एक-दो महीने में वित्तीय भूकंप आने वाला है, केरल में चुनावी मंच से राहुल गांधी का दावा
राहुल गांधी ने कहा, ‘आप मुझे बेहतर जानते हैं कि मध्य पूर्व में क्या हो रहा है। वहां एक ड्रामा चल रहा है और त्रासदी घटित हो रही है। कोई नहीं जानता कि यह कहां खत्म होगी या कहां जाएगी। केरल और भारत के लोग इससे सीधे प्रभावित होने वाले हैं।’

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने मंगलवार को दावा किया कि वित्तीय भूकंप आने वाला है। केरल के कोझीकोड में जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, 'आप मुझे बेहतर जानते हैं कि मध्य पूर्व में क्या हो रहा है। वहां एक ड्रामा चल रहा है और एक त्रासदी घटित हो रही है। कोई नहीं जानता कि यह कहां खत्म होगी या कहां जाएगी। केरल और भारत के लोग इससे सीधे प्रभावित होने वाले हैं। ईंधन की कीमतें बढ़ेंगी, महंगाई बढ़ेगी और एक वित्तीय भूकंप आने वाला है। एक-दो महीने में यह वित्तीय भूकंप आ जाएगा। आपको बचाने के लिए इस एलडीएफ सरकार क्या कर रही है? मोदी कुछ नहीं कर सकते क्योंकि वे डोनाल्ड ट्रंप की ओर से चलाए जा रहे हैं। लेकिन केरल सरकार आपके जीवन को आसान बनाने के लिए क्या कर रही है?'
राहुल गांधी ने मंगलवार को दावा किया कि पीएम मोदी चाहते हैं कि केरल में सत्तारूढ़ वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (LDF) विधानसभा चुनाव जीते। उन्होंने दोहराया कि कांग्रेस के नेतृत्व वाला संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (UDF) एलडीएफ और भाजपा की मिलीजुली ताकत से लड़ रहा है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने कहा, 'यह चुनाव दो विचारधाराओं के बीच की लड़ाई है। माकपा के नेतृत्व वाले वाम मोर्चे और यूडीएफ के बीच की लड़ाई है। पहली बार, हम भाजपा और वाम मोर्चे के बीच साझेदारी देख रहे हैं।' उन्होंने कहा कि यह काफी आश्चर्यजनक है कि एक वामपंथी पार्टी अति दक्षिणपंथी पार्टी के साथ गठबंधन कर रही है जबकि दोनों की विचारधारा एक-दूसरे के बिल्कुल विपरीत है।
भाजपा पर राहुल गांधी ने खूब साधा निशाना
नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कहा, 'सवाल है कि यह कैसे संभव है कि एक वामपंथी पार्टी दक्षिणपंथी पार्टी के साथ गठबंधन कर ले? यह एक पहेली की तरह है। इस पहेली के कुछ जवाब मंच पर बैठे हैं। आज यहां माकपा के 2 दिग्गज नेता हैं। वे हमारे मंच पर क्यों बैठे हैं और माकपा और मुख्यमंत्री के लिए प्रचार नहीं कर रहे हैं?' राहुल ने आरोप लगाया कि जिसे आज वाम मोर्चा कहा जाता है वह अब वामपंथी या मध्यमार्गी गठबंधन नहीं है। उन्होंने कहा, 'वास्तव में, वे भाजपा के साथ हैं क्योंकि वे कॉर्पोरेट पार्टियां हैं। वे अब लोगों की पार्टियां नहीं हैं। इसका प्रमाण अब मंच पर है। वामपंथी सोच वाले लोग कांग्रेस के साथ हैं और पार्टी उनका समर्थन कर रही है।'
केरल में भाजपा के रुख पर सवाल उठाते हुए राहुल गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री दूसरी जगहों पर धर्म, मंदिरों और भगवान के बारे में बात करते हैं, लेकिन वह राज्य में सबरीमाला से सोना गायब होने का मुद्दा नहीं उठाते। उन्होंने आरोप लगाया कि माकपा नेता सबरीमाला में सोना गायब होने के मामले में शामिल थे और भाजपा पर इस मुद्दे पर चुप रही। राहुल ने कहा, 'हिंदू धर्म के तथाकथित रक्षक जब केरल आते हैं तो सबरीमाला के बारे में नहीं बोलते। वह चाहते हैं कि राज्य में वाम मोर्चा चुनाव जीते।' उन्होंने कहा कि वामपंथी नेताओं का यूडीएफ के समर्थन से निर्दलीय चुनाव लड़ना दर्शाता है कि माकपा अब सच्ची वामपंथी पार्टी नहीं है। इसका कारण यह है कि भाजपा केरल में माकपा को सत्ता में चाहती है। क्योंकि वे जानते हैं कि माकपा को नियंत्रित कर सकते हैं। वे जानते हैं कि वे यूडीएफ और कांग्रेस को नियंत्रित नहीं कर सकते।
लेखक के बारे में
Niteesh Kumarपत्रकार नीतीश कुमार 8 साल से अधिक समय से मीडिया इंडस्ट्री में एक्टिव हैं। जनसत्ता डिजिटल से बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर शुरुआत हुई। लाइव हिन्दुस्तान से जुड़ने से पहले टीवी9 भारतवर्ष और दैनिक भास्कर डिजिटल में भी काम कर चुके हैं। पत्रकार नीतीश कुमार को खबरें लिखने के साथ ग्राउंड रिपोर्टिंग का शौक है। लाइव हिन्दुस्तान यूट्यूब चैनल के लिए लोकसभा चुनाव 2024, दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 और बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की कवरेज कर चुके हैं। फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान के लिए नेशनल और इंटरनेशनल सेक्शन की खबरें लिखते हैं। पत्रकार नीतीश कुमार को ब्रेकिंग न्यूज लिखने के साथ खबरों का गहराई से विश्लेषण करना पसंद है। राजनीति से जुड़ी खबरों पर मजबूत पकड़ और समझ रखते हैं। समसामयिक राजनीतिक मुद्दों पर कई सारे लंबे लेख लिख चुके हैं। पत्रकार नीतीश कुमार ने पत्रकारिता का पढ़ाई IIMC, दिल्ली (2016-17 बैच) से हुई। इससे पहले दिल्ली यूनिवर्सिटी के महाराजा अग्रसेन कॉलेज से पत्रकारिता में ग्रेजुएशन किया। पत्रकार नीतीश कुमार मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मऊ जिले के रहने वाले हैं। राजनीति, खेल के साथ सिनेमा में भी दिलचस्पी रखते हैं। फिल्में देखना और रिव्यू करना व उन पर चर्चा करना हॉबी है।
और पढ़ें

