ऋतब्रत बनर्जी गुट में फूट! सबीना यास्मीन ने दिया महिला TMC की अध्यक्ष पद से इस्तीफा
सबीना ने डेमोक्रेटिक तृणमूल कांग्रेस की महिला विंग के अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने की वजह खराब सेहत को बताया। हालांकि उन्होंने यह कहा है कि वह पार्टी नहीं छोड़ रही हैं।

ऋतब्रत बनर्जी के नेतृत्व वाले डेमोक्रेटिक तृणमूल गुट के भीतर फूट पड़ गई है। सबीना यास्मीन ने खराब सेहत का हवाला देते हुए इस गुट की महिला विंग की अध्यक्ष का पद छोड़ दिया है। अपने इस्तीफे में उन्होंने लिखा है कि भले ही वह पद छोड़ रही हैं, लेकिन पार्टी नहीं छोड़ रही हैं।
सबीना ने डेमोक्रेटिक तृणमूल कांग्रेस की महिला विंग के अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने की वजह खराब सेहत को बताया। हालांकि उन्होंने यह कहा है कि वह पार्टी नहीं छोड़ रही हैं। उन्होंने अपनी चिट्ठी में बिप्लब मित्रा को 'ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस' का अध्यक्ष बताया है।
अपनी चिट्ठी में ऋतब्रत का जिक्र नहीं
उनके इस बयान ने सियासी पंडितों का ध्यान खींचा है। ऐसा इसलिए क्योंकि ऋतब्रत कैंप के नेताओं ने शुरू से ही लगातार यह दावा किया है कि वे तृणमूल कांग्रेस का ही हिस्सा हैं। उन्होंने अपने पत्र में डेमोक्रेटिक तृणमूल कांग्रेस नाम का कहीं भी जिक्र नहीं किया है।
NIA ने हाल ही में पूछताछ के लिए बुलाया था
एनआईए ने पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के मोथाबारी में न्यायिक अधिकारियों पर हुए हमले के मामले में पूछताछ के लिए तृणमूल कांग्रेस की विधायक सबीना यास्मीन को बुलाया था। यह हमला विधानसभा चुनाव से पहले एसआईआर के दौरान हुआ था। सबीना यास्मीन इसी जिले की सुजापुर विधानसभा सीट से विधायक हैं। उन्हें इस मामले में पूछताछ के लिए 24 सितंबर को पेश होने के लिए कहा गया था।
आपको बता दें कि SIR के दौरान न्यायिक कामकाज में लगे अधिकारियों पर यह हमला इस साल अप्रैल में कालियाचक-II ब्लॉक के मोथाबारी में हुआ था। स्थानीय बीडीओ के दफ्तर में न्यायिक कामकाज कर रहे अधिकारियों को एक हिंसक भीड़ ने कई घंटों तक वहीं रोककर रखा था। प्रदर्शनकारियों ने नेशनल हाईवे-12 को जाम कर दिया और विरोध-प्रदर्शन किया। जब जजों को वहां से निकाला जा रहा था, तो उनकी गाड़ियों पर भी हमला किया गया। पुलिस ने किसी तरह उन्हें वहां से सुरक्षित निकाला।

