Republic Bengal Exit Poll: रिपब्लिक सर्वे में भाजपा के हाथ सत्ता, TMC का 15 साल बाद साफ होगा पत्ता

Upendra Thapak लाइव हिन्दुस्तान
Follow us on Google News
share

Republic Bharat exit polls 2026: पश्चिम बंगाल समेत पांच राज्यों में चुनावों के एग्जिट पोल सामने आ रहे हैं। रिपब्लिक ने पी मार्क और मैट्रिराइज के साथ अपने दोनों एग्जिट पोल्स में बंगाल में भाजपा को विजयी दिखाया है।

Republic Bengal Exit Poll: रिपब्लिक सर्वे में भाजपा के हाथ सत्ता, TMC का 15 साल बाद साफ होगा पत्ता

Republic exit polls LIVE 2026: देश के पांच राज्यों में विधानसभा चुनावों में मतदान की प्रक्रिया पूरी होने के बाद एग्जिट पोल के नतीजे आ रहे हैं। पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण का मतदान खत्म होने के बाद अब सभी की निगाहें एग्जिट पोल पर टिकी हुई हैं। चार राज्यों (असम, पुडुचेरी, तमिलनाडु, असम में) में मतदान की प्रक्रिया पहले ही पूर्ण हो चुकी थी, आज इन पांचों राज्यों के एग्जिट पोल एक साथ ही जारी किए जा रहे हैं। रिपब्लिक मीडिया नेटवर्क ने भी एग्जिट पोल तैयार किए हैं। उनके साथ में P-MARQ और Matrize एजेंसियां भी एग्जिट पोल जारी कर रही हैं। आइए देखते हैं पांचों राज्यों के एग्जिट पोल…

पश्चिम बंगाल के लिए रिपब्लिक का एग्जिट पोल

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के मतदान खत्म होने के बाद एग्जिट पोल के नतीजे आने लगे हैं। रिपब्लिक मैट्रिराइज ने अपने एग्जिट पोल में भाजपा को 294 विधानसभा सीटों वाले पश्चिम बंगाल की सत्ता का स्वाद चखते हुए दिखाया है। रिपब्लिक के साथ पी मार्क के एग्जिट पोल के मुताबिक बंगाल में भाजपा को 150-175 सीटें मिलने की उम्मीद है, तो वही टीएमसी 118-138 सीटों पर जीतती हुई दिख रही है। अन्य को 2 से लेकर 6 सीटों की उम्मीद है।

रिपब्लिक टीवी ने पी-मार्क के अलावा मैट्रिराइज के साथ भी एग्जिट पोल के आंकडे जारी किए हैं। इस एग्जिट पोल में भी भाजपा पहली बार सत्ता को कायम करते हुए दिख रही है। मैट्रिराइज के एग्जिट पोल मुताबिक, भाजपा को 146- 161 सीटें, ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस को 125 से 140 सीटें, जबकि अन्य को 6 से 10 सीटें मिलने की उम्मीद है। हालांकि, एग्जिट पोल के हिसाब से वोट शेयर की बात करें. तो भाजपा और टीएमसी के बीच में महज 2 फीसदी से ज्यादा का अंतर है। 2021 के विधानसभा चुनाव में अपने वोट प्रतिशत को बढ़ाने वाली भाजपा ने इस चुनाव में भी जनता के बीच में अपनी पकड़ को मजबूत रखा। आंकड़ों के मुताबिक राज्य में भाजपा को 42.5 फीसदी वोट शेयर प्राप्त हुआ है, तो वहीं ममता को 40.8 प्रतिशत वोट मिले हैं। इसके अलावा अन्य को करीब 16.7 फीसदी मतदान मिला है।

रिपब्लिक का असम के लिए एग्जिट पोल

पश्चिम बंगाल के बाद रिपब्लिक नेटवर्क और उसके साथियों ने 126 सीटों वाली असम विधानसभा के लिए भी एग्जिट पोल जारी किए। रिपब्लिक मैट्रिराइज ने भाजपा और उसके साथी दलों को 85 से 95 सीटों के साथ एक बार फिर से राजतिलक दिया है। वहीं, दूसरी तरफ कांग्रेस और उसके साथियों को 25 से 35 सीटों के साथ एक बार फिर से विपक्ष में बैठना होगा। कई अन्य खिलाड़ियों वाले इस राज्य में 6 से 12 सीटों पर अन्य जीतते भी दिख रहे हैं।

वहीं, दूसरी तरफ पी मार्क के आंकड़ों के मुताबिक भाजपा को 82से 94 सीटें मिलने की उम्मीद है। कांग्रेस और उसके साथी दलों के 30 से 40 सीटों पर विजयी होने की संभावना है, जबकि अन्य के खाते में 1 से लेकर 5 सीटें जा सकती हैं।

तमिलनाडु में क्या हाल?

