‘पिनराई विजयन को गले नहीं लगाऊंगा’, राहुल गांधी के बयान पर भड़के पूर्व केरल CM; खूब सुनाया
INDIA गठबंधन की बैठक में राहुल गांधी ने कहा कि वह केरल में राजनीतिक प्रतिद्वंदिता की वजह से केरल के पूर्व सीएम पिनराई विजयन को गले नहीं लगाएंगे। इस पर विजयन ने पलटवार किया कि इससे भाजपा को ही फायदा मिलता है।

केरल के पूर्व मुख्यमंत्री और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष पिनराई विजयन ने शनिवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भड़क गए और जमकर आलोचना की। उन्होंने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष का राजनीतिक रवैया 'इंडिया' (इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस) गठबंधन को मजबूत नहीं करता और अक्सर इससे भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को ही फायदा पहुंचता है। 'इंडिया' गठबंधन की बैठक में राहुल गांधी ने कथित रूप से कहा था कि वह केरल में राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता की वजह से विजयन को गले नहीं लगाएंगे।
पूर्व मुख्यमंत्री ने राहुल की इस टिप्पणी पर कहा कि उन्हें इस बात से कोई फर्क नहीं पड़ता कि कौन किसे गले लगाता है। विजयन ने कहा, ''लेकिन हम सबने राहुल गांधी की नरेंद्र मोदी को गले लगाते हुए तस्वीर देखी है। मुझे मोदी को गले लगाने से कोई आपत्ति नहीं है बल्कि उनकी (राहुल गांधी की) टिप्पणियां एक खास राजनीतिक संदेश देती हैं। इससे राहुल गांधी का नजरिया और 'इंडिया' गठबंधन के प्रति उनका दृष्टिकोण पता चलता है।" मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के वरिष्ठ नेता ने कहा कि इस मामले पर विस्तार से चर्चा की जरूरत है और वह अभी इस पर ज्यादा बात नहीं करेंगे।
'सिर्फ हमने नहीं, तेजस्वी-अखिलेश ने भी कांग्रेस के खिलाफ बात'
विजयन ने कहा, "सिर्फ हमने (माकपा) ही नहीं बल्कि अखिलेश यादव और तेजस्वी यादव जैसे नेताओं और अन्य बड़े दलों (कांग्रेस को छोड़कर) ने भी बैठक के दौरान आपत्तियां उठाईं और कांग्रेस के रुख के खिलाफ बात की। " उन्होंने कहा कि लोग देख सकते हैं कि द्रविड़ मुनेत्र कषगम (डीएमके) अब किस स्थिति में है। विजयन ने कहा, "मौजूदा हालात कांग्रेस के रवैये, खासकर राहुल गांधी के रुख की वजह से बने हैं। असलियत यह है कि इस रवैये से 'इंडिया' गठबंधन मजबूत नहीं होता। जैसा कि मैंने पहले भी कहा है, इससे अक्सर भाजपा को ही फायदा होता है। ऐसे कदमों से राहुल गांधी ऐसी स्थिति बना रहे हैं जिसमें वह असल में भाजपा के हितों को आगे बढ़ाने में मदद कर रहे हैं।"
केरल विधानसभा चुनाव के समय खूब बरसे थे राहुल-विजयन
विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान, विजयन और राहुल दोनों ने अपने भाषणों में एक-दूसरे पर निशाना साधा था। इस बीच, माकपा के महासचिव एम.ए. बेबी ने कहा कि केरल की राजनीतिक और सामाजिक हकीकत को देखते हुए राहुल गांधी का पिनराई विजयन को गले लगाना मुमकिन नहीं होगा। बेबी ने कहा कि माकपा के महासचिव के तौर पर उन्होंने इस मामले पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को पत्र लिखा था। इस चिट्ठी के कुछ हिस्से मीडिया में भी सार्वजनिक हुए थे।
'शालीनता और गरिमा को बनाए रखना जरूरी'
उन्होंने कहा, "मैंने यह बात कही थी कि अलग-अलग राज्यों में खास राजनीतिक हालात को देखते हुए यह बहुत स्वाभाविक है कि 'इंडिया' गठबंधन में शामिल पार्टियां कुछ राज्यों में एक-दूसरे की राजनीतिक विरोधी हो सकती हैं। माकपा ने 'इंडिया' गठबंधन बनाने में अहम भूमिका निभाई थी, और हमने शुरू से ही इस हकीकत को समझा था।" उन्होंने कहा कि भले ही कुछ राज्यों में राजनीतिक हालात ऐसे हों कि पार्टियां एक-दूसरे की आलोचना करती हैं, फिर भी राजनीतिक शालीनता और गरिमा के कुछ मानकों को बनाए रखना जरूरी है।
इस खबर पर आपकी क्या राय है?
