
राहुल गांधी का सिपाही बनकर मोदी के खिलाफ लड़ना है, रामलीला मैदान से रेवंत रेड्डी की हुंकार
रेवंत रेड्डी ने कहा, ‘जब इनको (भाजपा) 400 सीट नहीं मिली तो एसआईआर के नाम पर दलित, आदिवासी, अल्पसंख्यक और गरीबों के वोट खत्म करने में जुट गए हैं।’ उनका कहना था कि यह वोट चोरी की समस्या कांग्रेस की नहीं, बल्कि देश की है।
तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी रामलीला मैदान में रविवार को कांग्रेस की ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ रैली में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी को पिछले लोकसभा चुनाव में 400 सीटें नहीं मिली तो अब SIR के नाम पर दलित, आदिवासी, अल्पसंख्यक और गरीबों के नाम मतदाता सूचियों से काटे जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि वोट चोरी के खिलाफ इस लड़ाई में कार्यकर्ताओं को राहुल गांधी के साथ कंधे से कंधाा मिलाकर खड़ा होना होगा।
रेवंत रेड्डी ने कहा, ‘जब इनको (भाजपा) 400 सीट नहीं मिली तो एसआईआर के नाम पर दलित, आदिवासी, अल्पसंख्यक और गरीबों के वोट खत्म करने में जुट गए हैं।’ उनका कहना था कि यह वोट चोरी की समस्या कांग्रेस की नहीं, बल्कि देश की है। हम लोगों को राहुल गांधी जी की इस लड़ाई को मजबूत करना है। वरना ये लोग गरीबों का हक छीन लेंगे। रेड्डी ने कहा, ‘हमें राहुल गांधी का सिपाही बनकर मोदी के खिलाफ लड़ना है।’
सीएम सुक्खू ने भाजपा पर साधा निशाना
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने भाजपा पर वोट चोरी के जरिए सरकारें बनाकर और लोगों के वोटों की ताकत को कमजोर करके लोकतंत्र को हानि पहुंचाने का आरोप लगाया। उन्होंने लोगों से देश में वोट चोरी नहीं होने देने की अपील की। सुक्खू ने कहा कि रैली में मौजूद लोगों की ताकत से कांग्रेस इस तरह की गड़बड़ियों को रोकेगी।
कांग्रेस की रैली में राहुल गांधी क्या बोले
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने वोट चोरी को लेकर पीएम मोदी, भारतीय जनता पार्टी और निर्वाचन आयोग पर कड़ा हमला बोला। उन्होंने कहा कि चोरी भाजपा के डीएनए में है, लेकिन उनकी पार्टी सत्य के साथ खड़े होकर आरएसएस की सरकार को देश से बाहर करेगी। राहुल गांधी ने रामलीला मैदान में कांग्रेस की ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ रैली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के साथ मिलकर प्रधानमंत्री मोदी और गृह मंत्री अमित शाह को निशाने पर लिया। उन्होंने दावा किया कि पीएम मोदी का आत्मविश्वास खत्म हो गया है क्योंकि उन्हें पता चल गया है कि उनकी वोट चोरी पकड़ी गई है।





