Hindi Newsदेश न्यूज़ratan tata funeral maharashtra government cancelled all state program live updates

LIVE: रतन टाटा के निधन से शोक में देश, महाराष्ट्र सरकार ने कार्यक्रम रद्द किए

  • Ratan Tata Death: रतन टाटा ने सोमवार को कहा था कि उनके स्वास्थ्य को लेकर चिंता की कोई बात नहीं है और वह उम्र संबंधी स्वास्थ्य समस्याओं की जांच करा रहे हैं। उन्होंने कहा था, ‘मैं उम्र संबंधी बीमारियों के कारण अभी चिकित्सकीय जांच करा रहा हूं। चिंता की कोई बात नहीं है। मैं ठीक हूं।’

Nisarg Dixit लाइव हिन्दुस्तानThu, 10 Oct 2024 06:22 AM
share Share
Follow Us on
LIVE: रतन टाटा के निधन से शोक में देश, महाराष्ट्र सरकार ने कार्यक्रम रद्द किए

Ratan Tata Demise: दिग्गज उद्योगपति रतन टाटा का निधन हो गया है। बुधवार रात 86 वर्ष की उम्र में उन्होंने मुंबई के अस्पताल में अंतिम सांस ली। उनके निधन से कारोबारी से लेकर मनोरंजन, राजनीति, खेल जगत तक शोक पसर गया है। इस मौके पर महाराष्ट्र सरकार ने सभी कार्यक्रमों को रद्द कर दिया है। गुरुवार को उनका पार्थिव शरीर को श्रद्धांजलि के लिए NCPA में रखा जाएगा। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने इसका ऐलान किया है।

टाटा के परिवार ने एक बयान में कहा, ‘हम - उनके भाई, बहन और परिवार, उन सभी लोगों से मिले प्यार और सम्मान से सांत्वना और सुकून पाते हैं, जो उनका सम्मान करते थे। हालांकि, अब रतन टाटा व्यक्तिगत रूप से हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनकी विनम्रता, उदारता और उद्देश्य की विरासत भावी पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी।’ टाटा संस के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन ने एक बयान में रतन टाटा को अपना ‘मित्र और मार्गदर्शक’ बताया।

महाराष्ट्र और झारखंड सरकार ने टाटा के निधन पर एक दिन के राजकीय शोक का ऐलान किया है। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा है कि राज्य में सभी मनोरंजन और जश्न के कार्यक्रम रद्द रहेंगे। साथ ही उनका अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा।

यहां देखें लाइव अपडेट्स-

06:21 AM Ratan Tata Death LIVE Updates- मुंबई पुलिस में साउथ रीजन के अतिरिक्त आयुक्त अभिनव देशमुख ने बताया, 'रतन टाटा के पार्थिव शरीर को दर्शन के लिए NCPA में सुबह 10 बजे से लेकर दोपहर 3:30 बजे तक रखा जाएगा...। सारी पुलिस व्यवस्था की गई है...।'

06:19 AM Ratan Tata Death LIVE Updates- Google के सीईओ सुंदर पिचई ने कहा, 'रतन टाटा के साथ गूगल में मेरी आखिरी मुलाकात हुई थी। हमने Waymo की प्रगति पर बात की थी और उनके विचारों को सुनना बहुत प्रेरित करने वाला था। वह असाधारण कारोबार और परोपकारी विरासत छोड़कर गए। उन्होंने भारत में आधुनिक व्यापार नेतृत्व को विकसित करने और उसकी देखरेख करने में बड़ी भूमिका निभाई है। वह भारत को बेहतर बनाना चाहते थे। उनके परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। अलविदा रतन टाटा जी।'

05:58 AM Ratan Tata Death LIVE Updates- झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने दिग्गज उद्योगपति रतन टाटा के निधन पर बृहस्पतिवार को एक दिवसीय राजकीय शोक की घोषणा की। सोरेन ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, 'झारखंड जैसे पिछड़े राज्य को विश्व स्तर पर पहचान दिलाने वाले टाटा समूह के पूर्व चेयरमैन और पद्म विभूषण रतन टाटा जी के निधन पर एक दिवसीय राजकीय शोक की घोषणा की गई है।'

05:57 AM Ratan Tata Death LIVE Updates- हरभजन सिंह ने कहा, 'RIP सर, सतनाम वाहेगुरु। रतन टाटा जी आधुनिक भारत के निर्माता के तौर पर हमेशा हमारे दिल में रहेंगे। उनके नेतृत्व, विनम्रता और नैतिक और मूल्यों को लेकर उनकी प्रतिबद्धता ने ऐसा मानक तैयार किया है, जो कई पीढ़ियों को प्रेरित करेगा। उनकी विरासत हमेशा याद की जाएगी और सिर्फ उनकी बनाई हुई कंपनियों के लिए ही नहीं, बल्कि ऐसी अनगिनत जिंदगियों के लिए, जिन्हें उनकी करुणा और उदारता ने छुआ है।'

05:54 AM Ratan Tata Death LIVE Updates- मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने ऐलान किया है कि उद्योगपति रतन टाटा का पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि गुरुवार को राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा और राज्य में सभी जश्न और मनोरंजन कार्यक्रम रद्द किए जा रहे हैं। सीएम शिंदे ने गुरुवार को एक दिन के शोक का भी ऐलान किया है।

05:49 AM Ratan Tata Death LIVE Updates- रतन टाटा के पार्थिव शरीर को मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल से उनके कोलाबा स्थित आवास पर लाया गया। बुधवार रात उन्होंने अंतिम सांस ली।

05:37 AM Ratan Tata Death LIVE Updates- रतन टाटा के निधन पर महाराष्ट्र सरकार ने सभी कार्यक्रम रद्द कर दिए हैं। महाराष्ट्र के मंत्री दीपक केसरकर ने कहा, ‘उद्योगपति रतन टाटा के निधन के कारण कल मुंबई में राज्य सरकार के सभी कार्यक्रम रद्द कर दिए गए हैं...।’

अगला लेखऐप पर पढ़ें