पिनराई विजयन अपने बच्चों को बचाना चाहते हैं, इसलिए मोदी से डरते हैं: राहुल गांधी

Niteesh Kumar भाषा
share

राहुल गांधी ने कहा, 'कौन सा पिता अपने बच्चों की रक्षा करने की कोशिश नहीं करेगा? लेकिन समस्या यह है कि आपने ऐसे कृत्यों की इजाजत दी है जिनके लिए अब सुरक्षा की आवश्यकता है। आपने ऐसे काम किए हैं जिनके लिए सुरक्षा की जरूरत है।'

पिनराई विजयन अपने बच्चों को बचाना चाहते हैं, इसलिए मोदी से डरते हैं: राहुल गांधी

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शनिवार को केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि सीएम अपने बच्चों को बचाना चाहते हैं, इसलिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से डरते हैं। राहुल ने फोर्ट कोच्चि में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए दावा किया कि मुख्यमंत्री ने भ्रष्टाचार के साथ समझौता किया है। उन्होंने साथ ही किसी का नाम लिए बिना विजयन की बेटी से कथित तौर पर जुड़े एक्सालॉजिक मामले का जिक्र किया। इस मामले में कोचीन मिनरल्स एंड रुटाइल लिमिटेड और एक्सालॉजिक सॉल्यूशंस के बीच अवैध वित्तीय लेनदेन के आरोप शामिल हैं, जो विजयन की बेटी वीणा के स्वामित्व वाली कंपनी थी और यह अब बंद हो चुकी है।

राहुल गांधी ने कहा, 'कौन सा पिता अपने बच्चों की रक्षा करने की कोशिश नहीं करेगा? लेकिन समस्या यह है कि आपने ऐसे कृत्यों की इजाजत दी है जिनके लिए अब सुरक्षा की आवश्यकता है। आपने ऐसे काम किए हैं जिनके लिए सुरक्षा की आवश्यकता है।' उन्होंने कहा कि यह समझना अहम है कि वाम मोर्चे का नेता किसकी सुरक्षा चाहता है। राहुल ने आरोप लगाया, 'वह देश की सबसे दक्षिणपंथी ताकतों से संरक्षण मांग रहे हैं। केरल की राजनीति का यही स्वरूप है।'

राजनीतिक ताकत के साथ सांठगांठ का आरोप

नेता प्रतिपक्ष ने दावा किया, 'मुख्यमंत्री अपने बच्चों को बचाने के लिए शासन व्यवस्था की बलि दे रहे हैं। उनके पिछले कार्यों ने उन्हें फंसा दिया है, जिसका खामियाजा केरल की जनता भुगत रही है।' राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि सत्तारूढ़ वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (LDF) अब वामपंथी संगठन नहीं रहा बल्कि देश की सबसे बदतर राजनीतिक ताकत के साथ सांठगांठ कर चुका है, जो लोगों को उनके धर्म के आधार पर निशाना बनाती है - चाहे वे ईसाई हों, मुस्लिम हों, सिख हों या जैन हों। उन्होंने इसे भारत के संविधान पर सीधा हमला बताया।

राहुल गांधी ने कहा, 'मुख्यमंत्री उनके साथ कैसे खड़े हो सकते हैं? वामपंथी शिक्षा के बाद भी उन्हें शर्म क्यों नहीं आती? वे इस ताकत के साथ जुड़े हुए हैं।' उन्होंने कहा कि विजयन को केरल की जनता को जवाब देना होगा। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने प्रधानमंत्री मोदी पर हमला जारी रखते हुए आरोप लगाया कि वह अदाणी समूह और एप्स्टीन फाइलों से संबंधित मुद्दों पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दबाव में हैं।

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाया कि सबरीमाला मंदिर से सोने की चोरी की घटना पर मोदी की चुप्पी राज्य में सत्तारूढ़ मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) की मदद करने की कोशिश का संकेत देती है, जिसके नेताओं को इस मामले के संबंध में गिरफ्तार किया गया था। राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस नीत संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (UDF) सत्ता में आने पर अपनी पांचों गारंटी लागू करेगा।

Niteesh Kumar

लेखक के बारे में

Niteesh Kumar

पत्रकार नीतीश कुमार 8 साल से अधिक समय से मीडिया इंडस्ट्री में एक्टिव हैं। जनसत्ता डिजिटल से बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर शुरुआत हुई। लाइव हिन्दुस्तान से जुड़ने से पहले टीवी9 भारतवर्ष और दैनिक भास्कर डिजिटल में भी काम कर चुके हैं। पत्रकार नीतीश कुमार को खबरें लिखने के साथ ग्राउंड रिपोर्टिंग का शौक है। लाइव हिन्दुस्तान यूट्यूब चैनल के लिए लोकसभा चुनाव 2024, दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 और बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की कवरेज कर चुके हैं। फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान के लिए नेशनल और इंटरनेशनल सेक्शन की खबरें लिखते हैं। पत्रकार नीतीश कुमार को ब्रेकिंग न्यूज लिखने के साथ खबरों का गहराई से विश्लेषण करना पसंद है। राजनीति से जुड़ी खबरों पर मजबूत पकड़ और समझ रखते हैं। समसामयिक राजनीतिक मुद्दों पर कई सारे लंबे लेख लिख चुके हैं। पत्रकार नीतीश कुमार ने पत्रकारिता का पढ़ाई IIMC, दिल्ली (2016-17 बैच) से हुई। इससे पहले दिल्ली यूनिवर्सिटी के महाराजा अग्रसेन कॉलेज से पत्रकारिता में ग्रेजुएशन किया। पत्रकार नीतीश कुमार मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मऊ जिले के रहने वाले हैं। राजनीति, खेल के साथ सिनेमा में भी दिलचस्पी रखते हैं। फिल्में देखना और रिव्यू करना व उन पर चर्चा करना हॉबी है।

और पढ़ें