दक्षिण भारत की राजनीति में सबसे बड़े राज्य तमिलनाडु में सत्ताधारी डीएमके एक बार फिर से जीतती दिख रही है। मैट्रिराइज की रिपोर्ट के मुताबिक डीएमके और उसके साथी दल 234 सीटों वाली इस विधानसभा में 122 से 132 सीटें जीत सकती है। भाजपा के साथ गठबंधन करने वाली एआईडीएमके 87 से 100 सीटों पर जीत के साथ एक बार फिर से विपक्ष की कुर्सी पर बैठती दिख रही है। पहली बार चुनावी मैदान में उतरे विजय इस बार 10 से 12 सीटें जीतते दिख रहे हैं।

बता दें, देश के पांच बड़े राज्यों में पिछले एक महीने में चुनाव संपन्न हुए हैं। इनमें केरल, असम और पुडुचेरी में 9 अप्रैल को वोटिंग हुई थी। तमिलनाडु में भी 23 अप्रैल को एक ही चरण में वोटिंग हुई थी, जबकि पश्चिम बंगाल में 23 अप्रैल और 29 अप्रैल के दिन वोटिंग हुई है। एग्जिट पोल केवल वोटिंग के तुरंत बाद कराए गए सर्वेक्षण होते हैं। यह अधिकृत आंकड़े नहीं होते हैं। हालांकि, इनके आधार पर विभिन्न दलों की जीत-हार का अनुमान लगाया जा सकता है। इन पांचों राज्यों में किसकी सरकार बनेगी और कौन पांच साल तक विपक्ष में बैठेगा इसका फैसला 4 मई को सामने आ जाएगा।

केरल में पी विजयन को लग सकता है झटका, यूडीएफ आगे

केरल में सत्ताधारी एलडीएफ गठबंधन को झटका लग सकता है। 140 सीटों वाली इस विधानसभा के लिए पी मार्क ने जारी किए एग्जिट पोल में कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूडीएफ गठबंधन को 71 से 79 सीटों के साथ सबसे आगे दिखाया है। दूसरी तरफ वाम मोर्चा एलडीएफ है, इस एग्जिट पोल में उसे 62 से 69 सीटें मिलने की उम्मीद है। इसके अलावा केरल में अपने पांव जमाने की कोशिश कर रही भाजपा को केवल 1 से 4 सीटें मिलने की उम्मीद है। अन्य के खाते में 0 से 3 सीटें जा सकती हैं।

पश्चिम बंगाल, असम और तमिलनाडु में तीखी लड़ाई

पिछले एक महीने में देश के पांच राज्यों में चुनाव संपन्न हुए हैं। उनमें मुख्य रूप से पश्चिम बंगाल, असम और तमिलनाडु में लड़ाई काफी तीखी है। पश्चिम बंगाल की बात करें, तो ममता सरकार एक बार फिर से अपना विजयी रथ आगे बढ़ाने की पूरी कोशिश कर रही है, तो वहीं भाजपा ने भी राज्य में पहली बार सत्ता का स्वाद चखने के लिए अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। पिछले विधानसभा चुनाव के दौरान राज्य में हुई हिंसा को देखते हुए इस बार भारी मात्रा में सुरक्षा बलों की तैनाती की गई थी। एसआईआर के बाद हुए इन पहले चुनावों में बंपर मतदान हुआ है। पश्चिम बंगाल में पहले और दूसरे चरण के मतदान में बंपर वोटिंग हुई है।

तमिलनाडु में क्षेत्रीय पार्टियों डीएमके और एआईडीएमके के बीच में कड़ी टक्कर है। कांग्रेस और भाजपा यहां पर जूनियर पार्टनर के तौर पर हैं। इसके अलावा असम में भी लड़ाई तेज है। मुख्यमंत्री हिमंत इस राज्य में अपनी जीत का दावा कर रहे हैं, तो कांग्रेस इस राज्य में अपनी खोई हुई जमीन को दोबारा जीतने का दावा कर रही है।

इस खबर पर आपकी क्या राय है?

Upendra Thapak

लेखक के बारे में

Upendra Thapak

उपेंद्र ने डिजिटल पत्रकारिता की शुरुआत लाइव हिन्दुस्तान से की है। पिछले एक साल से वे होम टीम में कंटेंट प्रोड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। उन्होंने लोकसभा चुनाव 2024, ऑपरेशन सिंदूर और कई राज्यों के विधानसभा चुनावों की कवरेज की है। पत्रकारिता की पढ़ाई भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC), नई दिल्ली (बैच 2023-24) से पूरी करने वाले उपेंद्र को इतिहास, अंतर्राष्ट्रीय संबंध, राजनीति, खेल, विज्ञान और समसामयिक घटनाओं से जुड़े विषयों में गहरी रुचि है। स्नातक स्तर पर बायोटेक्नोलॉजी की पढ़ाई करने के कारण उन्हें मेडिकल और वैज्ञानिक विषयों की भाषा की भी अच्छी समझ है। वे मूल रूप से मध्यप्रदेश के भिंड जिले के निवासी हैं।

और पढ़ें