राज्यसभा में फिर होने वाले हैं चुनाव, अकेले UP की हैं 9 सीटें; बदलेगा नंबर गेम?

लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share

rajyasabha chunav: उत्तर प्रदेश में 2027 में विधानसभा चुनाव होने हैं। इससे पहले राज्य के कोटे की 9 राज्यसभा सीटें भी खाली हो रहीं हैं। ताजा आंकड़े बता रहे हैं कि समाजवादी पार्टी को एक सीट का फायदा हो सकता है। हालांकि, अब तक राज्यसभा चुनाव का ऐलान नहीं हुआ है।

Rajya Sabha Election
राज्यसभा की 10 सीटों पर जल्द ही चुनावों का ऐलान हो सकता है। नवंबर में 10 सांसद रिटायर हो रहे हैं। (Sansad TV/ANI Video Grab)

राज्यसभा चुनाव एक बार फिर दस्तक देने आ रहे हैं। वजह 10 सांसदों का नवंबर में होने वाला रिटायरमेंट है। खास बात है कि इनमें से 9 सीटें सिर्फ उत्तर प्रदेश में ही हैं, जहां 2027 में विधानसभा चुनाव होने हैं। जबकि, एक उत्तराखंड से है। खास बात है कि चुनाव ऐसे समय पर होने जा रहे हैं, जब केंद्रीय मंत्रिमंडल में फेरबदल की अटकलें हैं। हालांकि, NDA यानी नेशनल डेमोक्रेटिक अलायंस ने इसे लेकर आधिकारिक रूप से कुछ नहीं कहा है।

हालांकि, अब तक चुनाव की तारीखों का ऐलान नहीं हुआ है। संभावनाएं जताई जा रही हैं कि अक्टूबर के मध्य में चुनाव हो सकते हैं।

फिलहाल, भारत के उच्च सदन में 243 सदस्य हैं। संख्या के लिहाज से बड़े दलों में भारतीय जनता पार्टी के पास 116, कांग्रेस के पास 30, तृणमूल कांग्रेस के पास 9, द्रविड़ मुन्नेत्र कझगम के पास 8 हैं। जबकि, 7 नॉमिनेटेड हैं। अगर NDA की संख्या को गिना जाए, तो यह आंकड़ा 150 पार है, लेकिन गठबंधन दो तिहाई बहुमत से दूर है। वहीं, विपक्षी गठबंधन INDIA के पास 64 सांसद हैं। वजह है कि 8 सांसदों वाली डीएमके और 3 आप सांसद अलायंस से अलग हो गए हैं।

कौन हो रहा है रिटायर

25 नवंबर को कुल 10 सांसद रिटायर हो रहे हैं। इनमें भाजपा के 8 सांसद हैं। 1 बहुजन समाज पार्टी और 1 समाजवादी पार्टी से हैं। उत्तराखंड से नरेश बंसल को छोड़कर सभी यूपी से हैं। माना जा रहा है कि यूपी विधानसभा चुनाव के बाद जो सपा के विधायकों की गिनती बढ़ी है, उससे पार्टी को उच्च सदन में फायदा हो सकता है। जबकि, राज्य में सत्तारूढ़ भाजपा की कुछ सीटें घट सकती हैं।

भाजपा से रिटायर होने वालों में बृजलाल, सीमा द्विवेदी, चंद्रप्रभा, हरदीप सिंह पुरी, नीरज शेखर, अरुण सिंह, बीएल वर्मा का नाम है। जबकि, सपा से राम गोपाल यादव और बसपा के एकमात्र सांसद रामजी रिटायर हो रहे हैं। खास बात है कि अगर बसपा को राजनीतिक दल का साथ नहीं मिलता है, तो वह राज्यसभा में शून्य पर भी आ सकती है। इसकी वजह है कि 400 से ज्यादा विधानसभा सीटों वाले राज्य में पार्टी का अब एक भी सदस्य नहीं है। एकमात्र विधायक रहे उमाशंकर सिंह का निधन हो गया था।

