जम्मू-कश्मीर में मार्च निकाल सकता है RSS, यहां क्यों नहीं? विजय थलपति सरकार को HC ने फटकारा
मद्रास हाईकोर्ट ने तमिलनाडु में RSS के रूट मार्च की अनुमति नहीं मिलने पर सवाल उठाए। कोर्ट ने पूछा कि जम्मू-कश्मीर में मार्च की इजाजत मिल सकती है तो तमिलनाडु में क्यों नहीं? अदालत ने शांतिपूर्ण मार्च की अनुमति को लेकर राज्य सरकार से रिपोर्ट मांगी।

मद्रास हाईकोर्ट ने तमिलनाडु में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की रूट मार्च की अनुमति बार-बार खारिज किए जाने पर सवाल उठाए हैं। कोर्ट ने मौखिक टिप्पणी करते हुए कहा कि सरकार नागरिकों को दुश्मन की तरह देख रही है। अदालत ने राज्य सरकार से शांतिपूर्ण मार्च की अनुमति देने के संबंध में रिपोर्ट भी मांगी है।
लाइव लॉ की रिपोर्ट के मुताबिक, मद्रास हाईकोर्ट के जस्टिस वी. लक्ष्मीनारायणन ने बुधवार, 14 अक्टूबर को सुनवाई के दौरान सवाल किया कि जब जम्मू-कश्मीर जैसे आतंकवाद प्रभावित इलाके में RSS को मार्च निकालने की अनुमति मिल सकती है, तो तमिलनाडु पुलिस हर साल संगठन को इसकी अनुमति देने से क्यों इनकार करती है?
अदालत ने यह भी कहा कि मौजूदा राज्य सरकार द्रविड़ कड़गम हो या RSS, किसी भी संगठन के जुलूस को अनुमति नहीं दे रही है। इसके चलते संगठनों को बार-बार अदालत का रुख करना पड़ रहा है और अनावश्यक मुकदमेबाजी करनी पड़ रही है। बता दें कि तमिलनाडु में सीएम विजय थलपति के नेतृत्व वाली तमिलगा वेत्री कड़गम यानी टीवीके की सरकार है।
‘सरकार नागरिकों को दुश्मन की तरह देख रही है’
सुनवाई के दौरान जस्टिस वी. लक्ष्मीनारायणन ने मौखिक टिप्पणी में कहा कि सरकार नागरिकों को अपना दुश्मन मान रही है और विरोध प्रदर्शनों की अनुमति देने से इनकार कर रही है। कोर्ट ने यह भी टिप्पणी की कि सरकार बदलने के बावजूद RSS के मार्च को अनुमति नहीं मिल रही है।
अदालत की ये टिप्पणियां RSS सदस्य वीजी जगदीसन की याचिका पर सुनवाई के दौरान आईं। याचिकाकर्ता ने पुलिस को अपने आवेदन पर विचार करने और संगठन को रूट मार्च निकालने की अनुमति देने का निर्देश देने की मांग की थी।
18 अक्टूबर से 1 नवंबर तक मार्च निकालने की मांगी अनुमति
याचिका में RSS की ओर से 18 अक्टूबर, 25 अक्टूबर, 1 नवंबर या किसी अन्य तारीख को रूट मार्च निकालने की अनुमति मांगी गई थी। संगठन की मांग थी कि मार्च में स्वयंसेवक अपनी निर्धारित वर्दी में शामिल हों, उनके आगे म्यूजिकल बैंड हो और इसके बाद सार्वजनिक सभा आयोजित की जाए।
याचिकाकर्ता की ओर से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता एनएल राजा ने अदालत को बताया कि संगठन को हर साल मार्च की अनुमति नहीं दी जाती, जिसके कारण उसे अदालत का दरवाजा खटखटाना पड़ता है। उन्होंने कहा कि संगठन केवल अपना स्थापना दिवस मनाना चाहता है, जो विजयादशमी के उत्सव के साथ पड़ता है। इसी सिलसिले में रूट मार्च आयोजित करने की अनुमति मांगी गई थी। हालांकि, पुलिस ने कानून-व्यवस्था की समस्या पैदा होने की आशंका जताते हुए अनुमति देने से इनकार कर दिया।
वरिष्ठ अधिवक्ता ने यह सवाल भी उठाया कि RSS जैसा संगठन अदालत पहुंचकर अनुमति मांग सकता है, लेकिन छोटे संगठनों का क्या होगा, जिनके पास मुकदमा लड़ने के पर्याप्त संसाधन नहीं हैं?
सरकार ने अनुमति खारिज करने की क्या वजह बताई?
राज्य के महाधिवक्ता विजया नारायण ने अदालत को बताया कि अनुमति इसलिए खारिज की गई, क्योंकि संगठन ऐसे स्थान पर रूट मार्च और सार्वजनिक सभा आयोजित करना चाहता था, जिसे सार्वजनिक सभा के आयोजन स्थल के रूप में अधिसूचित नहीं किया गया था।
इसके बाद अदालत ने याचिकाकर्ता की ओर से पेश वकीलों को राज्य के लोक अभियोजक जॉन सत्यन से मिलने और विवाद का समाधान निकालने का निर्देश दिया। कोर्ट ने याचिकाकर्ता पक्ष के पांच सदस्यों को लोक अभियोजक से मिलकर शांतिपूर्ण तरीके से सभा आयोजित करने का रास्ता निकालने को कहा। अदालत ने सुनवाई गुरुवार तक के लिए स्थगित कर दी और राज्य सरकार से शांतिपूर्ण जुलूस की अनुमति देने के संबंध में रिपोर्ट पेश करने को कहा।
पहले भी RSS के मार्च को लेकर दिशा-निर्देश दे चुका है कोर्ट
मद्रास हाईकोर्ट इससे पहले RSS के रूट मार्च आयोजित करने को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश जारी कर चुका है। इसके बावजूद वर्ष 2024 में राज्य सरकार ने मार्च की अनुमति देने से इनकार कर दिया था, जिसके बाद संगठन को फिर अदालत का रुख करना पड़ा।
उस समय मार्च की अनुमति देते हुए अदालत ने मौखिक टिप्पणी की थी कि पुलिस की जिम्मेदारी आम लोगों और आयोजनकर्ताओं, दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। कानून-व्यवस्था की समस्या का हवाला देकर रूट मार्च की अनुमति देने से बचा नहीं जा सकता। कोर्ट ने यह भी कहा था कि उसे उम्मीद है कि राज्य पुलिस भविष्य में अदालत के आदेशों का पालन करेगी और अनुमति खारिज करने के लिए नए और मनगढ़ंत कारण बताकर अदालत को बार-बार परेशान नहीं करेगी।


