सोशल मीडिया पर रसगुल्ला-इडली में छिड़ी जंग, शशि थरूर को करना पड़ा बीच-बचाव; वायरल हो रहा पोस्ट
सोशल मीडिया पर एक यूजर ने लिखा कि रसगुल्ला कुछ और नहीं बल्कि चाशनी में डूबी हुई इडली ही है और यह सबसे ओवररेटेड मिठाई है। बस फिर क्या था। जंग शुरू हो गई।

सोशल मीडिया पर अक्सर खाने-पीने की चीजों को लेकर मजेदार बहस छिड़ जाती है। कभी पानी पूरी और समोसे के बीच बेस्ट स्नैक्स को लेकर, तो कभी राजमा चावल और कढ़ी चावल के बीच बेस्ट कंफर्ट मील को लेकर। लेकिन इस बार बात इतनी आगे बढ़ गई कि कांग्रेस सांसद शशि थरूर को भी बीच में उतरना पड़ा। दरअसल हाल ही में इंटरनेट पर एक यूजर ने रसगुल्ले की तुलना साउथ इंडिया में सबसे ज्यादा खाए जाने वाली 'इडली' से कर दी। यूजर ने रसगुल्ले को 'चाशनी में डूबी इडली' और सबसे 'ओवररेटेड डेजर्ट' बता दिया। इसके बाद तो थरूर ने अपनी चिरपरिचित अंदाज में ऐसा जवाब दिया, जो काफी वायरल हो रहा है।
दरअसल यह पूरा मामला तब शुरू हुआ जब सायंतिका नाम की एक यूजर ने 'मिष्टी दोई' और 'नोलन गुरेर रसगुल्ला' की तारीफ करते हुए लिखा कि वे एक गैर-बंगाली को इसका स्वाद कैसे समझाएं। एक यूजर ने इसे रीट्वीट करते हुए लिखा, "रसगुल्ला कुछ और नहीं बल्कि चीनी की चाशनी में डूबी हुई इडली है और यह सबसे ओवररेटेड मिठाई है।" यह पोस्ट काफी वायरल हो गई और पोस्ट को चंद घंटों में 2.5 लाख से ज्यादा व्यूज मिल गए। कशिका नाम की एक अन्य यूजर ने इस कमेंट पर जवाब देते हुए मजाक में उस शख्स को चेतावनी दी, "अगर शशि थरूर को इसके बारे में पता चला, तो एक शानदार भाषाई हमले के लिए तैयार हो जाओ।" और हुआ भी कुछ ऐसा ही।
शशि थरूर ने संभाला मोर्चा
कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने इस पोस्ट पर रिप्लाई किया। उन्होंने तुलना को एक बड़ी भूल बताया। थरूर इसके पीछे वैज्ञानिक तर्क भी दिए। उन्होंने लिखा, “रसगुल्ला नाजुक छेने से बनता है और यह चाशनी को सोखने के लिए एक स्पंज की तरह काम करता है। वहीं, इडली उबले हुए चावल और उड़द की दाल के खमीर से बनता और भाप में पकता है और यह एक मैट्रिक्स है। दोनों का स्वाद और बनावट बिल्कुल अलग हैं।”
थरूर यहीं नहीं रुके। उन्होंने इडली का अपमान करने वालों पर नाराजगी भी जाहिर की। थरूर ने लिखा, "एक परफेक्ट इडली बनाना बायोटेक्नोलॉजी का मास्टरक्लास है।… यह दक्षिण भारतीय पाक कला की प्रतिभा की एक ऐसी नक्काशी है। इसे तीखे सांभर या तिल के तेल और शुद्ध घी में मिले पोडी मसाले के तीखेपन को सोखने के लिए बनाया गया है।" उन्होंने अंत में लिखा, “अगर आपको रसगुल्ला पसंद नहीं है तो उसकी अपनी कमियों पर बहस कीजिए, लेकिन इडली की इस गरिमा और पवित्रता को अपनी डेजर्ट-टेबल की बहसबाजी से बिल्कुल दूर रखिए, मैडम!”
सोशल मीडिया पर मजेदार रिएक्शन
थरूर के इस ट्वीट के बाद यूजर्स मज़ेदार प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। एक यूजर ने चुटकी लेते हुए लिखा, "वाह थरूर साब वाह, मजा आ गया। अब मैं चला इडली सांभर ऑर्डर करने।” एक अन्य यूजर ने लिखा, “अब तो मुझे लगता है कि AI के सारे मॉडल शशि थरूर के ट्वीट से ही ट्रेनिंग लेते हैं।” वहीं एक अन्य यूजर ने लिखा, “ये तो इंग्लिश लिखने का मास्टरक्लास है।” एक यूजर ने तो शशि थरूर को रसगुल्ला खिलाने की भी पेशकश कर दी। उसने लिखा, “रसगुल्ला बेस्ट है सर। सर आपको मैं बेस्ट वाला भेज दूं क्या?
लेखक के बारे में
Jagriti Kumariजागृति को छोटी उम्र से ही खबरों की दुनिया ने इतना रोमांचित किया कि पत्रकारिता को ही करियर बना लिया। 2 साल पहले लाइव हिन्दुस्तान के साथ करियर की शुरुआत हुई। उससे पहले डिग्री-डिप्लोमा सब जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में। भारतीय जन संचार संस्थान (IIMC), नई दिल्ली से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और संत जेवियर्स कॉलेज रांची से स्नातक के बाद से खबरें लिखने का सिलसिला जारी। खबरों को इस तरह से बताना जैसे कोई बेहद दिलचस्प किस्सा, जागृति की खासियत है। अंतर्राष्ट्रीय संबंध और अर्थव्यवस्था की खबरों में गहरी रुचि। लाइव हिन्दुस्तान में ऑपरेशन सिंदूर के दौरान शानदार कवरेज के लिए इंस्टा अवॉर्ड जीता और अब बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर रोजाना कुछ नया सीखने की ललक के साथ आगे बढ़ रही हैं। इसके अलावा सिनेमा को समझने की जिज्ञासा है।
और पढ़ें

