राहुल गांधी का विपक्षी नेताओं को अलर्ट, बोले- 24 घंटे में जुटने के लिए रहें तैयार
विपक्षी दलों ने दिल्ली पुलिस के जंतर-मंतर को आधिकारिक विरोध प्रदर्शन स्थल से हटाने के फैसले को केंद्र सरकार की बौखलाहट और डर करार देते हुए इसके खिलाफ सड़क पर उतरने का ऐलान किया है।

मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और SIR विवाद को लेकर जारी सियासी घमासान के बीच विपक्षी 'INDIA' गठबंधन ने मंगलवार, 13 अक्टूबर शाम अपनी आगे की रणनीति को धार दी।
राहुल गांधी के 5, सुनहरी बाग रोड स्थित आधिकारिक आवास पर आयोजित 'टी पार्टी' के बाद बुलाई गई एक संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में विपक्षी दिग्गजों, छात्र नेताओं और सिविल सोसाइटी के प्रतिनिधियों ने स्पष्ट कर दिया कि चाहे संस्थाएं अपना काम करें या न करें, 'लोकतंत्र को बहाल करने का राजनीतिक और जन-प्रतिरोध जारी रहेगा और जीत हासिल करेगा।'
विपक्षी दलों ने दिल्ली पुलिस के जंतर-मंतर को आधिकारिक विरोध प्रदर्शन स्थल से हटाने के फैसले को केंद्र सरकार की "बौखलाहट और डर" करार देते हुए इसके खिलाफ सड़क पर उतरने का ऐलान किया है।
राहुल गांधी का कड़ा संदेश: 24 घंटे में जुटने को रहें तैयार
बैठक के अंदर हुई चर्चाओं के दौरान राहुल गांधी ने सभी घटक दलों और छात्र संगठनों के नेताओं को 24 घंटे के छोटे से नोटिस पर सड़कों पर लामबंद होने के लिए तैयार रहने की सलाह दी।
इंडियन एक्सप्रेस ने सूत्रों के हवाले से बताया, राहुल गांधी ने कहा, "संविधान को नष्ट करके कोई बच नहीं सकता। पीएम मोदी इसके मुख्य वास्तुकार हैं, अमित शाह इसे लागू करने वाले हैं और ज्ञानेश कुमार सहयोगी हैं। उन्हें समझना होगा कि उनके चारों तरफ शिकंजा कस रहा है और सभी को कानून के दायरे में लाकर न्याय के कटघरे में खड़ा किया जाएगा।"
'सुनहरी बाग' की बैठक में कौन-कौन हुए शामिल?
राहुल गांधी की तरफ से बुलाई गई इस समीक्षा बैठक में 'INDIA' ब्लॉक के लगभग सभी प्रमुख दलों के शीर्ष नेतृत्व ने हिस्सा लिया:
कांग्रेस: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, सोनिया गांधी और राहुल गांधी।
विपक्षी दिग्गज: तेजस्वी यादव व मनोज झा (RJD), एम. ए. बेबी (CPI-M जनरल सेक्रेटरी), डी. राजा (CPI), महुआ मोइत्रा व सागरिका घोष (TMC), सुप्रिया सुले (NCP-SP), संजय राउत (शिवसेना-UBT) और महुआ माजी (JMM)।
अन्य दल व छात्र संगठन: सपा के हरेंद्र मलिक व मोहिबुल्लाह नदवी, फारवर्ड ब्लॉक के जी. देवराजन, भाकपा-माले के दीपांकर भट्टाचार्य और AISA की छात्र नेता नेहा बोरा।
नवंबर में रामलीला मैदान में 'मॉक संसद'
सूत्रों के मुताबिक, चाय पर हुई इस चर्चा के दौरान विरोध प्रदर्शन के अगले चरण को लेकर एक बड़ा और अनोखा विचार सामने आया है।
नवंबर 2026 के पहले हफ्ते में दिल्ली के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में 'INDIA' गठबंधन की एक विशाल संयुक्त रैली आयोजित करने की योजना बनाई जा रही है। इस रैली के दौरान मंच पर ही एक 'मॉक संसद सत्र' चलाया जाएगा।
इस काल्पनिक संसदीय सत्र में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्ष के सांसद और नेता 'मॉक महाभियोग प्रस्ताव'लाएंगे और उन पर लगे आरोपों की जन-अदालत में सुनवाई करेंगे।
विपक्षी दलों ने सहमति जताई है कि वे सोमवार को सुप्रीम कोर्ट में दाखिल याचिका पर 15 अक्टूबर (गुरुवार) को होने वाली सुनवाई के बाद इस 'मॉक पार्लियामेंट' और अगले चरण के आंदोलन को अंतिम रूप देंगे।