यूपी में किसके पास कितनी ताकत

विधानसभा सीटों की संख्या के लिहाज से भारत के सबसे बड़े राज्य में फिलहाल 397 विधायक हैं। इनमें सबसे बड़ा दल 256 सदस्यों के साथ भाजपा है। जबकि, दूसरे स्थान पर 101 विधायकों वाली सपा है, जिसके मुखिया अखिलेश यादव हैं। 13 विधायक अपना दल सोनेलाल, 9 राष्ट्रीय लोक दल, 6 सुभासपा, 5 निर्बल इंडियन शोषित हमारा आम दल, 2 जनसत्ता दल लोकतांत्रिक, 2 कांग्रेस और 3 निर्दलीय हैं।

NDA में अपना दल सोनेलाल, रालोद, सुभासपा, निषाद शामिल हैं और ऐसें में गठबंधन 289 पर पहुंच जाता है। वहीं, जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के समर्थन से यह आंकड़ा 290 पर पहुंच जाता है।

क्या बदलेगा नंबर गेम

राज्यसभा में वोटिंग STV यानी सिंगल ट्रांसफरेबल वोट से होती है। कोई एक विधायक किसी एक सांसद को वोट नहीं देता है, बल्कि अपनी पसंद के हिसाब से क्रम में नाम लिखता है। उत्तर प्रदेश में मौजूदा विधायकों की संख्या देखते हुए एक राज्यसभा सांसद पद पर जीत के लिए कम से कम 40 वोट हासिल करने होंगे। अब इसका भी एक फॉर्मूला है।

उदाहरण के लिए अगर यूपी में 397 विधायक 9 सीटों पर राज्यसभा सांसदों को चुनते हैं, तो विजेता को (कुल विधायक/(कुल उम्मीदवार +1) +1) फॉर्मूले के तहत वोट हासिल करने होंगे। यूपी के मामले में गणना करेंगे, तो 397/10 +1 तो नतीजा होगा 40.7। ऐसे में उम्मीदवार को 40.7 वोट कोटा हासिल करना होगा।

अब एनडीए के समर्थन से 7 राज्यसभा सांसद निर्वाचित हो सकते हैं। वहीं, सपा को एक सीट का फायदा हो सकता है पार्टी 2 सदस्य उच्च सदन में पहुंचा सकती है। इसके बाद भी दोनों पार्टियों के पास वोट संख्या बच जाएगी।

Nisarg Dixit

लेखक के बारे में

Nisarg Dixit

निसर्ग दीक्षित न्यूजरूम में करीब एक दशक का अनुभव लिए निसर्ग दीक्षित शोर से ज़्यादा सार पर भरोसा करते हैं। पिछले 4 साल से वह लाइव हिनुस्तान में डिप्टी चीफ प्रोड्यूसर के रूप में कार्यरत हैं, जहां खबरों की योजना, लेखन, सत्यापन और प्रस्तुति की जिम्मेदारी संभालते हैं। इससे पहले दैनिक भास्कर और न्यूज़18 जैसे बड़े मीडिया संस्थानों में काम कर चुके हैं, जहाँ उन्होंने ग्राउंड रिपोर्टिंग से लेकर डेस्क तक की भूमिकाएं निभाईं। उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की, जिसने उनके काम करने के तरीके को व्यावहारिक और तथ्य आधारित बनाया। निसर्ग की खास रुचि खोजी रिपोर्टिंग, ब्रेकिंग स्टोरीज़ और विज़ुअल न्यूज़ स्टोरीज़ में है। वे जटिल मुद्दों को सरल भाषा और स्पष्ट तथ्यों के साथ प्रस्तुत करने में विश्वास रखते हैं। राजनीति और जांच पड़ताल से जुड़े विषयों पर उनकी मजबूत पकड़ है। निसर्ग लोकसभा चुनावों, कई राज्यों के विधानसभा चुनावों और अहम घटनाओं को कवर कर चुके हैं। साथ ही संसदीय कार्यवाही और सुप्रीम कोर्ट की महत्वपूर्ण सुनवाइयों को नियमित रूप से कवर करते हैं। गूगल जर्नलिस्ट्स स्टूडियो में भी निसर्ग योगदान देते हैं।

और पढ़ें
Hindi News , इंडिया न्यूज़ , आज का मौसम , विधानसभा चुनाव से जुड़ी ताज़ा खबरों व पल-पल के अपडेट के लिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े रहें। UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Vidhan Sabha Candidates से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsIndia Newsराज्यसभा में फिर होने वाले हैं चुनाव, अकेले UP की हैं 9 सीटें; बदलेगा नंबर गेम?