अगले शुभेंदु अधिकारी बनेंगे रेवंत रेड्डी, कांग्रेस के नेता का नाम ले BJP सांसद का बड़ा दावा
10 मई को सीएम रेवंत रेड्डी ने केंद्र सरकार से राज्य की विकास परियोजनाओं को शीघ्र मंजूरी देने का अनुरोध किया था, जिसपर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मजाकिया अंदाज में जवाब देते हुए कहा-बेहतर होगा कि आप मेरे साथ जुड़ जाएं।

पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी का नाम लेकर भारतीय जनता पार्टी के एक सांसद ने बड़ा दावा कर दिया है। उन्होंने कहा है कि तेलंगाना के सीएम रेवंत रेड्डी भी अधिकारी की राह पकड़ सकते हैं और कांग्रेस छोड़ सकते हैं। हालांकि, इसे लेकर रेड्डी ने प्रतिक्रिया नहीं दी है। बंगाल के सीएम ने साल 2020 में तृणमूल कांग्रेस से अलग होकर भाजपा का दामन थाम लिया था।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, निजामाबाद सांसद धर्मपुरी अरविंद ने दावा किया है कि रेड्डी भी कांग्रेस छोड़कर पार्टी बदल सकते हैं। इस दौरान उन्होंने रेड्डी और अधिकारी की तुलना कर दी। उन्होंने दावा किया है कि कांग्रेस अगले तेलंगाना विधानसभा चुनाव में हार का सामना करेगी। उन्होंने कहा 'कांग्रेस यहां तेलंगाना में 2028-29 में अभूतपूर्व हार का सामना करेगी। वो 1985 और 1994 में भी बुरी तरह हारे थे। 2028-29 में रेवंत रेड्डी के नेतृत्व में कांग्रेस हारेगी।'
पीएम मोदी के बयान के बाद अटकलें
10 मई को रेड्डी ने केंद्र सरकार से राज्य की विकास परियोजनाओं को शीघ्र मंजूरी देने का अनुरोध किया था, जिसपर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मजाकिया अंदाज में जवाब देते हुए कहा-बेहतर होगा कि आप मेरे साथ जुड़ जाएं।
मोदी ने कहा, 'मैं रेवंत जी से कहना चाहूंगा कि मैं आपको उतना ही देने को तैयार हूं जितना केंद्र ने मनमोहन सिंह के प्रधानमंत्री रहते हुए 10 वर्षों के शासनकाल में गुजरात को दिया था। लेकिन मेरी समझ के अनुसार, मुझे आपको यह भी बताना होगा, जिस क्षण मैं ऐसा करूंगा, आपको अभी जो मिल रहा है वह आधा हो सकता है। आप अपने लक्ष्य तक नहीं पहुंच पाएंगे। इसलिए बेहतर होगा कि आप मेरे साथ जुड़ें।'
सांसद बोले- रेड्डी को चुनना कांग्रेस की गलती
पीएम मोदी के बयान को लेकर अरविंद ने कहा, 'मुझे नहीं पता कि इसका क्या मतलब है, क्योंकि मैं बीजेपी में सिर्फ एक जमीनी स्तर का कार्यकर्ता हूँ। मुझे नहीं पता कि इसके पीछे कोई राजनीतिक कनेक्शन है या नहीं। सच में मुझे नहीं मालूम कि अंदर ही अंदर क्या पक रहा है, या फिर वैसा ही कुछ होने वाला है जैसा शुभेंदु अधिकारी ने किया था।'
अरविंद ने आगे कहा कि कांग्रेस ने रेड्डी को मुख्यमंत्री चुनकर गलती की है। उन्होंने पार्टी के उन सीनियर नेताओं को नजरअंदाज कर दिया, जिन्होंने कांग्रेस में अपने जीवन के कई दशक बिताए हैं।
कांग्रेस नाराज
तेलंगाना प्रदेश कांग्रेस ने सोमवार को कहा कि मुख्यमंत्री और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष महेश कुमार गौड़ के खिलाफ निजी टिप्पणी करने के लिए सांसद धर्मपुरी अरविंद को माफी मांगनी चाहिए। प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता मेदी रविचंद्र ने आज यहां गांधी भवन में मीडिया को संबोधित करते हुए भाजपा सांसद पर मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेतृत्व के खिलाफ अहंकारपूर्ण और व्यक्तिगत टिप्पणियां करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि राज्य में कांग्रेस के सत्ता में आने के बाद शुरू किए गए विकास कार्यों के बावजूद भाजपा नेता तेलंगाना सरकार की छवि धूमिल करने का प्रयास कर रहे हैं।
लेखक के बारे में
Nisarg Dixitनिसर्ग दीक्षित न्यूजरूम में करीब एक दशक का अनुभव लिए निसर्ग दीक्षित शोर से ज़्यादा सार पर भरोसा करते हैं। पिछले 4 साल से वह लाइव हिनुस्तान में डिप्टी चीफ प्रोड्यूसर के रूप में कार्यरत हैं, जहां खबरों की योजना, लेखन, सत्यापन और प्रस्तुति की जिम्मेदारी संभालते हैं। इससे पहले दैनिक भास्कर और न्यूज़18 जैसे बड़े मीडिया संस्थानों में काम कर चुके हैं, जहाँ उन्होंने ग्राउंड रिपोर्टिंग से लेकर डेस्क तक की भूमिकाएं निभाईं। उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की, जिसने उनके काम करने के तरीके को व्यावहारिक और तथ्य आधारित बनाया। निसर्ग की खास रुचि खोजी रिपोर्टिंग, ब्रेकिंग स्टोरीज़ और विज़ुअल न्यूज़ स्टोरीज़ में है। वे जटिल मुद्दों को सरल भाषा और स्पष्ट तथ्यों के साथ प्रस्तुत करने में विश्वास रखते हैं। राजनीति और जांच पड़ताल से जुड़े विषयों पर उनकी मजबूत पकड़ है। निसर्ग लोकसभा चुनावों, कई राज्यों के विधानसभा चुनावों और अहम घटनाओं को कवर कर चुके हैं। साथ ही संसदीय कार्यवाही और सुप्रीम कोर्ट की महत्वपूर्ण सुनवाइयों को नियमित रूप से कवर करते हैं। गूगल जर्नलिस्ट्स स्टूडियो में भी निसर्ग योगदान देते हैं।
और पढ़ें

