
चुनाव आ रहे हैं… दिल्ली धमाके पर रिटायर्ड प्रिंसिपल ने फेसबुक पर कर दिया ऐसा कमेंट, पुलिस एक्शन
संक्षेप: दिल्ली में बीते सोमवार को लालकिले के पास भीषण धमाका हुआ। धमाके में कम से कम 10 लोग मारे गए। पुलिस ने बताया कि यह शख्स फेसबुक पर कमेंट कर घटना को राजनीतिक रंग देने की कोशिश कर रहा था।
सोमवार को देश की राजधानी दिल्ली में भीषण बम धमाके से पूरा देश दहल उठा। इस हमले में 10 लोगों की मौत हो गई। कई लोग घायल हैं और अस्पताल में उनकी जांच जारी है। वहीं मामले की जांच शुरू कर दी गई है और पुलिस को घटना के पीछे की साजिश से जुड़े कई अहम सुराग मिले हैं। इस बीच असम पुलिस भी एक्शन में आ गई है। यहां दिल्ली धमाके को राजनीतिक रंग देने की कोशिश करने वाले एक शख्स को हिरासत में ले लिया गया है।

इंडियन एक्सप्रेस की एक रिपोर्ट के मुताबिक कछार जिले में एक सेवानिवृत्त स्कूल प्रिंसिपल ने दिल्ली में हुए विस्फोट को चुनावों से जोड़ने की कोशिश की थी, जिसके बाद असम पुलिस ने मंगलवार को उसे हिरासत में ले लिया। रिपोर्ट के मुताबिक शख्स ने विस्फोट से जुड़ी एक फेसबुक पोस्ट पर कमेंट करते हुए कहा था, "चुनाव आ रहे हैं।"
इस मामले की पुष्टि करते हुए पुलिस ने कहा है कि इस तरह की बयानबाजी हिंसा भड़का सकते हैं। कछार के एएसपी (अपराध) रजत कुमार पाल ने कहा कि उस व्यक्ति ने घटना को राजनीतिक रंग देने की कोशिश की थी। उन्होंने कहा, “कल दिल्ली में एक बहुत बड़ा विस्फोट हुआ, जिसकी विभिन्न एजेंसियां जांच कर रही हैं। यह राष्ट्रीय खबर है। कुछ लोग इस खबर का दुरुपयोग और राजनीतिकरण करने की कोशिश कर रहे हैं, जिससे विभिन्न समुदायों के बीच मतभेद पैदा हो सकते हैं। इससे सांप्रदायिक घटनाओं की संभावना बढ़ सकती है।”
एएसपी ने आगे बताया, “हमारे सोशल मीडिया सेल को सूचना मिली थी कि सिलचर इलाके में रहने वाले एक व्यक्ति ने एक सोशल मीडिया पोस्ट पर एक टिप्पणी की है, जिसमें इस खबर को राजनीतिक रंग देने की कोशिश की गई है। हमने इस व्यक्ति को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है।”






