'डरे हुए थे राहुल गांधी अखिलेश के भरोसे पर रायबरेली से लड़े चुनाव' सपा सांसद का चौंकाने वाला दावा!

पीटीआई
Follow us on Google News
share

सांसद डॉ. एस. पी. सिंह पटेल ने यहां तक दावा कर दिया कि कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी चुनाव लड़ने से कतरा रहे थे और सपा प्रमुख अखिलेश यादव के कड़े रुख और आश्वासन के बाद ही वे रायबरेली सीट से मैदान में उतरे।

Rahul Gandhi was scared contested Rae Bareli elections on Akhilesh s assurance
रायबरेली सीट पर राहुल गांधी को मिली जीत में समाजवादी पार्टी के एक-एक कार्यकर्ता और वोटबैंक का सबसे बड़ा योगदान रहा है।

उत्तर प्रदेश में 'INDIA' गठबंधन के भीतर सीटों के बंटवारे और आगामी राजनीतिक समीकरणों को लेकर समाजवादी पार्टी (SP) और कांग्रेस के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। प्रतापगढ़ से समाजवादी पार्टी के सांसद शिवपाल सिंह पटेल (डॉ. एस. पी. सिंह पटेल) ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए दावा किया है कि अगर समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन न होता, तो 2024 के लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश के भीतर कांग्रेस को एक भी सीट नहीं मिलती।

सांसद पटेल ने यहां तक दावा कर दिया कि कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी चुनाव लड़ने से कतरा रहे थे और सपा प्रमुख अखिलेश यादव के कड़े रुख और आश्वासन के बाद ही वे रायबरेली सीट से मैदान में उतरे।

'अखिलेश यादव की चेतावनी के बाद रायबरेली से लड़े राहुल'

न्यूज एजेंसी PTI से बातचीत में सपा सांसद शिवपाल सिंह पटेल ने कांग्रेस की चुनावी स्थिति पर बयान देते हुए कहा, "अगर समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन न होता, तो कांग्रेस यूपी में एक भी सीट नहीं जीत पाती। हालात यह थे कि उनके शीर्ष नेता राहुल गांधी तो सीट छोड़ने तक को तैयार थे। वे अमेठी से डरकर दूर चले गए थे। हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने जब उन्हें भरोसा दिलाया और चेतावनी दी कि अगर वे नहीं लड़े तो सपा अपना उम्मीदवार उतार देगी, तब जाकर गांधी चुनाव लड़ने के लिए तैयार हुए। उनके उस पारंपरिक पारिवारिक सीट पर लड़ने की इच्छा ही नहीं थी।"

पटेल ने जोर देकर कहा कि रायबरेली सीट पर राहुल गांधी को मिली जीत में समाजवादी पार्टी के एक-एक कार्यकर्ता और वोटबैंक का सबसे बड़ा योगदान रहा है।

यूपी में हम बड़े भाई, 50 से ज्यादा की उम्मीद न करे कांग्रेस: सपा

यूपी की राजनीति में समाजवादी पार्टी के दबदबे को रेखांकित करते हुए पटेल ने कहा कि विधानसभा में 101 विधायकों और लोकसभा में 37 सांसदों के साथ सपा राज्य में गठबंधन का 'बड़ा भाई' है।

उन्होंने कहा, "2024 के चुनाव में हमने अकेले 37 सीटें जीतीं, जबकि कांग्रेस हमारे सहयोग से 6 सीटों पर सिमट गई। 403 सदस्यों वाली यूपी विधानसभा में कांग्रेस के पास केवल 2 विधायक हैं। इसलिए कांग्रेस को यह हकीकत समझनी चाहिए और 50 से ज्यादा सीटों की अनुचित मांग करने के बजाय सपा के साथ मिलकर काम करना चाहिए।"

यूपी कांग्रेस के ब्राह्मण को प्रदेश अध्यक्ष (आराधना मिश्रा) और मुस्लिम को कार्यकारी अध्यक्ष बनाने के फॉर्मूले पर चुटकी लेते हुए उन्होंने कहा कि इससे कोई फायदा नहीं होगा। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस और भाजपा की नीतियों से परेशान होकर दलित और पिछड़ा वर्ग अब पूरी तरह से लोहियावादी विचारधारा वाली समाजवादी पार्टी के साथ आ चुका है।

सपा सांसद ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर कांग्रेस अकेले चुनाव लड़ने की गलती करती है, तो वह राज्य में जीरो पर सिमट जाएगी और जनता उसे वोट काटने वाली पार्टी समझेगी।

कांग्रेस का पलटवार: सपा अपने बड़बोले नेताओं पर लगाम कसे

शिवपाल सिंह पटेल के इस आक्रामक बयान के बाद कांग्रेस खेमे में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता अंशू अवस्थी ने सपा सांसद के बयान पर कड़ी आपत्ति दर्ज कराई।

कांग्रेस प्रवक्ता ने पलटवार करते हुए कहा, "समाजवादी पार्टी को ऐसे गैर-जिम्मेदाराना बयान देने वाले नेताओं पर तुरंत लगाम लगानी चाहिए। शिवपाल सिंह पटेल को यह नहीं भूलना चाहिए कि वे खुद 'INDIA' गठबंधन की बदौलत ही आज लोकसभा सांसद बने हैं। उन्हें अपनी मर्यादा में रहना चाहिए और गठबंधन धर्म का पालन करते हुए इस तरह के अनावश्यक बयानों से बचना चाहिए।"

गौरतलब है कि 2024 के लोकसभा चुनावों में सपा-कांग्रेस गठबंधन ने यूपी की 80 सीटों में से कुल 43 सीटों पर ऐतिहासक जीत दर्ज कर बीजेपी (33 सीटें) को पछाड़ दिया था। हालांकि, 2027 के यूपी विधानसभा चुनाव से पहले दोनों दलों के नेताओं के बीच शुरू हुई यह बयानबाजी गठबंधन के भविष्य पर सवाल खड़े कर रही है।

Shubham Sharma

लेखक के बारे में

Shubham Sharma
शुभम शर्मा साल 2017 से पत्रकारिता और मीडिया जगत में काम कर रहे हैं। टीवी में इनपुट असाइनमेंट से शुरुआत करते हुए डिजिटल मीडिया की दुनिया में कदम रखा। ग्राउंड रिपोर्टिंग से लेकर डेस्क तक का अनुभव। TV9 भारतवर्ष और मनीकंट्रोल हिंदी (Network 18) जैसे बड़े संस्थानों के बाद अब लाइव हिंदुस्तान में बतौर चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर खबरों को आप तक पहुंचाने के काम कर रहे हैं। और पढ़ें
Hindi News , इंडिया न्यूज़ , आज का मौसम , विधानसभा चुनाव और Navratri 2026 से जुड़ी ताज़ा खबरों व पल-पल के अपडेट के लिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े रहें। UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Vidhan Sabha Candidates से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsIndia News'डरे हुए थे राहुल अखिलेश के भरोसे रायबरेली से लड़े चुनाव', सपा सांसद का दावा!