कन्फर्म टिकट चाहिए? रेलवे कर्मचारी ने यात्री को फुसलाया, प्लैटफॉर्म पर बने रूम में ही रेप
ओडिशा के राउरकेला स्टेशन पर कन्फर्म टिकट का लालच देकर एक यात्री के साथ रेप किया या। आरोपी रेलवे का ही कर्मचारी है। जीआरपी ने आरोपी को हिरासत में लिया है और केस दर्ज कर लिया गया है।

ओडिशा के राउरकेल में एक रेलवे कर्मचारी ने महिला यात्री का प्लैटफॉर्म के पास बने रेस्ट रूम में रेप किया। आरोपी को तत्काल सेवा से निलंबित कर दिया गया है और जीआरपी ने उसे हिरासत में लिया है। आरोप है कि उसने कन्फर्म टिकट का लालच देकर महिला को रेस्ट रूम में बुलाया था। बाद में उसने कमरा अंदर से लॉकर लिया। पुलिस के मुताबिक पीड़िता नौपाड़ा की रहने वाली है।
कन्फर्म टिकट का दिया लालच
पीड़िता अपनी दो चचेरी बहनों के साथ बेंगलुरु जा रही थी। तीनों गलत ट्रेन पर चढ़ गईं और हटिया स्टेशन पहुंच गईं। यहां से दूसरी ट्रेन पकड़कर राउरकेल पहंचीं। यह ट्रेन रात में 9 बजे राउरकेल पहुंची। उनके पास बेंगलुरु का जो टिकट था वह कन्फर्म नहीं था। पीड़िता की चचेरी बहन ट्रेन की जानकारी के लिए इन्क्वायरी काउंटर पर चली गई। वहीं पड़िता प्लैटफॉर्म पर ही खड़ी थी।
वाल्व रूम में रेप
इतने में एक रेलवे कर्मचारी आया और उसने कहा कि वह कन्फर्म टिकट का इंतजाम कर सकता है। इसके बाद वह पीड़िता को लेकर प्लैटफॉर्म पर ही बने ऑपरेटर रूम में लेकर गया। उसने अंदर से कमरा बंद कर लिया और रेप किया। आरोपी का नाम कपिलेश्वर सिंह बताया गया है और उसकी उम्र 54 साल है। आरोपी इंस्पेक्टर ऑफ वर्क्स डिपार्टमेंट में काम करता था।
आरोपी के खिलाफ केस दर्ज
पीड़िता ने शिकायत में बताया कि आरोपी उसे प्लैटफॉर्म 1 पर बने वाल्व रूम में ले गया था। शिकायत के बाद जीआरपी ने रेलवे के सीनियर सेक्शन इंजीनियर से संपर्क किया और कपिलेश्वर की डिटेल निकलवाई। उसे जब सामने लाया गया तो पीड़िता ने उसे पहचान लिया। बाद में पीड़िता को राउरकेला सरकारी अस्पताल ले जाया गया और मेडिकल करवाया गया। आरोपी के खिलाफ जीआरपी ने बीएनएस की धारा 64(2)(b) के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस ने कहा कि आरोपी जीआरपी की हिरासत में है और उसको लेकर जांच की जा रही है। पुलिस ने बताया कि आरोपी बाद में पीड़िता को 2 हजार रुपये भी दे रहा था और कह रहा था कि इसके बारे में किसी से ना बताए।
सुरक्षा पर सवाल
इस तरह की घटनाएं रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़ा करती हैं। चक्रधरपुर रेलवे डिवीजन में राउरकेला एक प्रमुख स्टेशन है। वहीं स्टेशन पर इस तरह की वारदात बेहद गंभीर है। इस मामले की जांच के दौरान रेलवे स्टेशन पर मौजूद अन्य अधिकारियों से भी पूछताछ की जाएगी ताकि पता लगाया जा सके कि यह अपराध किन परिस्थितियों में हुआ है।