लेखक के बारे में
Madan Tiwariलखनऊ के रहने वाले मदन तिवारी वरिष्ठ पत्रकार हैं और मीडिया में एक दशक से ज्यादा का अनुभव है।
परिचय, अनुभव एवं शिक्षा
वर्तमान में मदन हिन्दुस्तान अखबार की न्यूज वेबसाइट लाइव हिन्दुस्तान (हिन्दुस्तान टाइम्स डिजिटल) में डिप्टी न्यूज एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। जागरण इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड मास कम्युनिकेशन से पत्रकारिता की पढ़ाई की। कक्षा 12वीं के बाद से ही दैनिक जागरण, अमर उजाला, जनसत्ता समेत तमाम अखबारों में संपादकीय पृष्ठ पर लिखना शुरू किया। महज दो सालों में विभिन्न राष्ट्रीय और क्षेत्रियों अखबारों में दो सौ से अधिक आलेख प्रकाशित हुए। ग्रेजुएशन करते समय ही मीडिया में नौकरी की शुरुआत की। लाइव हिन्दुस्तान में अभी दूसरी पारी है और दोनों पारियों को मिलाकर यहां आठ साल से ज्यादा हो चुके हैं। कुल एक दशक से अधिक समय से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। मदन आजतक जैसे अन्य संस्थानों में भी काम कर चुके हैं।
यूपी-बिहार की पॉलिटिक्स से लेकर राष्ट्रीय स्तर की राजनीतिक खबरों को कवर करने का लंबा अनुभव है। पॉलिटिकल न्यूज में ज्यादा रुचि है और पिछले एक दशक में देशभर में हुए विभिन्न विधानसभा चुनावों के साथ-साथ लोकसभा चुनावों को भी कवर किया है। लाइव हिन्दुस्तान के लिए मदन देश-विदेश में रोजाना घटित होने वाली खबरों के साथ-साथ पॉलिटिकल खबरों का एनालिसिस, विभिन्न अहम विषयों पर एक्सप्लेनर, ब्रेकिंग न्यूज, वायरल न्यूज आदि कवर करते हैं। इसके अलावा, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के टैरिफ वॉर से लेकर मिडिल ईस्ट में असली वॉर तक की इंटरनेशनल खबरों पर लिखते-पढ़ते रहते हैं। पिछले एक दशक में पत्रकारिता क्षेत्र में कई पुरस्कार मिल चुके हैं।
मीडिया में अवॉर्ड्स.
मदन ने लाइव हिन्दुस्तान में काम करते हुए जर्नलिस्ट ऑफ द ईयर, मंथली अवॉर्ड्स, पॉपुलर च्वॉइस, एचटी स्टार अवॉर्ड्स समेत एक दर्जन से ज्यादा पुरस्कार जीते हैं।
विशेषज्ञता
देश-विदेश की राजनीति पर गहरी पकड़
यूपी-बिहार समेत सभी राज्यों की खबरों को कवर करने का व्यापक अनुभव
विधानसभा चुनाव, लोकसभा चुनाव, संसद की कार्यवाही को लंबे समय से कवर किया
ब्रेकिंग न्यूज, वायरल न्यूज, एनालिसिस स्टोरीज, एशिया, मिडिल ईस्ट, पश्चिमी देशों की खबरों को कवर करने का एक दशक से ज्यादा का एक्सपीरियंस


