7 पर भाजपा की जीत पक्की, 2 जाएगी सपा के पास; यूपी में कौन जीतेगा राज्यसभा की 10वीं सीट
Rajya Sabha Elections: आपको बताते चलें कि बीते 11 महीनों में उत्तर प्रदेश में सात विधायकों का निधन हो चुका है। इसकी वजह से 403 विधायकों वाली यूपी विधानसभा में अभी सिर्फ 396 ही हैं।

UP Rajya Sabha Elections 2026: उत्तर प्रदेश की दस सीटों पर राज्यसभा चुनाव के लिए ऐलान हो चुकी है। समाजवादी पार्टी ने अपने दो उम्मीदवारों के नाम का ऐलान कर दिया है। 16 अक्टूबर को इसके लिए वोटिंग होगी। हालांकि उससे पहले राजनीतिक सरगर्मी बढ़ गई है। विधानसभा चुनाव से ठीक पहले होने वाली इस लड़ाई में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और समाजवादी पार्टी (सपा) के बीच कड़ा मुकाबला होने की उम्मीद है। ऐसा इसलिए क्योंकि इन दस सीटों में से भाजपा के पास 7 सीटें जीतने के लिए प्रयाप्त संख्या बल हैं। वहीं, अखिलेश यादव के पास भी दो सीटों के लिए प्रयाप्त विधायक हैं। लेकिन दसवां सीट जीतने के लिए दोनों में से किसी के पास जरूरी नंबर नहीं हैं। ऐसे में बड़ा सवाल उठने लगा है कि दसवां सीट कौन जीतेगा। खबर है कि पहले ही दो उम्मीदवारों की घोषणा कर चुकी समजावादी पार्टी तीसरे उम्मीदवार को मैदान में उतारने की योजना बना रही है।
क्रॉस वोटिंग की आशंका को देखते हुए भाजपा अपने विधायकों पर नजर बनाए हुई है। ऐसा इसलिए भी क्योंकि अगर क्रॉस वोटिंग के कारण भाजपा और सपा में लड़ाई होती है और सपा यह सीट जीत लेती है तो विधानसभा चुनाव से पहले यह भाजपा के लिए बड़ा झटका साबित हो सकता है। इससे मतदाताओं के बीच गलत संदेश जा सकता है।
राज्यसभा चुनाव के लिए क्या है यूपी का गणित?
आपको बताते चलें कि बीते 11 महीनों में उत्तर प्रदेश में सात विधायकों का निधन हो चुका है। इसकी वजह से 403 विधायकों वाली यूपी विधानसभा में अभी सिर्फ 396 ही हैं। राज्यसभा चुनाव के हर उम्मीदवार को जीतने के लिए पहली पसंद के 37 वोटों की जरूरत होगी। सपा के पास 101 विधायक हैं। विधायक पूजा पाल BJP में शामिल हो चुकी हैं और भाजपा की प्रदेश उपाध्यक्ष हैं। उन्होंने पिछले साल 14 अगस्त को विधानसभा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की इस बात के लिए तारीफ की थी कि अतीक अहमद जैसे माफियाओं को धूल चटा दी गई है। इसके बाद उनकी पार्टी ने उन्हें पार्टी से निकाल दिया। सपा को दो कांग्रेस विधायकों का समर्थन प्राप्त है। इससे उसके कुल विधायकों की संख्या 102 हो जाती है। ऐसे में सपा को तीसरे उम्मीदवार को जिताने के लिए और 9 विधायकों के समर्थन की आवश्यक्ता होगी।
आपको बता दें कि सपा ने बुधवार को चौंकाते हुए पांच बार राज्यसभा सांसद रहे राम गोपाल यादव के साथ-साथ रिलायंस इंडस्ट्रीज के एग्जीक्यूटिव धनराज नाथवानी को उम्मीदवार बनाने का ऐलान किया। अखिलेश यादव ने गुरुवार को कहा, "वोटों की गिनती पूरी होगी। यह गिनती का मामला है। तीसरे उम्मीदवार पर फैसला लेने के लिए धैर्य की जरूरत है। हमारे कई लोग वापस आना चाहते हैं क्योंकि वे NDA में खुश नहीं हैं।"
भाजपा का क्या है गणित?
भाजपा के पास उत्तर प्रदेश में 255 विधायक हैं। NDA के सहयोगियों के पास 33 और विधायक हैं। इनमें अपना दल (S) के 13, आरएलडी के 9, एसबीएसपी के 6 और निषाद पार्टी 5 विधायक शामिल हैं। इससे उनकी कुल संख्या 288 हो जाती है। पूजा पाल का भी समर्थन भाजपा को है। इनके अलावा निर्दलीय विधायक मनोज पांडे, राकेश प्रताप सिंह और अभय सिंह के साथ-साथ राजा भैया की अगुवाई वाली जनसत्ता दल (लोकतांत्रिक) के दो विधायकों को मिलाकर एनडीए की कुल संख्या 294 हो जाती है। भाजपा को 8 उम्मीदवारों के लिए 296 वोटों की जरूरत होगी। भाजपा इससे सिर्फ दो ही पीछे है। दसवें सीट पर जीत दर्ज करने के लिए भाजपा को दो और वोट का जुगाड़ करना होगा, जो कि क्रॉस वोटिंग के बिना संभव नहीं है।
भाजपा को SBSP विधायकों की ओर से क्रॉस वोटिंग की आशंका है। हालांकि, राकेश पांडे, विनोद चतुर्वेदी और आशुतोष मौर्य पर पार्टी दांव लगा रही है। इन तीनों ने 2024 में राज्यभा चुनाव के दौरान क्रॉस-वोटिंग की थी। फिलहाल वे तीनों सपा विधायक हैं।


