चाहते हैं देश के लिए जान दे, लेकिन… परेड के बाद मंगेतर को प्रपोज करने वाले कैप्टन के सपोर्ट में रिटायर फौजी
नासिक में पासिंग आउट परेड के बाद अपनी मंगेतर को प्रपोज करने वाले कैप्टन भरत भारद्वाज के सपोर्ट में पूर्व सैन्य अधिकारी आ गए हैं। रिटायर लेफ्टिनेंट जनरल केपीएस ढिल्लन ने उनका सपोर्ट करते हुए कहा कि सेना अपने हथियारों का प्रदर्शन करती रहती है। इसमें कुछ गलत नहीं है।

महाराष्ट्र के नासिक में पासिंग आउट परेड के दौरान कैप्टन भरत भारद्वाज ने सेना के हेलीकॉप्टर के सामने अपनी मंगेतर को प्रपोज किया। सोशल मीडिया पर इसका वीडियो तेजी के साथ वायरल हुआ, जिसके बाद कई लोगों ने इस पल को बेहद खूबसूरत बताया, तो कई ने जगह को लेकर उनकी आलोचना भी की और सैन्य हेलीकॉप्टर के सामने यह सब करने पर सवाल उठाए। इस पूरे घटनाक्रम पर अब रिटायर लेफ्टिनेट जनरल कंवल जीत सिंह ढिल्लन ने नए नवेले कैप्टन का समर्थन किया है। उन्होंने ट्रोलर्स को फटकार लगाते हुए नुक्ताचीनी न करने की चेतावनी दी है।
रिटायर आर्मी ऑफिसर ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर इस पूरे घटनाक्रम को लेकर हो रही आलोचना पर अपने विचार रखे। उन्होंने लिखा, "आप चाहते हैं कि एक युवा सैन्य अधिकारी राष्ट्र के लिए अपने प्राणों की आहुति दे दे, लेकिन आप उसे अपनी मंगेतर के प्रति प्रेम को व्यक्त नहीं करने देना चाहते। सेना में हम कहते हैं कि ‘युवा नहीं करेगा, तो कौन करेगा।’ उन्होंने आगे लिखा, "यदि आप उसकी सैन्य और पेशेवर क्षमताओं पर कोई सवाल नहीं कर सकते, तो प्रेम और अपनेपन के ऐसे पवित्र भाव पर कोई नुक्ताचीनी मत करो।"
सेना के कार्यक्रम के तहत सैन्य उपकरणों की होती है प्रदर्शनी: रिटायर अधिकारी
कैप्टन भरत भारद्वाज द्वारा मंगेतर को प्रपोज करने पर आलोचना कर रहे लोगों का सबसे बड़ा तर्क सैन्य हेलीकॉप्टर के प्रदर्शन का था। इस मुद्दे को लेकर भी पूर्व सैन्य अधिकारी ने अपना पक्ष रखा। उन्होंने जोर देकर कहा कि भारतीय सेना अपने तमाम कार्यक्रमों के जरिए सैन्य उपकरणों का प्रदर्शन करती है। इन कार्यक्रमों के दौरान सैन्य और गैर सैन्य कर्मियों द्वारा तस्वीरें खीचीं जाती हैं। यह सेना में लोगों की दिलचस्पी को बढ़ाती है। इसलिए इसमें राष्ट्रीय सुरक्षा के किसी पहलू को जोड़ने की जरूरत नहीं है।
आपको बता दें, यह पूरा मामला नासिक में आयोजित सैनिक पासिंग परेड के दौरान का है। नव नियुक्त कैप्टन भरत भारद्वाज ने इस परेड के बाद अपनी मंगेतर को सैन्य हैलीकॉप्टर के सामने प्रपोज किया। इसके बाद यह पूरा घटनाक्रम सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। देखते ही देखते लोगों ने इस पर अपने-अपने हिसाब से कमेंट करना शुरू कर दिया। कुछ लोगों ने कैप्टन और उनकी मंगेतर के बीच इस खास पल को बेहद खूबसूरत बताया, तो कई लोगों ने इसे सैन्य अनुशासन के खिलाफ बताया। इन सब बातों और सोशल मीडिया पर चल रही आलोचना के बीच सेना ने भी कैप्टन भरत भारद्वाज से स्पष्टीकरण मांगा है। हालांकि, इसमें कैप्टन को ज्यादा किसी परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।
क्या है सेना का नियम?
भारतीय सेना में अनुशासन को सबसे बड़ा माना जाता है। ऐसे में सेना का पूरा ढांचा इसी के आस पास बुना होता है। सेना के अधिकारी और जवान सिर्फ ड्यूटी के समय ही नहीं बल्कि सार्वजनिक जीवन के दौरान भी इसका पालन करते हैं। ऐसे में सैनिकों के लिए सैन्य वर्दी, सोशल मीडिया पोस्ट, सेना के उपकरणों से जुड़े कई नियम है। हालांकि, इसमें पासिंग आउट परेड के दौरान प्रपोज करने को लेकर कोई नियम सार्वजनिक रूप से उल्लेखित नहीं है। ऐसे में भले ही सेना ने कैप्टन से स्पष्टीकरण मांगा है, लेकिन इसको लेकर ज्यादा कोई ऐक्शन होने की आशंका नहीं है।
इस खबर पर आपकी क्या राय है?
लेखक के बारे में
Upendra Thapakउपेंद्र ने डिजिटल पत्रकारिता की शुरुआत लाइव हिन्दुस्तान से की है। पिछले एक साल से वे होम टीम में कंटेंट प्रोड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। उन्होंने लोकसभा चुनाव 2024, ऑपरेशन सिंदूर और कई राज्यों के विधानसभा चुनावों की कवरेज की है। पत्रकारिता की पढ़ाई भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC), नई दिल्ली (बैच 2023-24) से पूरी करने वाले उपेंद्र को इतिहास, अंतर्राष्ट्रीय संबंध, राजनीति, खेल, विज्ञान और समसामयिक घटनाओं से जुड़े विषयों में गहरी रुचि है। स्नातक स्तर पर बायोटेक्नोलॉजी की पढ़ाई करने के कारण उन्हें मेडिकल और वैज्ञानिक विषयों की भाषा की भी अच्छी समझ है। वे मूल रूप से मध्यप्रदेश के भिंड जिले के निवासी हैं।
और पढ़ें

