25 अक्टूबर और 1 नवंबर को पथ संचलन की अनुमति देने के लिए तैयार है, बशर्ते स्थानीय पुलिस द्वारा मौजूदा हालात को देखते हुए सुझाए गए बदलावों को मान लिया जाए।
थलपति विजय की पुलिस को हाई कोर्ट ने लगाई फटकार
मामले की सुनवाई करते हुए मद्रास हाई कोर्ट ने पुलिस अधिकारियों को फटकार लगाते हुए कहा कि इस मामले में बहाने बनाने की बजाय आवेदकों की आवश्यकताओं को पूरा करने में मदद करनी चाहिए। अदालत ने संघ से यह भी कहा कि वे काफी पहले ही आवेदन जमा कर दें। इसके साथ ही कोर्ट ने उम्मीद जताई कि पथ संचलन को लेकर बार-बार होने वाले विवादों में अब अदालत का समय बर्बाद नहीं होगा।


